राष्ट्र की श्रम शक्ति के प्रति ‘सेवा’ और ‘सम्मान’ हमारी शासन व्यवस्था का मूल आधार: डॉ. मनसुख मांडविया

| Published on:

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज तेलंगाना के सनतनगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल के नए ओपीडी ब्लॉक का उद्घाटन किया। 211.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस नई चिकित्सा सुविधा से तेलंगाना में 12.3 लाख से अधिक बीमा प्राप्त व्यक्तियों और लाभार्थी को सेवाएं मिलेंगी।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002EXAJ.jpg

डॉ. मांडविया ने अपने संबोधन में कहा कि श्रम शक्ति और युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण के दो प्रमुख स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता अहम हैं, लेकिन श्रम शक्ति की देश की प्रगति में मुख्य भूमिका है। उन्होंने श्रमिकों के सम्मान, गरिमा और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य में उनका प्रभावी योगदान हो। डॉ. मनसुख मांडविया ने रेखांकित किया कि मोदी सरकार के शासन में राष्ट्र की श्रम शक्ति के प्रति सेवा और सम्मान हमेशा सर्वोपरि रहेगा।

डॉ. मांडविया ने सामाजिक सुरक्षा सुदृढ़ बनाने के सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम-ईएसआईसी लाभार्थियों की संख्या एक दशक पहले के लगभग 7.5 करोड़ से बढ़कर अभी 15 करोड़ से अधिक हो गई है। अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन के अनुमानों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि भारत में सामाजिक सुरक्षा दायरा 2014 में 19 प्रतिशत से बढ़कर आज 64 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है, जिससे 94 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं। डॉ. मांडविया ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आरंभ की गई विभिन्न कल्याणकारी पहल का उल्लेख किया, जिनमें 80 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के लिए निशुल्क अनाज वितरण और पात्र परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक पक्के मकानों का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय कार्यबल की जीवन सुगमता बढ़ी है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0033CQN.jpg

केंद्रीय मंत्री ने श्रम सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि चार श्रम संहिताओं ने 29 मौजूदा श्रम कानूनों का स्थान ले लिया है, जिससे सरल और श्रमिक-केंद्रित श्रम ढांचा तैयार हुआ है। उन्होंने अनिवार्य नियुक्ति पत्र, 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए वार्षिक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, पुरुषों और महिलाओं के लिए समान वेतन और एक वर्ष की सेवा के बाद ग्रेच्युटी पात्रता जैसे प्रावधानों की चर्चा की। डॉ. मांडविया ने सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों के महत्व पर जोर देते हुए, नियोक्ताओं और कर्मचारियों से विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया। ईएसआईसी अस्पताल ओपीडी ब्लॉक के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कामगारों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी और विश्वास व्यक्त किया कि इससे श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने तेलंगाना के सनतनगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक के विकास में योगदान देने वाले निर्माण श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया। उन्होंने ईएसआई लाभार्थियों को नकद राशि भी वितरित की, जो श्रमिकों के कल्याण के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सनतनगर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, अस्पताल में नया ओपीडी ब्लॉक अहम स्वास्थ्य सुविधा है जो हैदराबाद, मेडचल-मल्काजगिरि, संगारेड्डी, रंगा रेड्डी और महबूबनगर जिले सहित समूचे तेलंगाना के 12,30,183 बीमित व्यक्तियों और लाभार्थियों को आधुनिक, व्यापक बाह्य रोगी सेवाएं प्रदान करेगा। मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल होने के नाते, यह राज्य भर के बीमित व्यक्तियों की चिकित्सा आवश्यकताएं पूरी करेगा। 43,611.04 वर्ग मीटर के निर्मित क्षेत्र में व्याप्त इस अस्पताल में जनरल मेडिसिन, ईएनटी, डेंटिस्ट्री, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, ऑप्थैल्मोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, साइकियाट्री, डर्मेटोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, जनरल सर्जरी और आयुष के लिए ओपीडी कॉम्प्लेक्स हैं। इसके अलावा वहां फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन, रेडियोलॉजी, योगा, तीन 60 बिस्तरों वाले वार्ड सहित 180 जनरल बेड, 25 आईसीयू और 20 एनआईसीयू बेड, आईसीयू/एनआईसीयू इकाई, मेडिकल स्टोर और एक क्लिनिकल लेक्चर थिएटर मौजूद है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image00467OA.jpg

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा ईएसआईसी अस्पताल के नए ओपीडी ब्लॉक का उद्घाटन भारत के कार्यबल हेतु स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना के विस्तार और सामाजिक सुरक्षा मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह कामगारों को राष्ट्रीय प्रगति के केंद्र में रखते हुए उनकी गरिमा, स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति सरकार के श्रममेव जयते के दृष्टिकोण को मूर्त रूप देता है।