मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से किया गया सम्मानित

| Published on:

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आठ अक्टूबर, 2024 को नई दिल्ली में भाजपा नेता और महान कलाकार श्री मिथुन चक्रवर्ती को वर्ष 2022 के लिए दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय सूचना और प्रसारण, रेलवे तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय सिनेमा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के सम्मान में 30 सितंबर को इस पुरस्कार की घोषणा की। केन्द्रीय मंत्री ने फिल्म उद्योग के सबसे लोकप्रिय एवं प्रतिष्ठित हस्तियों में से एक इस अभिनेता को सम्मानित करते हुए बेहद खुशी और गर्व व्यक्त किया, जो अपने बहुमुखी अभिनय और करिश्माई स्क्रीन उपस्थिति के लिए जाने जाते हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्री मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। अभिनेता की प्रशंसा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि मिथुन दा एक सांस्कृतिक प्रतिभा के प्रतीक हैं और उन्‍हें अपने बहुमुखी अभिनय के लिए पीढ़ियों से सराहा जाता रहा है।

केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के संदेश पर प्रतिक्रिया व्‍यक्‍त करते हुए प्रधानमंत्री ने अपनी एक पोस्‍ट में लिखा, “मुझे प्रसन्‍नता है कि श्री मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान को मान्यता देते हुए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वह एक सांस्कृतिक प्रतिभा के प्रतीक हैं, जिन्हें उनके बहुमुखी अभिनय के लिए पीढ़ियों से सराहा जाता रहा है। उन्हें बधाई और शुभकामनाएं।”