न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आमंत्रण पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री श्री क्रिस्टोफर लक्सन ने 16 से 20 मार्च 2025 तक भारत की आधिकारिक यात्रा की। प्रधानमंत्री के तौर पर श्री लक्सन की भारत की यह पहली यात्रा थी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री श्री लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। प्रधानमंत्री श्री मोदी 17 मार्च, 2025 को नई दिल्ली में 10वें रायसीना डायलॉग का उद्घाटन किया, जिसमें श्री लक्सन मुख्य अतिथि के तौर पर उद्घाटन भाषण दिया। प्रधानमंत्री श्री लक्सन ने राजघाट पर महात्मा गांधी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने की साझा इच्छा दोहराई, जो दोनों देशों के लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों के आपसी संबंधों पर आधारित है। उन्होंने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, शिक्षा और अनुसंधान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कृषि-तकनीक, अंतरिक्ष, लोगों के आवागमन और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकट सहयोग पर सहमति व्यक्त की।
क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर बातचीत
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने परस्पर हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर बातचीत की और बहुपक्षीय सहयोग सुदृढ़ करने पर अपनी सहमति व्यक्त की। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने अंतरराष्ट्रीय अधिनियम, विशेषकर 1982 के संयुक्त राष्ट्र समुद्री अधिनियम सम्मेलन (यूएनसीएलओएस) के अनुरूप नौवहन और उड्डयन की स्वतंत्रता तथा समुद्र के अन्य वैध उपयोग के अधिकार की पुष्टि की।
व्यापार, निवेश और वित्तीय मामलों में सहयोग
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच निरंतर व्यापार और निवेश का स्वागत किया और द्विपक्षीय व्यापार के विस्तार की संभावनाओं का पता लगाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने दोनों देशों के व्यावसायियों को आपसी संबंध विकसित करने तथा दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के पूरक क्षेत्रों में सहयोग के लिए उभरते आर्थिक और निवेश अवसरों का पता लगाने को प्रोत्साहित किया।
राजनीतिक, रक्षा और सुरक्षा सहयोग
भारत और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्रियों ने संसदीय सम्पर्क के महत्व को रेखांकित करते हुए संसदीय प्रतिनिधिमंडलों की परस्पर नियमित यात्रा पर सहमति व्यक्त की। भारत और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्रियों ने संयुक्त सैन्य अभ्यास, सैन्य स्टाफ कॉलेज आदान-प्रदान, नौसेना के जहाजों द्वारा एक-दूसरे के बंदरगाहों पर नियमित ठहराव और उच्च-स्तरीय रक्षा प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान सहित रक्षा सम्पर्क में निरंतर प्रगति का स्वागत किया।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा आपदा प्रबंधन में सहयोग
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने द्विपक्षीय साझेदारी के महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में अनुसंधान, वैज्ञानिक संबंधों, प्रौद्योगिकी साझेदारी और नवोन्मेष के महत्व को रेखांकित करते हुए परस्पर हित में ऐसे अवसरों की तलाश का आह्वान किया। प्रधानमंत्री श्री लक्सन ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन में भारत के नेतृत्व का स्वागत किया और न्यूजीलैंड के 2024 से इसके सदस्य के तौर पर मजबूत समर्थन दोहराया।
प्रमुख घोषणाएं
1. भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत शुरू हुई
2. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पेशेवरों और कुशल श्रमिकों की गतिशीलता को सुविधाजनक बनाने वाली व्यवस्था पर बातचीत की शुरुआत हुई
3. न्यूजीलैंड हिंद-प्रशांत ओशंस पहल में शामिल हुआ
4. न्यूजीलैंड आपदा-रोधी अवसंरचना गठबंधन का सदस्य बना
भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए 6 समझौते
भारत के रक्षा मंत्रालय और न्यूजीलैंड के रक्षा मंत्रालय के बीच रक्षा सहयोग पर समझौता ज्ञापन
भारत के केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड तथा न्यूजीलैंड सीमा शुल्क सेवा के बीच अधिकृत आर्थिक ऑपरेटर – पारस्परिक मान्यता समझौता
भारत के कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय और न्यूजीलैंड के प्राथमिक उद्योग मंत्रालय के बीच बागवानी पर सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन
भारत के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और न्यूजीलैंड के प्राथमिक उद्योग मंत्रालय के बीच वानिकी पर आशय पत्र
भारत के शिक्षा मंत्रालय और न्यूजीलैंड के शिक्षा मंत्रालय के बीच शिक्षा सहयोग समझौता
भारत के युवा मामले और खेल मंत्रालय तथा न्यूजीलैंड के खेल मंत्रालय के बीच खेलों में सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन

