शपथ ग्रहण समारोह, दिल्ली
छह कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली
अब दिल्ली में ‘डबल इंजन’ की सरकार है। यानी केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपानीत सरकार। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में
दिल्ली ‘विकसित भारत’ की ‘विकसित राजधानी’ बनेगी
यह टीम दिल्ली के लिए सुशासन
सुनिश्चित करेगी : नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीमती रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, “श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वे जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, प्रदेश संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री भी हैं। मुझे विश्वास है कि वे दिल्ली के विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी। उनके सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई देते हुए लिखा, “श्री प्रवेश साहिब सिंह जी, श्री आशीष सूद जी, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा जी, श्री रविंदर इंद्राज सिंह जी, श्री कपिल मिश्रा जी और श्री पंकज कुमार सिंह जी को दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई। इस टीम में उत्साह और अनुभव का शानदार मेल है और यह निश्चित रूप से दिल्ली के लिए सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें शुभकामनाएं।”
‘विकसित दिल्ली’ का हमारा संकल्प साकार होगा : जगत प्रकाश नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने श्रीमती रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी।
श्री नड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को मंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। दिल्ली के जनता-जनार्दन ने भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत प्रदान कर डबल इंजन सरकार को अपना समर्थन और आशीर्वाद प्रदान किया है।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार जनभावनाओं के अनुरूप दिल्ली का सर्वांगीण विकास कर जन-कल्याण के कार्यों को तेज गति प्रदान करेगी। ‘विकसित दिल्ली’ का हमारा संकल्प आपके नेतृत्व में साकार होगा।”
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में दिल्ली भाजपा विधायक दल की नेता श्रीमती रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी, 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। श्रीमती रेखा गुप्ता, जो शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से लगभग तीस हजार वोटों के अंतर से निर्वाचित हुईं और 19 फरवरी, 2025 को दिल्ली में हुई एक बैठक में सर्वसम्मति से प्रदेश भाजपा विधायक दल की नेता चुनी गईं, ने पहली बार राज्य की मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। श्रीमती गुप्ता दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री और यह पद संभालने वाली दूसरी भाजपा महिला नेता बनीं। वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री भी हैं।
श्रीमती रेखा गुप्ता के अलावा छह निर्वाचित विधायकों— श्री प्रवेश साहिब सिंह, श्री आशीष सूद, श्री मनजिंदर सिंह सिरसा, श्री रविंदर इंद्राज सिंह, श्री कपिल मिश्रा और श्री पंकज कुमार सिंह ने भी नए मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शपथ लिया।
यह भव्य कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर 1 बजे संपन्न हो गया। दिल्ली के उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना ने मुख्यमंत्री को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री को शपथ दिलाने के बाद उपराज्यपाल ने छह अन्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पहले महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने श्रीमती रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री और अन्य छह विधायकों को दिल्ली में मंत्री के रूप में नियुक्त किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना में कहा गया, “राष्ट्रपति, श्रीमती रेखा गुप्ता को शपथ ग्रहण की तिथि से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की मुख्यमंत्री नियुक्त करती हैं।”
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रिमंडल, भाजपा एवं एनडीए के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री, पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। नेताओं के साथ-साथ, इसमें विभिन्न पंथों के आध्यात्मिक नेताओं, विभिन्न नागरिक समूहों जैसे ऑटो चालक, स्वच्छता कार्यकर्ता, आरडब्ल्यूए सदस्य, ओबीसी श्रेणी से संबंधित विभिन्न समुदायों, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले और फुटपाथ विक्रेताओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी समर्थकों का ज्वार उमड़ पड़ा।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीमती रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। श्री मोदी ने कहा कि वे जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, प्रदेश संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री भी हैं। नवगठित सरकार को बधाई देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को मंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं।
यह नई टीम दिल्ली के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर
नहीं छोड़ेगी: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने श्रीमती रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं अन्य सभी मंत्रियों को शपथ लेने पर बधाई दी।
श्री सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “श्रीमती रेखा गुप्ता जी एवं उनकी मंत्रिस्तरीय टीम के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। दिल्ली में इतिहास रच गया है, क्योंकि 27 साल के अंतराल के बाद भाजपा सत्ता में आई है।
आज शपथ लेने वालों को बधाई। दिल्ली को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उनके प्रयास में उन्हें शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में यह नई टीम दिल्ली के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।”
भाजपा सरकार दिल्ली को दुनिया की
सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाएगी: अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने श्रीमती रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर उन्हें एवं अन्य सभी मंत्रियों को बधाई दी।
श्री शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “दिल्ली की जनता ने धोखे और वादाखिलाफी के राज को समाप्त कर सेवा और समर्पण की पर्याय भाजपा को चुना है।
आज नवगठित भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर श्रीमती रेखा गुप्ता जी तथा अन्य सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिल्ली के वंचितों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए ‘विकसित दिल्ली’ का जो विजन बनाया है, वह आप सभी के कुशल नेतृत्व में निश्चित साकार होगा। भाजपा सरकार दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और संपन्न बनाकर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाएगी।”

