भारत के लोकतंत्र की जननी बिहार की धरती ने जनतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटा दी है।
बिहार ने फिर दिखाया है कि झूठ हारता है और जनविश्वास जीतता है
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 14 नवंबर, 2025 को बिहार में मिली ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र की जननी बिहार की धरती ने जनतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटा दी है। बिहार ने फिर दिखाया है कि झूठ हारता है और जनविश्वास जीतता है। देश हो या प्रदेश सभी जगह सच्चे सामाजिक न्याय के लिए वोट किए जा रहे हैं। अब तुष्टीकरण की जगह, संतुष्टीकरण ने ले ली है। लोग सिर्फ तेज विकास के साथ विकसित भारत बनाना चाहते हैं। श्री मोदी ने कहा कि बिहार में कुछ दलों ने तुष्टीकरण वाला MY यानी माय फार्मूला बनाया था। आज की इस जीत ने एक सकारात्मक नया MY फार्मूला दिया है। और ये है- महिला और यूथ। ये बिहार में जंगलराज देने वाली कट्टा सरकार को वापस नहीं आने देंगे।
श्री मोदी ने बिहार की जनता-जनार्दन का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह प्रचंड जीत एनडीए पर बिहार के लोगों का अटूट विश्वास है। हम एनडीए के लोग जनता के सेवक हैं। बिहार के लोगों ने विकसित और समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश एनडीए को दिया है। मैं बहुत विनम्रता से एनडीए के सभी दलों की ओर से बिहार की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं। आज की यह विजय हमें संकल्पित कर रही है कि बिहार के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।
उन्होंने महाविजय के लिए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार और पार्टी पदाधिकारियों के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि सभी ने लगातार मेहनत की। एनडीए के कार्यकर्ताओं ने भी बूथ लेवल पर तालमेल का अद्भुत प्रदर्शन किया है और एनडीए की झोली को एक शानदार विजय से भर दिया है। उन्होंने कहा कि यह वही बिहार है जहां पहले माओवादी आतंक हावी था। जहां पर नक्सल प्रभावित इलाकों में 3 बजे तक वोटिंग खत्म हो जाती थी। लेकिन इस बार के चुनाव में बिहार में बिना किसी डर के लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ एक उत्सव की तरह वोट दिया है। पहले बिहार में कोई चुनाव ऐसा नहीं रहता था, जहां री-पोल नहीं होता था। इस बार दो चरणों के चुनाव में कहीं पर भी री-पोल करने की नौबत नहीं आई। मैं जम्मू कश्मीर के नगरोटा और उड़ीसा में नुआपड़ा के उपचुनाव में मिली जीत के लिए वहां की जनता का भी आभार व्यक्त करता हूं। दोनों जगह की जनता ने भाजपा को जीत दिलाई है।
मतदाता सूची के शुद्धीकरण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्रीजी ने कहा कि बिहार के युवा साथियों ने मतदाता सूची शुद्धीकरण को जबरदस्त तरीके से सपोर्ट किया है। अब हर दल का यह दायित्व बनता है कि वे पोलिंग बूथ पर अपनी-अपनी पार्टियों को सक्रिय करें और मतदाता सूची शुद्धीकरण के काम में उत्साह के साथ जुड़े और शत-प्रतिशत योगदान दें, ताकि बाकी जगहों पर भी मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धीकरण हो सके। उन्होंने कहा कि नई सरकार के साथ, एनडीए अब बिहार में 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की तरफ आगे बढ़ रहा है। आज की यह जीत बिहार की उन माताओं, बहनों और बेटियों की भी है, जिन्होंने सालों तक आरजेडी के शासन में जंगलराज का आतंक झेला है। यह जीत बिहार के उन नौजवानों की है, जिनके भविष्य को कांग्रेस और लाल झंडे वालों के आतंक के कारण बर्बाद किया गया।
• बिहार ने कुछ दलों के पुराने ‘M-Y’ फॉर्मूले की जगह ‘महिला और यूथ’ के सकारात्मक और आकांक्षापूर्ण फॉर्मूले को अपनाया है
• यह शानदार जीत बिहार के नागरिकों के अटूट विश्वास को दर्शाती है, जिन्होंने अपने जनादेश से धूम मचा दी है
• कांग्रेस आज मुस्लिम लीगी-माओवादी कांग्रेस (MMC) बन गई है
• कांग्रेस अब एक बोझ बन गई है, एक राजनीतिक परजीवी; जो अपनी प्रासंगिकता वापस पाने के लिए अपने सहयोगियों के वोट बैंक का फायदा उठाती है
• बिहार ने झूठ को हराया है और सच को बरकरार रखा है
बिहार के गौरवशाली अतीत को बदनाम करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत के विकास में बिहार के लोगों की बहुत बड़ी भूमिका रही है। लेकिन जिन लोगों ने दशकों तक देश पर शासन किया, उन लोगों ने बिहार को बदनाम किया। उन्होंने बिहार की परंपरा और संस्कृति का अनादर किया। जब ये लोग छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, तो बिहार की परंपरा का कितना सम्मान करते होंगे? इनकी हेकड़ी देखिए, कांग्रेस-आरजेडी ने आज तक छठी मइया से माफी तक नहीं मांगी है।
बिहार के लोग ये कभी नहीं भूलेंगे। पीएम ने कहा कि भाजपा और एनडीए की सरकारों को 20-20 साल बाद भी अगर जनता फिर से चुन रही है तो ये देश में प्रो-पीपल, प्रो-गवर्नेंस, प्रो-डेवलपमेंट राजनीति की स्थापना है। यह भारत की राजनीति का नया आधार है। और इसी प्रो-पीपल, प्रो-गवर्नेंस, प्रो-डेवलपमेंट के आधार पर हम बिहार और देश दोनों को विकसित बनाएंगे।
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए श्री मोदी ने कहा कि बिहार में 35 साल, गुजरात में 30 साल, यूपी में भी करीब चार दशक और पश्चिम बंगाल में करीब पांच दशक से कांग्रेस की सरकार नहीं लौटी है। 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद, देश के 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं और इनमें भी कांग्रेस 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। कांग्रेस का काम जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटना और देश के दुश्मनों के एजेंडे को आगे लाना है। कांग्रेस के पास देश के लिए कोई पॉजिटिव विजन नहीं है। आज कांग्रेस मुस्लिम लीगी-माओवादी कांग्रेस यानी एमएमसी बन गई है। कांग्रेस का पूरा एजेंडा अब इसी पर चलता है। इसलिए अब कांग्रेस के भीतर भी एक अलग धड़ा पैदा हो रहा है, जो इस नेगेटिव पॉलिटिक्स से असहज है। ये जो कांग्रेस के नामदार हैं, ये जिस रास्ते पर कांग्रेस को लेकर चल रहे हैं, इसके प्रति घोर नाराजगी पनप रही है। श्री मोदी ने आशंका जताई कि कांग्रेस का निकट भविष्य में एक और बड़ा विभाजन होना तय है।
उन्होंने अपने भाषण के समापन पर कहा कि आज की यह विजय, एक नई यात्रा की शुरुआत है। बिहार ने जो भरोसा हम पर जताया है, इससे हमारे कंधों पर जिम्मेदारी और बढ़ गई है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले पांच सालों में बिहार और तेज गति से आगे बढ़ेगा। हम मिलकर एक ऐसा बिहार बनाएंगे, जो समृद्ध और विकसित होगा।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा की हर सफलता का आधार उसका कार्यकर्ता ही है। आज की इस विजय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम और पश्चिम बंगाल में भी नई ऊर्जा से भर दिया है।
श्री मोदी ने याद दिलाते हुए कहा कि गंगा जी यहां बिहार से बहते हुए ही बंगाल तक पहुंचती हैं। बिहार ने बंगाल में भाजपा की विजय का रास्ता भी बना दिया है। बंगाल के बहनों-भाइयों को भी आश्वस्त करता हूं कि अब भाजपा आपके साथ मिलकर पश्चिम बंगाल से भी जंगलराज को उखाड़ फेंकेगी।

