‘केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है’

| Published on:

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड प्रवास

     भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने 6 जून, 2026 को अपने झारखंड प्रवास के पहले दिन रांची में आयोजित ‘बुद्धिजीवी बैठक’ को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों के कल्याण, कृषि सुधार और उनकी आय बढ़ाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। श्री नवीन ने कहा कि ऑर्गेनिक खेती, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और मुद्रा योजना जैसी पहलें देश के गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, नक्सलवाद उन्मूलन, रेलवे और बुनियादी ढांचे के विकास, महिला सशक्तीकरण तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया

मुख्य बिंदु
भारतीय जनता पार्टी झारखंड के सर्वांगीण, सतत और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा राज्य की प्रगति, जनकल्याण और समृद्धि सुनिश्चित करने हेतु निरंतर कार्य कर रही है
मोदी सरकार ने अपने राजनीतिक संकल्पों के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रीय विरासत को भी सुदृढ़ करने का कार्य किया है
कुछ लोग युवाओं को नेगेटिव पॉलिटिक्स की ओर ले जाना चाहते हैं, लेकिन भारत का युवा केवल पॉजिटिव पॉलिटिक्स करेगा और देश को आगे लेकर जाएगा

और युवाओं से सकारात्मक राजनीति, नवाचार और विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान झारखंड भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री दीपक साहू और झारखंड के नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री श्री संजय सेठ एवं श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुंडा, श्री मधु कोड़ा और श्री रघुवर दास सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।

श्री नवीन ने कहा कि इस देश में और इस देश की मिट्टी में यदि किसी का सबसे बड़ा योगदान है, तो वह हमारे किसान भाइयों का है। किसान खुश है, अन्नदाता खुश है, तो निश्चित रूप से घर में संपत्ति भी है और सन्मति भी है। पिछले लंबे समय में कृषि विभाग को केवल कृषि विभाग नहीं रहने दिया गया, बल्कि उसे ‘कृषि एवं किसान कल्याण विभाग’ बनाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आगे बढ़ाया। प्राकृतिक कृषि और ऑर्गेनिक एग्रीकल्चर को हमारी सरकार लगातार बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश को निराशा के माहौल से निकालकर आशा और विश्वास के वातावरण में लाने का कार्य किया है। 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत से जोड़ा गया है। 54 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले जा चुके हैं। 2 लाख से अधिक स्टार्टअप्स कार्यरत हैं। 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने में सफलता प्राप्त हुई है। 10 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवार स्वयं सहायता समूहों से जुड़े हुए हैं। यद्यपि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का पूर्ण लाभ अभी प्राप्त नहीं हुआ है, फिर भी सरकार का संकल्प स्पष्ट है कि देश की आधी आबादी को उसका पूरा सम्मान और अधिकार मिले। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का जो संकल्प लिया गया है, उसे आने वाले समय में अवश्य पूरा किया जाएगा। 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है। 4 करोड़ गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। 10 करोड़ उज्ज्वला गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। 75 लाख लोगों को रेहड़ी-पटरी योजना से जोड़ा गया है। आज भारत विश्व में सबसे अधिक डिजिटल लेन-देन करने वाला देश बन चुका है। एक वर्ष में 314 लाख करोड़ रुपये का डिजिटल ट्रांसफर किया गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और जनसंघ के काल से जिन संकल्पों को लेकर कार्य किया गया, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया गया है। लंबे समय तक लोगों द्वारा यह प्रश्न पूछा जाता था कि राम मंदिर कब बनेगा। अंततः वह समय भी आया जब तिथि निर्धारित हुई और अयोध्या में 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि सनातन परंपराओं और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। श्री नवीन ने कहा कि आज हम सभी को अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों का झारखंड बनाना है।