पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. देबेंद्र प्रधान का 17 मार्च, 2025 को नई दिल्ली में निधन हो गया। डॉ. प्रधान 84 वर्ष के थे। 16 जुलाई, 1941 को जन्मे डॉ. प्रधान ने 1966 में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी। उन्होंने अपना करियर एक मेडिकल ऑफिसर के तौर पर शुरू किया था, लेकिन सामाजिक सेवा के लिए उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी से त्यागपत्र दे दिया। ओडिशा में भाजपा संगठन को स्थापित करने में डॉ. प्रधान की प्रमुख भूमिका रही, वह 1983 में भाजपा से जुड़े।
डॉ. प्रधान ने 1984 में चुनावी राजनीति में प्रवेश किया। वह 1988 से 1993 तक लगातार दो बार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चुने गए। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनका तीसरा कार्यकाल 1995 से 1997 तक रहा।
डॉ. प्रधान 1998 में देवगढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गए। उसी वर्ष वह श्री अटल बिहारी वाजपेयी की कैबिनेट में भूतल परिवहन मंत्री बने। उन्होंने 1999 में फिर से देवगढ़ से चुनाव जीता और वाजपेयी सरकार में केंद्रीय भूतल परिवहन और कृषि मंत्री बने। डॉ. प्रधान 2001-02 तक भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली में उनके पुत्र एवं केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर जाकर डॉ. प्रधान के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा के मुख्यमंत्रियों, पार्टी नेताओं, विपक्ष के नेता और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री नवीन पटनायक एवं हजारों कार्यकर्ताओं ने भी नई दिल्ली तथा भुवनेश्वर में डॉ. प्रधान के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी। 18 मार्च, 2025 को पूरे राजकीय सम्मान के साथ स्वर्गद्वार (पुरी), ओडिशा में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
एक मेहनती और विनम्र नेता: नरेन्द्र मोदी
डॉ. देबेंद्र प्रधान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा, “डॉ. देबेंद्र प्रधान जी ने एक मेहनती और विनम्र नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने ओडिशा में भाजपा को मजबूत करने के लिए विभिन्न प्रयास किए। सांसद और मंत्री के रूप में उनका योगदान गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सशक्तीकरण पर जोर देने के लिए भी उल्लेखनीय है। उनके निधन से दु:खी हूं। मैं उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने गया और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।”
सामाजिक सेवा में उनका योगदान अविस्मरणीय है: जगत प्रकाश नड्डा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने डॉ. प्रधान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के पूज्य पिताजी व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वं डॉ. देवेंद्र प्रधान जी के पार्थिव शरीर को आज नई दिल्ली में श्रद्धांजलि अर्पित की। ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी को सशक्त करने के साथ ही जनसेवा के क्षेत्र में किया गया उनका योगदान अविस्मरणीय है। शोकाकुल परिवार के प्रति गहन संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें।

