कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने 23 सितंबर को जुलाई, 2025 के लिए अनंतिम पेरोल डेटा जारी किया, जिसमें 21.04 लाख सदस्यों की कुल वृद्धि दर्ज की गई है। ईपीएफओ ने जुलाई, 2025 में लगभग 9.79 लाख नए सदस्यों को नामांकित किया। नए सदस्यों की संख्या में यह वृद्धि रोजगार के बढ़ते अवसरों, कर्मचारी लाभों के बारे में बढ़ती जागरूकता और ईपीएफओ के सफल पहुंच कार्यक्रमों के कारण है।
आंकड़ों का एक उल्लेखनीय पहलू यह भी है कि इसमें 18-25 आयु वर्ग समूह के सदस्यों का प्रभुत्व है। ईपीएफओ ने 18-25 आयु वर्ग में 5.98 लाख नए सदस्य जोड़े हैं और यह जुलाई, 2025 में जुड़े कुल नए सदस्यों का 61.06 प्रतिशत है।
जुलाई, 2025 में लगभग 2.80 लाख नई महिला सदस्य ईपीएफओ में शामिल हुईं। महिला सदस्यों में वृद्धि अधिक समावेशी और विविध कार्यबल की ओर व्यापक बदलाव का संकेत है।

