पार्टी का विजन साकार करने हेतु कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

| Published on:

     भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 13 सितंबर, 2025 को बिहार प्रवास के दौरान कई संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लिया और प्रभात खबर हिंदी दैनिक के कॉन्क्लेव को संबोधित किया। उन्होंने बिहार प्रदेश कोर कमिटी की बैठक भी ली। साथ ही, छपरा में अखंड ज्योति अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय, पटना में संगठनात्मक बैठकें भी की।

श्री नड्डा ने सबसे पहले पटना में प्रभात खबर दैनिक समाचार पत्र के कॉनक्लेव को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में बिहार के विकास में एनडीए के योगदान को रेखांकित किया और राज्य की ऐतिहासिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने बिहार के उस दौर को याद दिलाया जब राज्य में भय, अपहरण और फिरौती का माहौल था और इसकी तुलना आज के विकासशील बिहार से की। एक समय था जब बिहार से इंजीनियर, प्रोफेशनल और कारोबारी घर लौटने से डरते थे। अपहरण का ऐसा वातावरण था कि फिरौती की दरें तक तय रहती थीं। विश्वविद्यालयों में

बिहार को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो विकास को महत्व दें, न कि उसे रोकने का प्रयास करें और ऐसा केवल और केवल भाजपा-एनडीए सरकार ही कर सकती है

छात्रों को समय पर परीक्षा न दे पाने की शर्मिंदगी झेलनी पड़ती थी। उन्होंने उस समय के मुख्यमंत्री के बयान को याद दिलाया, जिसमें कहा गया था–“अगर सड़क बन जाएगी तो पुलिस जल्दी पहुंच जाएगी, इसलिए सड़क नहीं बननी चाहिए।” राजद और इंडी ठगबंधन के पास न तो स्पष्ट विज़न है और न ही मिशन। राजद सरकार की मानसिकता विकास विरोधी शासन का प्रतीक थी। इतने लंबे अंधकारमय शासन के बाद भी राजद नेतृत्व ने जनता से कभी माफी नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि जिसे अपनी गलती का अहसास ही नहीं है, वह बिहार का भविष्य कैसे संवार सकता है? बिहार की जनता जानती है कि किसने केवल पलायन और अराजकता को महिमामंडित किया और किसने सड़क, अस्पताल, रेलवे और रोजगार दिया। बिहार को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो विकास को महत्व दें, न कि उसे रोकने का प्रयास करें और ऐसा केवल और केवल भाजपा-एनडीए सरकार ही कर सकती है।

श्री नड्डा ने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव जी को दो बार सरकार चलाने का अवसर मिला, लेकिन उनकी कार्यशैली में तालमेल की कमी साफ दिखी। खासकर स्वास्थ्य जैसे अहम विभाग में योजनाएं ठप पड़ी रहीं और आम लोगों को फायदा नहीं मिल पाया। राजद नेतृत्व की कार्यशैली यह साबित करती है कि उनमें न तो दृष्टि है और न ही शासन चलाने की क्षमता। उन्होंने कहा कि बीते 20 वर्षों में बिहार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में विकास की नई राह पकड़ी है।

श्री नड्डा ने रेलवे, एयरपोर्ट और स्वास्थ्य में नई उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि रेलवे में अब तक 144 वंदे भारत ट्रेनें शुरू हो चुकी हैं, जिनमें 20 ट्रेनें बिहार से जुड़ी हुई हैं। राज्य में 98 आधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। पटना एयरपोर्ट पर 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बड़ा प्रोजेक्ट चल रहा है, जो बिहार की हवाई कनेक्टिविटी को नया आयाम देगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दरभंगा को दूसरा एम्स दिया है। 1,264 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह 750 बेड का अस्पताल न सिर्फ उत्तर और दक्षिण बिहार, बल्कि नेपाल तक के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा।

श्री नड्डा ने पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में बिहार भाजपा की कोर कमिटी के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समर्पित और सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया, ताकि पार्टी का विज़न और मिशन हर स्तर पर साकार हो सके।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने छपरा में अखंड ज्योति नेत्र अस्पताल का दौरा किया। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे भी उपस्थित थे।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीतियों, संगठनात्मक मजबूती और प्रदेश में पार्टी के विकासात्मक अभियानों पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री नड्डा ने स्पष्ट किया कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं है, बल्कि राज्य के प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।