भारतीय राजनीति के स्तंभ और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का 30 सितंबर, 2025 को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। प्रो. मल्होत्रा कई दिनों से एम्स में उम्र संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए भर्ती थे।
प्रो. मल्होत्रा का सार्वजनिक जीवन छह दशकों से भी अधिक रहा। वह भाजपा एवं पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ के एक प्रमुख नेता रहे।
वह दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधानसभा सदस्य रहे। उन्होंने भाजपा, दिल्ली प्रदेश के प्रथम अध्यक्ष सहित पार्टी के कई प्रमुख पदों पर अपने दायित्व का निर्वहन किया। 2008 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में वह भाजपा के प्रस्तावित मुख्यमंत्री उम्मीदवार थे।
1999 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को दक्षिण दिल्ली से हराकर एक उल्लेखनीय जीत हासिल की थी। उन्होंने चुनावी राजनीति से इतर शिक्षा एवं खेल के क्षेत्रों में भी योगदान दिया। वह भारतीय तीरंदाजी संघ एवं अखिल भारतीय खेल परिषद् सहित अन्य संस्थाओं से जुड़े रहे।
वह जीवन भर संगठनात्मक कौशल, अनुशासन, सादगी, पार्टी विचारधारा को लेकर प्रतिबद्ध रहे और सार्वजनिक सेवा के लिए उनके जीवन को सदैव याद रखा जाएगा।
प्रो. मल्होत्रा के निधन पर सभी ने गहरा दु:ख व्यक्त किया गया और दलगत राजनीति से उपर उठकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ रखने वाला एक ‘उत्कृष्ट नेता’ बताया और दिल्ली में भाजपा को मजबूत करने में उनकी भूमिका की सराहना की। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने लिखा—
“जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से गहरा दु:ख हुआ है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए भी वे सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने उनके निधन को पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया और उनकी सादगी, सत्यनिष्ठा एवं दृढ़ मार्गदर्शन को याद किया। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने जनसंघ के युग से लेकर अब तक संगठन को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने उनके निधन को एक अत्यंत दु:खद और अपूरणीय क्षति बताया और उनके जीवन को देशभक्ति, अनुशासन और संगठनात्मक कौशल का जीवंत उदाहरण बताया।
उनके पार्थिव शरीर को जनता के दर्शन के लिए दिल्ली भाजपा मुख्यालय में रखा गया, जहां हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रो. मल्होत्रा का अंतिम संस्कार 1 अक्टूबर, 2025 को लोधी रोड श्मशान घाट, नई दिल्ली में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम संस्कार समारोह में दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें सलामी दी गई, जो उनके प्रति सम्मान को दर्शाता है।
उनकी विद्वता, सिद्धांतनिष्ठ राजनीति, संगठनात्मक दृढ़ता और नैतिक आचरण राजनैतिक कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक रहा है।

