यह कांग्रेस सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट और कुप्रबंधित सरकारों में से एक है : जगत प्रकाश नड्डा

| Published on:

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का हिमाचल प्रदेश प्रवास

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 20 अप्रैल, 2025 को हिमाचल प्रदेश स्थित प्रदेश पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश की सुस्त सुक्खू सरकार पर जमकर हमला बोला। श्री नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार परफॉर्म नहीं कर पा रही है, मगर उसका दोष केंद्र सरकार पर मढ़ने का प्रयास कर रही है। मोदी सरकार हिमाचल प्रदेश के कई कल्याणकारी योजनाओं के पैसे आवंटित कर चुकी है, मगर कुम्भकर्णी नींद में सोई कांग्रेस सरकार उन योजनाओं के लिए जमीन तक आवंटित नहीं कर पाई है। हिमाचल

कांग्रेस खुद अपनी नालायकी के कारण सरकार चला नहीं पा रही और दोष केंद्र सरकार पर मढ़ रही है

प्रदेश की जनता इस सरकार से दु:खी है और आने वाले समय में वह अपना जवाब भी देगी। प्रेस वार्ता के दौरान हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री राजीव बिंदल, सांसद श्री राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सांसद श्री हर्ष महाजन सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

केंद्र सरकार का सहयोग

श्री नड्डा ने कहा कि वित्त वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश के सालभर के विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने 11,806 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया है। टैक्स रिवेन्यू शेयर के तहत हिमाचल को 10,681 करोड़ रुपए मिलना था, जिसमें से 8,915 करोड़ रुपए राज्य को 10 जनवरी, 2025 तक मिल चुका है और ग्रांट्स एंड एड में 13,285 करोड़ रुपए दिए गए हैं। कैपिटल इन्वेस्टमेंट, इंडस्ट्री डेवलपमेंट और भूमि रिकॉर्ड डिजिटलीकरण के लिए 1,050 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है। रेलवे बजट के तहत इस वर्ष 2,700 करोड़ रुपए हिमाचल के लिए आवंटित किए गए हैं। बिलासपुर के किसानों को आज तक कांग्रेस सरकार ने अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा नहीं दिया है और अब सरकार नई भूमि अधिग्रहण भी नहीं कर रही है, जबकि केंद्र सरकार की ओर से यह धनराशि राज्य को प्रदान की जा चुकी है। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए की गई है, जिससे हिमाचल प्रदेश के लगभग 10 लाख किसानों को लाभ हुआ है। इसी प्रकार 12 लाख रुपए तक की आय पर इनकम टैक्स छूट का फायदा प्रदेश के करीब 6.5 लाख लोगों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हिमाचल में अब तक 12,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा चुका है और 700 नए बस्तियों को जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा और भी अनेक कार्य हुए हैं, जिनकी सूची बहुत लंबी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भाजपा सरकार ने 38,000 पक्के मकान बनाकर दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश को ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट और ट्रिपल आईटी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दिया है। कोल डैम श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने दिया था और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज सेंट्रल यूनिवर्सिटी भी प्रदान की है। जब प्राकृतिक आपदा आई थी, तब भारत सरकार ने 1782 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की थी। 10 जुलाई को गृह मंत्रालय ने 180 करोड़ रुपए रिलीज़ किए। 14 जुलाई, 2023 को फिर से हिमाचल प्रदेश के लिए 180 करोड़ रुपए जारी किए गए। 1 अगस्त को 400 करोड़ रुपए जारी किए गए और 7 अगस्त को 189 करोड़ रुपए फिर से रिलीज किए गए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के लिए कुल 1,782 करोड़ रुपए जारी किए गए।

श्री नड्डा ने कहा कि अब प्रश्न यह उठता है कि राज्य सरकार ने उस पैसे का वितरण कैसे किया? क्या उसमें बंदरबांट हुई? हिमाचल प्रदेश की यह कांग्रेस सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट और कुप्रबंधित सरकारों में से एक है। यह सरकार अपनी नाकामी की जिम्मेदारी खुद नहीं लेती, बल्कि केंद्र पर आरोप लगाती है। केंद्र के पास ऐसा कौन-सा फंड है जो यहां की कांग्रेस सरकार को नहीं दिया गया? कांग्रेस खुद अपनी नालायकी के कारण सरकार चला नहीं पा रही और दोष केंद्र सरकार पर मढ़ रही है।

हिमाचल प्रदेश सरकार से जनता दु:खी

श्री नड्डा ने कहा हिमाचल की सुक्खू सरकार एक नॉन-परफॉर्मिंग गवर्नमेंट है। हिमाचल प्रदेश की जनता इस सरकार से दु:खी है और अपने निर्णय पर प्रायश्चित कर रही है। आने वाले समय में वह अपना जवाब भी देगी।