उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी नहीं रहे

| Published on:

     उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री बी. सी. खंडूरी का 19 मई, 2026 को देहरादून में 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन के साथ ही उत्तराखंड की राजनीति में एक युग का अंत हो गया। श्री खंडूरी ने अपनी ईमानदारी, अनुशासन और विकास के प्रति समर्पण के लिए व्यापक सम्मान प्राप्त किया।

1 अक्टूबर, 1934 को देहरादून में जन्मे श्री भुवन चंद्र खंडूरी ने अपने करियर की शुरुआत भारतीय सेना से की थी और राजनीति में आने से पहले वे मेजर जनरल के पद तक पहुंचे थे। उन्होंने लोकसभा में गढ़वाल निर्वाचन क्षेत्र का कई बार प्रतिनिधित्व किया और वाजपेयी सरकार में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वर्ष 2007 में विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के बाद श्री खंडूरी उत्तराखंड के पहले निर्वाचित भाजपा मुख्यमंत्री बने। बाद में उन्होंने 2011 से 2012 तक मुख्यमंत्री के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल भी पूरा किया।

विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और राष्ट्र तथा सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भाजपा के वरिष्ठ नेता, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी (सेवानिवृत्त) जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है।

उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा एवं सुशासन के उच्च आदर्शों के प्रति समर्पित किया। उत्तराखंड की विकास यात्रा में उनका योगदान तथा केंद्र सरकार में सड़क परिवहन मंत्री के रूप में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकसंतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन को राज्य और राष्ट्रीय, दोनों ही राजनीति के लिए एक ‘अपूरणीय क्षति’ बताया।