भाजपा सरकार में विकास जन-जन तक पहुंचा : अमित शाह

| Published on:

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने मथुरा, ग्रेटर नोएडा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अतरौली, सहसवान, अनूपशहर, डिबाई, लोनी, गोरखपुर, बागपत और अमरोहा सहित अनेक क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित कर मतदाताओं से उत्तर प्रदेश में विकास की गति को और तेज करने, कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने और गरीब कल्याण की धारा बहाए रखने के लिए एक बार पुनः प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की योगी आदित्यनाथ सरकार बनाने की अपील की

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने 27 जनवरी, 2022 को उत्तर प्रदेश के मथुरा और ग्रेटर नोएडा में प्रभावी मतदाता संवाद किया। श्री शाह ने कहा कि सपा-बसपा के कालखंड ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर के रख दिया था। एक पार्टी आती थी तो एक जाति का विकास होता था, दूसरी पार्टी आती थी तो दूसरी जाति का विकास होता था। कभी भी उत्तर प्रदेश के सम्पूर्ण विकास का नक्शा किसी ने भी नहीं खींचा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार आने के बाद योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की राजनीति शुरू हुई और विकास जन-जन तक घर-घर तक पहुंचा।

मुजफ्फरनगर और सहारनपुर

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने 29 जनवरी, 2022 को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद को संबोधित किया। श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर क्षेत्र, हर समाज के पूर्वजों का सम्मान करती है। सपा-बसपा सरकार में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर कुछ भी नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने अलीगढ़ में उनके नाम पर एक विश्वविद्यालय का निर्माण किया है। छपरौली-टांडा मार्ग को चौधरी चरण सिंह मार्ग, छपरौली-बरनावा मार्ग को महेंद्र सिंह टिकैत मार्ग और जोहड़ी बिजली घर से बिजवाड़ा रास्ते को शूटर दादी चन्द्रों के नाम पर नामकरण की स्वीकृति दी गई है। हरियाणा में बड़े किसान नेता सर छोटू रामजी की प्रतिमा स्थापित की गई है।

अतरौली और सहसवान

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने 2 फरवरी, 2022 को उत्तर प्रदेश के अतरौली (अलीगढ़) और सहसवान (बदायूं) में उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के तहत जनसभा को संबोधित किया। श्री शाह ने कहा कि बाबू कल्याण सिंह के बताये रास्ते पर चलते हुए उत्तर प्रदेश में 2014, 2017 और 2019 में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय मिली। ये बाबू कल्याण सिंहजी थे जिन्होंने सबसे पहले समाज का विभाजन किये बगैर पिछड़े समाज के अधिकार की बात की, पिछड़ा समाज को अधिकार दिया और उनका सम्मान बढ़ाया। ये बाबू कल्याण सिंहजी थे जिन्होंने श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री पद से भी हंसते-हंसते त्यागपत्र दे दिया।

अनूपशहर, डिबाई और लोनी

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने 3 फरवरी, 2022 को उत्तर प्रदेश के अनूपशहर, डिबाई और लोनी में जनसभाओं को संबोधित किया। सपा-बसपा पर बरसते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली योगी आदित्यनाथ सरकार में रिकॉर्ड मात्रा में धान और गेहूं की एमएसपी पर खरीद हो रही है। देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों को हर साल किसान सम्मान निधि के तहत श्री नरेन्द्र मोदी सरकार की ओर से 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। उत्तर प्रदेश में भी लगभग ढाई करोड़ किसानों को इसका फायदा हो रहा है। गन्ना किसानों को सर्वाधिक भुगतान डबल इंजन की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिया है।

बागपत और अमरोहा

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने 6 फरवरी, 2022 उत्तर प्रदेश के बागपत और अमरोहा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। श्री शाह ने कहा कि सपा-बसपा के 15 साल के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश देश की सातवें स्थान की अर्थव्यवस्था थी, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और योगी आदित्यनाथ की योजनाओं से आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनी है।