नायब सिंह सैनी ने ली दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ
-प्रधानमंत्रीजी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ शपथ ग्रहण समारोह
– 11 कैबिनेट एवं 2 राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में एक भव्य समारोह में श्री नायब सिंह सैनी ने 17 अक्टूबर, 2024 को पंचकूला के दशहरा मैदान में हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रीगण भी उपस्थित रहे।
हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने 11 कैबिनेट मंत्रियों और 2 राज्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ भी दिलाई।
नए कैबिनेट मंत्रियों में शामिल हैं— श्री अनिल विज, श्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, श्री महिपाल ढांडा, श्री विपुल गोयल, डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, श्री श्याम सिंह राणा, श्री रणबीर गंगवा, स. कृष्ण कुमार बेदी, श्रीमती श्रुति चौधरी एवं कुमारी आरती सिंह राव। इनके अलावा श्री राजेश नागर एवं श्री गौरव गौतम ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पद की शपथ ली।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अलावा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह भी समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, श्री कृष्णपाल, श्री रामदास अठावले, श्री जयन्त चौधरी, श्रीमती अनुप्रिया पटेल और श्री सत्यपाल सिंह बघेल शपथ समारोह में शामिल हुए।
पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया, गुजरात के राज्यपाल श्री आचार्य देवव्रत, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल श्री सी.वी. आनंद बोस, दिल्ली के उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सैना भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
समारोह में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्य नाथ, असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंत बिस्वा सरमा, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी, गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पेमा खांडू, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे, मणिपुर के मुख्यमंत्री श्री एन. बीरेन सिंह, मेघालय के मुख्यमंत्री श्री कॉनराड संगमा, नागालैंड के मुख्यमंत्री श्री नेफ्यू रियो, सिक्किम के मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तमांग एवं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा भी शपथ समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों के उपमुख्यमंत्रीगण भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
शपथ ग्रहण से पहले रामायण के रचयिता, आदिकवि महर्षि भगवान वाल्मीकि जी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने समस्त प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। पंचकूला स्थित वाल्मीकि मंदिर में माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री सिंह ने पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर एवं गुरुद्वारा श्री नाडा साहिब में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्री सिंह ने हरियाणा की प्रगति एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर नायब सिंह सैनी जी और उनके साथ मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई। यह टीम सुशासन और अनुभव का एक अद्भुत संगम है, जो यहां के लोगों के सपनों को साकार करने के साथ ही राज्य के विकास को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार गरीबों, किसानों, जवानों, युवाओं और महिलाओं के साथ ही समाज के हर वर्ग की सेवा में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।
– नरेन्द्र मोदी, प्रधानमंत्री

हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री नायब सिंह सैनी जी व उनके पूरे मंत्रिमंडल को बधाई एवं शुभकामनाएं। लगातार तीसरी बार वीरभूमि की जनता ने भाजपा के विकास की राजनीति को अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है। विगत 10 वर्षों में डबल-इंजन की सरकार ने प्रदेश के हर क्षेत्र में नए मापदंड स्थापित किए है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आप सभी पूरी तन्मयता से प्रदेश की विकास यात्रा को अनवरत जारी रखते हुए सुशासन व गरीब कल्याण के नये आयाम गढ़ेंगे।
– जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री

हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में पुनः शपथ लेने के लिए श्री नायब सिंह सैनी को हार्दिक बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से सैनीजी के नेतृत्व में टीम हरियाणा, प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में और विकास को नई बुलंदी तक पहुंचाने में सफल सिद्ध होगी। मैं श्री नायब सैनी को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं।
– राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री

श्री नायब सिंह सैनी जी को पुन: हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई एवं हरियाणा सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सभी वर्गों को साथ लेकर किसानों, युवाओं, महिलाओं व गरीबों के कल्याण का जो संकल्प लिया है, मुझे विश्वास है कि नायब सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा उसे चरितार्थ करने की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा। भाजपा सरकार द्वारा बीते एक दशक में हरियाणा वासियों की समृद्धि व सुशासन के जो कार्य हुए हैं, उन्हें आप सभी और भी ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
– अमित शाह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री
जीवन परिचय

•मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का जन्म 25 जनवरी, 1970 को हरियाणा के अंबाला के निकट मिजापुर माजरा गांव में हुआ था।
• वह विधि स्नातक हैं और उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ, उत्तर प्रदेश से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की है तथा बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर, बिहार से बी.ए. किया है।
• साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले श्री सैनी भारतीय जनता पार्टी अंबाला इकाई से जुड़े और अनेक दायित्वों का निर्वहन किया।
• वह हरियाणा भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री बने।
• नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से हरियाणा राज्य चुनाव लड़ा और 24,361 मतों से विधायक का चुनाव जीतकर 2014 से 2019 तक हरियाणा विधानसभा के सदस्य बने।
• उन्होंने 2015 से 2019 तक हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया।
• 2019 के राष्ट्रीय आम चुनाव में वह कुरुक्षेत्र से संसद सदस्य चुने गए।
• उन्हें 2023 से 2024 तक हरियाणा के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया।
• श्री सैनी ने पहली बार 12 मार्च, 2024 को हरियाणा के मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण किया था।
• लाडवा सीट से हरियाणा विधानसभा चुनाव जीता और पार्टी को राज्य में तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दिलाई।
• 54 वर्षीय श्री सैनी को 16 अक्टूबर, 2024 को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।
• श्री नायब सिंह सैनी ने 17 अक्टूबर, 2024 को पद की शपथ ली और लगातार दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने।
नायब सिंह सैनी चुने गए भाजपा विधायक दल के नेता
श्री नायब सिंह सैनी को 16 अक्टूबर, 2024 को सर्वसम्मति से हरियाणा में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। केंद्रीय पर्यवेक्षकों— केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। पंचकूला स्थित पंचकमल पार्टी कार्यालय में पार्टी के सभी 48 निर्वाचित विधायकों ने भाग लिया।
श्री सैनी के नाम का प्रस्ताव नरवाना के विधायक श्री कृष्ण कुमार बेदी ने रखा, जिसका समर्थन अंबाला कैंट के विधायक श्री अनिल विज ने किया और सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से इसे पारित किया।
श्री सैनी को हरियाणा में भाजपा विधायक दल का नेता घोषित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि नरवाना विधायक श्री कृष्ण बेदी द्वारा केवल एक प्रस्ताव रखा गया था और श्री सैनी के पक्ष में अंबाला छावनी विधायक श्री अनिल विज द्वारा इसका समर्थन किया गया।
भाजपा विधायक दल के नेता बनने के बाद श्री नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए चंडीगढ़ में हरियाणा राजभवन में राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय से भेंट की।
भाजपा सरकार हरियाणा को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी: नायब सिंह सैनी
पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नई भाजपा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को तेज गति से आगे बढ़ाने का काम करेगी। हरियाणा की जनता ने मोदी सरकार की नीतियों पर भरोसा दिखाया है।
एक प्रश्न के जवाब में श्री सैनी ने कहा कि भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ को पूरी तरह से लागू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हमारे 2014 के संकल्प पत्र और 2019 के संकल्प पत्र को देखिए, हमने उन्हें पूरी तरह से लागू किया और अब इस संकल्प पत्र को भी हमारी सरकार लागू करेगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा ने हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीटें जीतकर इतिहास रचा। तीन निर्दलीय विधायकों ने भी पार्टी को समर्थन दिया है। 16 अक्टूबर, 2024 को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।

