वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य श्री गोपाल व्यास का 07 नवंबर, 2024 को निधन हो गया। श्री गोपाल व्यास एक ऐसा नाम है जो छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि देश के कोने-कोने से जुड़ा है।
श्री गोपाल व्यास का जन्म 15 फरवरी, 1932 को श्री पूनमचंद व्यास एवं श्रीमती जेठाभाई व्यास के घर हुआ था। श्री व्यास में बचपन से ही राष्ट्र के प्रति अगाध समर्पण की भावना थी और वह सदैव लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। उनके शुभचिंतक उन्हें प्यार से ‘शीरू भैया’ कहकर बुलाते थे। उनकी शिक्षा जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में हुई थी।
कुछ समय से श्री गोपाल व्यास अस्वस्थ थे और 07 नवंबर को उनका निधन हो गया।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया तथा विश्व हिंदू परिषद् और भाजपा के साथ कार्य किया। उन्होंने राज्यसभा में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। श्री गोपाल व्यास 3 अप्रैल, 2006 से 2 अप्रैल, 2012 तक राज्यसभा संसद सदस्य रहे।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्रीगोपाल व्यास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

