भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक इतिहास में एक महत्वपूर्ण निर्णय के परिणामस्वरूप श्री नितिन नबीन ने 15 दिसंबर, 2025 को नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में औपचारिक रूप से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। एक दिन पूर्व 14 दिसंबर, 2025 को भाजपा संसदीय बोर्ड ने बिहार कैबिनेट में मंत्री और पार्टी के युवा नेता को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पद पर नियुक्त किया था। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा तथा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता उपिस्थत रहे। इस आयोजन में केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी और हजारों उत्साहित कार्यकर्ता भी उपस्थित थे, जो नए नेतृत्व के प्रति संगठन के सामूहिक विश्वास और मजबूत समर्थन को दर्शाता है।
श्री नबीन पटना से भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह और आशा से भरे माहौल में उनका भव्य स्वागत किया। नई दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने भाजपा मुख्यालय में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
45 वर्षीय श्री नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं। वह बिहार एवं पूर्वी भारत से पार्टी के पहले कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। अपने मजबूत जमीनी जुड़ाव, प्रशासनिक समझ और अटूट वैचारिक प्रतिबद्धता के लिए जाने जाने वाले श्री नितिन नबीन का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना, एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि समर्पण, अनुशासन और सक्रियता भाजपा नेतृत्व के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं। पार्टी संगठन और जमीनी स्तर पर काम की उनकी गहरी समझ, नेतृत्व के साथ उनका समन्वय और मुश्किल राजनीतिक चुनौतियों को पूरा करने की उनकी क्षमता भी इस फैसले में अहम कारक रहे। श्री नबीन का पदभार संभालना मज़बूत नेतृत्व को प्रोत्साहित करना और ज़मीनी स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक नेताओं को तैयार करने में पार्टी के विश्वास का प्रतीक है।
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर अपनी नियुक्ति के बाद श्री नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं केंद्रीय नेतृत्व, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, रक्षा मंत्री, गृह मंत्री और केंद्रीय नेतृत्व के सभी सदस्यों का मुझे यह मौका देने के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मुझे प्रधानमंत्री का आशीर्वाद मिला है और मैं उनके दिए गए मार्गदर्शन और नेतृत्व को और आगे बढ़ाने की कोशिश करूंगा।”
श्री नबीन ने बिहार के लोगों और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को भी उनके लगातार समर्थन और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, “मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया है। उनके आशीर्वाद से ही यह सब हो रहा है।”
एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्री नबीन को बधाई दी और उन्हें एक युवा और मेहनती नेता बताया, जिनके पास संगठन का अच्छा अनुभव है और विधायक एवं मंत्री के रूप में उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है।
श्री नितिन नबीन का सफ़र— एक समर्पित कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक भूमिकाओं में से एक तक— सच में बहुत शानदार रहा है। बिहार में मंत्री के तौर पर उनका अनुभव, साथ ही अलग-अलग राज्यों में उनकी प्रभावी संगठनात्मक जिम्मेदारियों ने पार्टी को शासन और कार्यकर्ता निर्माण दोनों में मजबूत किया है। उनकी नियुक्ति एक अहम मोड़ पर हुई है, क्योंकि भाजपा पूरे देश में अपने संगठनात्मक विस्तार को बढ़ा रही है और साथ ही पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में आसन्न चुनावों की तैयारी कर रही है। अपनी सोच की स्पष्टता और व्यावहारिक नेतृत्व शैली के साथ श्री नबीन से उम्मीद है कि वे पूरे देश में संगठन को और ज़्यादा सक्रिय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
15 दिसंबर को पटना से रवाना होने से पहले श्री नबीन ने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताया, जिसमें संगठन को मज़बूत करने और पार्टी के अंदर नया नेतृत्व विकसित करने पर जोर दिया। “मेरी कोशिश पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने की होगी। मैं अपने पिता को श्रद्धांजलि देने आया हूं और महावीर मंदिर में दर्शन किए, जिससे हमें उर्जा मिलती है। यह मेरे पिता का आशीर्वाद ही है कि मैं पिछले 20 सालों में इस पद तक पहुंचा हूं। मैं उनके आशीर्वाद से ही आगे की यात्रा शुरू करुंगा,” श्री नबीन ने पटना में अपने स्वर्गीय पिता भाजपा के जाने-माने नेता श्री नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा को श्रद्धांजलि दी।
नितिन नबीन की ऊर्जा एवं समर्पण
पार्टी को मजबूती प्रदान करेगा: नरेन्द्र मोदी

“श्री नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही, जन-आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”
आपकी संगठनात्मक क्षमताएं भाजपा को
एक नई दिशा प्रदान करेंगी: जगत प्रकाश नड्डा

“ज्ञान और संस्कृति की पुण्यधरा बिहार के ओजस्वी भाजपा नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री श्री नितिन नबीन जी को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर उन्हें आत्मीय बधाई देता हूं।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं आपके नेतृत्व में संगठन राष्ट्र व जनसेवा की भावनाओं के साथ नये आयाम स्थापित करेगा। आपके यशस्वी एवं सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।”
उन्हें एक सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं: राजनाथ सिंह

“बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता श्री नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे। उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं।”
श्री नितिन नबीन को हार्दिक बधाई: अमित शाह

“माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी एवं भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं द्वारा श्री नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हो, या बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष या छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, उन्होंने संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है। बिहार में 5 बार विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में उनके पास जनता के बीच लम्बे समय से कार्य करने का अनुभव है। आज उनका राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना दिन-रात परिश्रम करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है। मैं उनके नबीन दायित्व और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
जीवन परिचय
बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री एवं पांच बार के विधायक श्री नितिन नबीन का जन्म 23 मई, 1980 को रांची, झारखंड में हुआ था। वह वरिष्ठ भाजपा नेता श्री नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता श्री नबीन अभी नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार कैबिनेट में मंत्री हैं और पहले भी शहरी विकास, आवास और कानून जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का पद संभाल चुके हैं।

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री नबीन पांच बार बिहार विधानसभा के लिए चुने गए हैं। उन्होंने पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। शासन और संगठन दोनों में व्यापक अनुभव के साथ श्री नबीन की पदोन्नति भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व में बिहार एवं पूर्वी भारत के प्रतिनिधित्व को और मजबूत करती है।
अपने मंत्री और संगठनात्मक भूमिकाओं के अलावा श्री नबीन ने 2019 के विधानसभा चुनावों के दौरान सिक्किम में भाजपा के चुनाव प्रभारी और 2023 के विधानसभा चुनावों में छत्तीसगढ़ में पार्टी के प्रभारी के रूप में काम किया, जहां भाजपा ने कांग्रेस पर निर्णायक जीत हासिल की। उन्होंने दिल्ली में पार्टी के अभियान में भी सक्रिय भूमिका निभाई।

