भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दृढ़ इरादे के साथ पूरा करेंगे : जगत प्रकाश नड्डा

| Published on:

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय में झंडारोहण किया

     भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 15 अगस्त, 2025 को भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में झंडारोहण किया और कार्यक्रम को संबोधित किया। झंडारोहण के पश्चात् श्री नड्डा ने पार्टी और पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से पूरे देश को 79वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्री नड्डा ने कहा कि यह आजादी भारत को लाखों-करोड़ों देशभक्त, बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली है। उन्होंने अपना सर्वस्व समर्पित कर, तपस्या और संघर्ष के माध्यम से देश को यह स्वतंत्रता दिलाई। इसलिए आज के दिन उनका स्मरण करना पूरे देश की जिम्मेदारी है। देश उनके प्रति कृतज्ञ है और उन्हें पूर्ण विनम्रता और सम्मान के साथ याद करता है।

उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश के नाम संदेश दिया। उनका संदेश निश्चित रूप से 140 करोड़ देशवासियों को प्रेरणा, दिशा और मार्गदर्शन देने के साथ आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता भी देते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्टता के साथ कहा कि भारत केवल स्वतंत्र ही नहीं बल्कि समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनेगा। पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एक मजबूत और अग्रसर अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ा है। जब दुनिया आर्थिक संकट और उथल-पुथल से गुजर रही है, तब भारत स्थिर और सशक्त अर्थव्यवस्था के साथ आगे बढ़ रहा है।

श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आग्रह को पार्टी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाते हुए कहा कि आज 79वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 में विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए तीन बातों पर जोर दिया है। पहली बात, आत्मनिर्भर भारत बनने की। देश की निर्भरता समाप्त होनी चाहिए, इसलिए देश के विचार, सोच, कार्य और दिशा में आत्मनिर्भरता झलकनी चाहिए। दूसरी बात, स्वदेशी के प्रति आग्रह की। यदि देश को आगे बढ़ना है तो स्वदेशी वस्तुओं, विचारधारा और व्यवस्था के प्रति आग्रह होना आवश्यक है। देश के हर नागरिक को इसे अपनाकर और बढ़ावा देकर देश के विकास में योगदान देना होगा। तीसरी बात, अनावश्यक और आम नागरिक के लिए कष्टदायक हो चुके कानूनों से छुटकारा पाने की। विकसित भारत को तीव्र गति देने के लिए कानूनों में सरलीकरण लाना आवश्यक है।

श्री नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से इन संकल्पों को आगे बढ़ाने का अनुरोध करते हुए विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता इस दिशा में गंभीरता से कार्य करेंगे, इसे आगे बढ़ाएंगे और भारत को समृद्ध तथा विकसित राष्ट्र बनाने के अपने संकल्प को दृढ़ इरादे के साथ पूरा करेंगे।