पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती (25 सितंबर) पर कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने 25 सितंबर, 2025 को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्री नड्डा और श्री शाह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पार्टी द्वारा चलाये जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत पार्टी मुख्यालय के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में ‘सिंदूर’ का पौधारोपण कर प्रकृति के संरक्षण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री नड्डा ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ अभियान के तहत श्रमदान भी किया। ज्ञात हो कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश भर में हर्षोल्लास से सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसमें सेवा, संस्कृति, पर्यावरण संबंधी अलग-अलग कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में पार्टी के कई राष्ट्रीय महामंत्री, केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

श्री नड्डा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और भारतीय संस्कृति के उत्थान हेतु समर्पित रहा। ‘अंत्योदय’ का उनका चिंतन हमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करने की सदैव प्रेरणा देता रहेगा। सोशल मीडिया प्लेटफोर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि मां भारती के वरद पुत्र, महान राष्ट्रवादी विचारक एवं भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को उनकी जन्म जयंती पर कोटिश: नमन करता हूं।
सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत शुचिता एवं गरिमा के उच्चतम आदर्श रहे श्रद्धेय दीनदयालजी ने भारतीय संस्कृति की नींव पर सशक्त, समृद्ध और सामर्थ्यशाली भारत के निर्माण के लिए ‘एकात्म मानववाद’ का महान दर्शन प्रस्तुत किया। अंत्योदय की उनकी अवधारणा ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ निर्माण के संकल्प की सिद्धि में अत्यंत महत्वपूर्ण है। राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के उनके महान विचार और कार्य करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का विचार देकर जिस मजबूत और आत्मगौरव से भरे राष्ट्र की संकल्पना की थी, वह आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक व ‘एकात्म मानववाद’ के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का उनकी जयंती पर वंदन करता हूं। पंडित दीनदयालजी ने एकात्म मानव दर्शन के माध्यम से व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को एक समग्र इकाई मानकर आर्थिक प्रगति के साथ नैतिक व सांस्कृतिक उत्थान पर भी बल दिया। जनसंघ के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला राजनीतिक विकल्प दिया। दीनदयालजी के ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ व ‘अन्त्योदय’ के सिद्धांत हर एक राष्ट्रप्रेमी के लिए प्रेरणीय हैं।
इससे पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर प्रधानमंत्रीजी के आह्वान पर आज नई दिल्ली में ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ अभियान में प्रतिभाग किया और श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, स्वच्छता का प्रत्येक कार्य स्वच्छ भारत के प्रति हमारे साझा कर्तव्य के प्रति एक श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा, “मैं प्रत्येक नागरिक से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और सभी के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत बनाने में योगदान देने का आग्रह करता हूं।”

