भाजपा केंद्रीय कार्यालय में आभार कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 23 नवंबर, 2024 को भाजपा केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में आयोजित ‘महाराष्ट्र एवं झारखंड विधानसभा चुनाव एवं अन्य राज्यों में हुए उपचुनावों में भाजपा को अभूतपूर्व आशीर्वाद देने के लिए जनता का हृदय से आभार’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, नेतागण तथा भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन और स्वागत करते हुए कहा कहा कि आज महाराष्ट्र की जनता एवं विभिन्न राज्यों की जनता ने चुनावों में जो संदेश दिया है, उसने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के देशवासियों की सेवा के संकल्प और कार्य पर, फिर एक बार मुहर लगा दी है। मैं महाराष्ट्र, झारखंड और विभिन्न राज्यों के उपचुनाव में भाजपा की ओर से जनता के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
‘विकसित भारत’ की संकल्पना पर फिर से मुहर
श्री नड्डा ने कहा कि पहले हरियाणा और अब महाराष्ट्र विधानसभा और अन्य राज्यों के उपचुनाव में मिली जीत ये बताती है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकासवाद और गांव, गरीब, वंचित, दलित, महिला, युवा, किसान को मुख्यधारा में शामिल करने और ‘विकसित भारत’ की संकल्पना पर जनता ने फिर से मुहर लगा दी है। चुनाव परिणाम ने स्पष्ट कर दिया है कि समाज को बांटने और गुमराह करने की कोशिश करने वालों को मुंह की खानी पड़ी और देश ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकासवाद को सराहा है।
इंडी अलायंस को मिला करारा जवाब
श्री नड्डा ने कहा कि कुछ समय से इंडी अलायंस को यह भ्रम हो गया था कि वे लोगों को संविधान, जाति, धर्म और तुष्टीकरण के नाम पर बांटकर, सत्ता पर काबिज हो सकते हैं लेकिन हरियाणा के बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम ने इंडी अलायंस को करारा जवाब दिया है। महाराष्ट्र के जनादेश ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि 2019 में भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को जनादेश मिला था लेकिन उद्धव ठाकरे की सत्ता के प्रति मोह और अवसरवादिता के कारण धोखा देकर, उस जनादेश का अपमान किया। महाराष्ट्र के चुनावी नतीजों ने उद्धव ठाकरे को धता दिखाकर बता दिया कि महाराष्ट्र की जनता भाजपा, शिवसेना (शिंदे) और एनसीपी (अजित पवार) के साथ है। प्रधानमंत्री श्री नरेद्र मोदी ने लोकसभा चुनावों के बाद कांग्रेस पार्टी को लेकर कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी है, जो बेल की लता की तरह किसी दूसरे पर चिपक जाती है। यह खुद तो सूख जाती है, लेकिन जिससे लिपटती है, उसे भी सुखा देती है। इस बात को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी के नतीजों ने पूरी तरह प्रमाणित कर दिया है। कांग्रेस ने न केवल खुद को कमजोर किया, बल्कि अपने गठबंधन के सहयोगियों को भी नुकसान पहुंचाया।
उपचुनावों में भाजपा की शानदार जीत
श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजनीति में एक नया शब्द सामने आया है प्रो-इनकंबेंसी। यह शब्द, जो पिछले 70 वर्षों में कभी नहीं सुना गया, आज भाजपा की उपलब्धियों को परिभाषित करता है। गुजरात में तीन दशकों से कमल खिल रहा है, मध्यप्रदेश में दो दशकों से भाजपा का वर्चस्व है और असम, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, तथा गोवा में पिछले दो कार्यकाल से एनडीए की सरकारें सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं। इस बार महाराष्ट्र की जनता ने भी भाजपा पर भरोसा जताते हुए दोबारा कमल खिलाया है। उपचुनावों में भाजपा के पास जहां पहले सिर्फ 11 सीटें थीं, वहां अब 20 सीटों पर जीत दर्ज की गई है। एनडीए ने 8 सीटें जीती हैं, जिससे कुल आंकड़ा 28 तक पहुंच गया है। यह देश के मूड और जनता के विश्वास को दर्शाता है।
श्री नड्डा ने महाराष्ट्र, झारखंड और 13 राज्यों में हुए उपचुनाव के परिणामों के लिए जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री नड्डा ने कहा कि झारखंड में भाजपा को विपक्ष में रहने का जनादेश मिला है। हम झारखंड में विपक्ष में रहते हुए अपनी रचनात्मक भूमिका को निभाएंगे और देश को मजबूत करते हुए बांग्लादेशी घुसपैठियों के विरुद्ध चल रहे अभियान को आगे बढ़ाएंगे। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने बहुत परिश्रम किया है और आज उनकी मेहनत रंग लाई है। मैं सभी कार्यकर्ताओं को दिल से धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करती रहेगी।

