‘दिल्ली में विकास, विजन एवं विश्वास की जीत तथा आडंबर, अराजकता, अहंकार एवं दिल्ली पर छाई आप-दा की हार’

| Published on:

                                          कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 8 फरवरी, 2025 को दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित किया और दिल्ली के विकास के लिए भाजपा सरकार के विजन को जनता से साझा करते हुए दिल्ली के विकास को अवरुद्ध करने वाली विपक्षी पार्टियों पर जमकर प्रहार किया। कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेतागण, केंद्रीय मंत्री, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित कई पार्टी पदाधिकारी, दिल्ली के भाजपा सांसद, कई नवनिर्वाचित विधायक एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रधानमंत्रीजी ने अपने उद्बोधन की शुरुआत ‘यमुना मैया की जय’ के नारे के साथ की

कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज दिल्ली में दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को आप-दा से मुक्त कराने का है। दिल्ली के विकास की बड़ी बाधा दूर हो गई। चुनाव से पूर्व मैंने हर दिल्लीवासी के नाम पत्र भेजकर प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को अवसर दीजिए और दिल्ली को विकसित भारत की राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। दिल्ली की जनता ने दिल खोलकर प्यार दिया। मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। आपके इस प्यार को विकास के लॉन्ग रूट पर हम लौटाएंगे। दिल्ली के लोगों का ये प्यार और विश्वास हम सभी पर एक कर्ज है। दिल्ली की ‘डबल इंजन’ सरकार दिल्ली का डबल तेजी से विकास करके ये कर्ज चुकाएगी।

दिल्ली में नया इतिहास रच गया

श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की आज की विजय ऐतिहासिक है। ये सामान्य विजय नहीं है क्योंकि दिल्ली की जनता ने आप-दा को बाहर कर दिया है। करीब एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है। आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है तथा आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आप-दा की हार हुई है। उन्होंने कहा कि जिन्हें दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका आज सच से सामना हो भी गया है। दिल्ली के जनादेश से स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्ट कट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। जनता ने शॉर्ट कट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट कर दिया है।

श्री मोदी ने कहा कि देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में ये टीस थी दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की। आज दिल्ली ने हमारा वो आग्रह भी मान लिया। दिल्ली की युवा पीढ़ी और 21वीं सदी में पैदा हुए युवा पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। लोकसभा चुनाव की जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है।

श्री मोदी ने कहा कि आज दिल्ली का कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां कमल न खिला हो। हर भाषा और हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया। चुनाव में मैं जहां गया, गर्व से कहता था कि मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। ये पूर्वांचल के लोगों ने इस रिश्ते को प्यार की, विश्वास की नई ऊर्जा और ताकत दे दी। मैं पूर्वांचल के लोगों का पूर्वांचल के सांसद के नाते विशेष आभार व्यक्त करता हूं। दिल्ली वालों को मेरी गारंटी है, सबका साथ-सबका विकास-पूरी दिल्ली का विकास।

तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण

श्री मोदी ने कहा कि आज देश तुष्टीकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टीकरण की पॉलिसी को चुन रहा है। टकराव तथा प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक रुकावट आप सब दिल्लीवासियों ने दूर कर दी है।

एनडीए की गारंटी मतलब सुशासन की गारंटी

श्री मोदी ने कहा कि पूरा देश जानता है कि जहां एनडीए है, वहां सुशासन है, विकास है और विश्वास है। एनडीए का हर उम्मीदवार, हर जनप्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है। देश में एनडीए को जहां जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। इसलिए भाजपा को लगातार जीत मिल रही है। लोग हमारी सरकारों को दूसरी बार, तीसरी बार चुन रहे हैं। उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, एमपी, गोवा, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल, मणिपुर, बिहार हर राज्य में हमें दोबारा सत्ता मिली है।

उन्होंने कहा कि एनडीए की गारंटी मतलब सुशासन की गारंटी। इसका फायदा गरीब को भी होता है और मिडिल क्लास को भी। दिल्ली में गरीब, झुग्गी में रहने वाले भाई-बहन और मिडिल क्लास ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया है। हर वर्ग के बहुत सारे प्रोफेशनल हमारी पार्टी में काम कर रहे हैं। इसका कारण यह है कि हमारी पार्टी ने हमेशा मिडिल क्लास को अपनी प्राथमिकता पर रखा है।

नारी शक्ति का आशीर्वाद

श्री मोदी ने कहा कि देश की नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारा सबसे बड़ा रक्षा कवच है। एक बार फिर नारीशक्ति ने दिल्ली में मुझे अपना आशीर्वाद दिया है। मैं दिल्ली की मातृशक्ति से कहता हूं कि मैं उनसे किया हर वादा पूरा करूंगा। ये मोदी की गारंटी है, यानी गारंटी के पूरा होने की गारंटी है।

दिल्ली-एनसीआर के हर प्रदेश में भाजपा का शासन

श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोग टूटती सड़कें, कूड़े के ढेर, सीवर ओवरफ्लो और प्रदूषित हवा से त्रस्त रहे हैं। अब यहां भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी। पहली बार दिल्ली-एनसीआर के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है।

यमुनाजी को दिल्ली की पहचान बनाएंगे

मां यमुना की दुर्दशा पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए श्री मोदी ने कहा कि मां यमुना हमारी आस्था का केंद्र हैं। तभी तो कहते हैं कि ‘नमो नमस्ते यमुना सदा त्वम।’ हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना को नमस्कार करते हैं। उसी यमुना जी की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी है। दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुनाजी की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर आहत हो रहे हैं, लेकिन दिल्ली की आप-दा ने इस आस्था का अपमान किया, लोगों की भावनाओं-आस्था को पैरों तले कुचल दिया। अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया। चुनाव प्रचार के दौरान मैंने संकल्प लिया है कि यमुनाजी को हम दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे।

आप-दा वाले कट्टर बेईमान निकले

श्री मोदी ने कहा कि आप-दा वाले यह कहकर राजनीति में आए थे कि राजनीति बदल डालेंगे, लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले। वरिष्ठ महानुभाव श्रीमान अन्ना हजारे का बयान सुन रहा था। वे काफी समय से इन आप-दा वालों के कुकर्मों की पीड़ा झेल रहे थे। आज उन्हें भी उस पीड़ा से मुक्ति मिली होगी। इस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध हुए आंदोलन से हुआ हो, वही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। यह देश की ऐसी पार्टी बनी जिसके मुख्यमंत्री, मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। ये खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट और दूसरों को भ्रष्टाचार का मेडल देते थे, वे खुद बेईमान निकले। शराब घोटाले ने दिल्ली को बदनाम किया। अहंकार इतना कि जब दुनिया कोरोना से निपट रही थी, तब ये आप-दा वाले शीशमहल बना रहे थे। आप-दा वालों ने अपने घोटाले छिपाने के लिए साजिशें रचीं। मैं गारंटी दे रहा हूं कि पहले विधानसभा सत्र में ही सीएजी की रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी। भ्रष्टाचार की जांच होगी और जिसने भी लूटा है, उसको लौटाना पड़ेगा। ये भी मोदी की गारंटी है।

कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई

कांग्रेस पर कड़ा हमला करते हुए श्री मोदी ने कहा कि आज जनता ने फिर एक बार कांग्रेस को कड़ा संदेश दिया है। दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है। देश की राजधानी में देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार दिल्ली में 6 बार से खाता नहीं खुल रहा है। ये लोग खुद गोल्ड मेडल देते फिर रहे हैं। सच्चाई यह है कि कांग्रेस पर देश बिल्कुल भरोसा करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी है। खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस के नेता कहते हैं कि वो इंडियन स्टेट से लड़ रहे हैं, ये अर्बन नक्सलियों की भाषा है। ये देश में, समाज में अराजकता लाने की भाषा है। आप-दा भी उसी सोच को आगे बढ़ा रही थी।

भाजपा की रिफॉर्म-परफॉर्म की गारंटी

श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ये ऐतिहासिक जीत हमारे लिए नई जिम्मेदारी लेकर आई है। भाजपा रिफॉर्म-परफॉर्म की गारंटी देती है। इसमें दिल्लीवासी जुड़ जायेंगे तो ट्रांसफॉर्मेशन और तेजी से आएगा। हम मिलकर दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाएंगे। हम सत्ता सुख के लिए नहीं, सेवा भाव के लिए आए हैं। हम शक्ति और समय सेवा के लिए खपा देंगे। इस संकल्प के साथ हम आगे बढ़ें।