अटलजी जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा केंद्रीय कार्यालय में भव्य दीपोत्सव आयोजित

| Published on:

     पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती की पूर्व संध्या पर 24 दिसंबर, 2025 को भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में भव्य दीपोत्सव मनाया गया और उनके कृतित्व को याद किया गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा और पूर्व उपराष्ट्रपति एवं अटल स्मृति न्यास के अध्यक्ष श्री वेंकैया नायडू ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्वलित कर इस भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता की और अजातशत्रु श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया। श्री नड्डा ने कहा कि श्रद्धेय अटलजी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को नई दिशा दी। उनका मूल्यों व आदशों पर आधारित जीवन हम करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए एक अनमोल धरोहर है। राष्ट्र के लिए उनका अनन्य समर्पण, गरीब कल्याण के सतत प्रयास व अद्वितीय संगठन कौशल सदैव हमारी प्रेरणा है।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्री अरुण सिंह, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री श्री महेंद्र कुमार और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं भाजपा केंद्रीय कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

विदित हो कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती की पूर्व संध्या पर देश भर में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष को देश भर में अटल स्मृति वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है जिसमें पूरे एक वर्ष तक कवि सम्मेलन, संगोष्ठियां, विचार गोष्ठी और वैचारिक कार्यक्रम सहित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिनके माध्यम से श्रद्धेय अटलजी के जीवन, कृतित्व, विचारधारा और उनके जीवन एवं देश के विकास में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान भाजपा श्रद्धेय अटलजी के समकालीन विशिष्ट व्यक्तियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित भी करेगी।