प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी जी के घर पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपप्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन (8 नवम्बर) पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री बी.एल. संतोष समेत भाजपा के कई नेता और प्रबुद्ध जन उनके निवास पर जाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने देश और पार्टी के विकास में उनके योगदान की सराहना की। श्री आडवाणी 8 नवम्बर को 94 वर्ष के हो गए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी हर साल श्री आडवाणी के जन्मदिन पर बधाई देने के लिए उनके घर जाते हैं। उन्होंने पुष्प गुच्छ सौंपकर श्री आडवाणी को बधाई दी और फिर उनका हाथ थामकर उन्हें घर के अंदर ले गए। सभी नेताओं ने एक साथ बैठकर कुछ देर बातचीत की।
इससे पहले श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि आदरणीय आडवाणी जी को जन्मदिन की बधाई। उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिये प्रार्थना। लोगों को शक्ति सम्पन्न बनाने और हमारे सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने में उनके विपुल प्रयासों के लिये राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। अपनी विद्वता और बुद्धिमत्ता के लिये भी व्यापक रूप से उनका सम्मान किया जाता है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने और देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। आडवाणी जी पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत हैं। मैं ईश्वर से आपकी दीर्घ आयु और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने श्री आडवाणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह भारत के उन सबसे सम्मानित नेताओं में गिने जाते हैं, जिनकी विद्वता, दूरदर्शिता, बौद्धिक क्षमता और राजनय का लोहा सभी मानते हैं। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखे एवं दीर्घायु करे।
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने एक ट्वीट में कहा कि अपने सतत संघर्ष से भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पंहुचाकर संगठन को अखिल भारतीय स्वरूप देने में अपना अहम योगदान देने वाले हम सभी के श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप सदैव स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों, ऐसी ईश्वर से कामना करता हूं।
श्री आडवाणी का जन्म 8 नवम्बर, 1927 को हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में देश के गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री रहे।
जीवेम शरदः शतम्!
जन्मदिन : 08 नवंबर
‘कमल संदेश’ परिवार भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामना देता है और उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु होने की कामना करता है।

