प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बने भाजपा के पहले सक्रिय सदस्य

| Published on:

भाजपा सदस्यता अभियान का शुभारंभ

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 16 अक्टूबर, 2024 को भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही, श्री मोदी भाजपा के पहले सक्रिय सदस्य बने। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा और भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक श्री विनोद तावड़े उपस्थित रहे।

इसी क्रम में, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 16 अक्टूबर, 2024 को सक्रिय सदस्यता अभियान के अन्तर्गत भाजपा की सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण कराया। अगले दिन 17 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘सक्रिय सदस्यता अभियान’ के अंतर्गत सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराया।

ध्यातव्य है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से 2 सितंबर, 2024 को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय कार्यालय विस्तार में भाजपा राष्ट्रीय सदस्यता अभियान 2024 का शुभारंभ हुआ था। सदस्यता का पहला चरण 2 सितंबर से 25 सितंबर तक चला, दूसरा चरण 1 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 15 अक्टूबर तक चला और उसके बाद सक्रिय सदस्यता अभियान 16 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 31 अक्टूबर तक चलेगा

राष्ट्रीय सदस्यता अभियान जमीनी स्तर
पर भाजपा को मजबूत करेगा : नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा— “‘विकसित भारत’ बनाने के हमारे प्रयास को गति देते हुए! भाजपा कार्यकर्ता के रूप में आज हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी की उपस्थिति में प्रथम सक्रिय सदस्य बनने तथा सक्रिय सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने पर मुझे गर्व है। यह एक ऐसा अभियान है जो जमीनी स्तर पर हमारी पार्टी को और मजबूत करेगा तथा राष्ट्रीय प्रगति के लिए हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रभावी योगदान सुनिश्चित करेगा। सक्रिय सदस्य बनने के लिए एक कार्यकर्ता को एक बूथ या एक विधानसभा सीट पर 50 सदस्यों को पंजीकृत करना होगा। ऐसे कार्यकर्ता मंडल समिति और उससे ऊपर के पदों के लिए चुनाव लड़ने के पात्र होंगे। साथ ही, उन्हें आने वाले समय में पार्टी के लिए काम करने के कई अवसर मिलेंगे।”

श्री मोदी ने लिखा— “सक्रिय सदस्यता अभियान के द्वारा सक्रिय कार्यकर्ता बनाने की अनूठी पहल! मुझे बहुत गर्व है कि आज पार्टी कार्यकर्ता के रूप में मैं भाजपा का पहला सक्रिय सदस्य बना और इस अभियान की शुरुआत की। सक्रिय सदस्यता अभियान से पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को देश के लिए काम करने की नई ऊर्जा मिलेगी। सक्रिय सदस्य बनने पर ही आपको मंडल, जिला और राष्ट्रीय स्तर पर सेवा का अवसर मिलने वाला है। देशभर के कार्यकर्ताओं से मैं यह आह्वान करता हूं कि वे भी भाजपा के सक्रिय सदस्य बनें और इस अभियान को सशक्त करें।”

सक्रिय सदस्य के रूप में सदस्यता
अभियान का हिस्सा बनें : जगत प्रकाश नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड‌्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा— “आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘सक्रिय सदस्यता अभियान’ के अंतर्गत सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कर गौरवान्वित हूं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आरंभ हुआ यह अभियान मंडल, जिला और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगा व कोटिश: कार्यकर्ताओं को ‘विकसित भारत’ निर्माण के संकल्प के साथ समाज सेवा करने के अवसर प्रदान करेगा। मैं समस्त कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि सक्रिय सदस्य के रूप में अभियान का हिस्सा बनें और संगठन को मजबूती प्रदान करें।”

राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जुड़िए : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा— “आज सक्रिय सदस्यता अभियान के अन्तर्गत भाजपा की सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण किया। भाजपा की सक्रिय सदस्यता हर कार्यकर्ता को देश और समाज के निर्माण के लिए काम करने का अवसर देती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से आप भी जुड़िए और पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण कीजिये।”

यह अभियान भाजपा को दुनिया की
सबसे मजबूत पार्टी बनाएगा : अमित शाह



केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा— “कल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भाजपा के पहले सक्रिय सदस्य बनकर ‘सक्रिय सदस्यता अभियान’ की शुरुआत की। मैंने भी इस अभियान के तहत भाजपा की सक्रिय सदस्यता ली। भाजपा के कार्यकर्ता अपने बूथ या विधानसभा क्षेत्र में 50 नए सदस्यों को पंजीकृत कर सक्रिय सदस्य बन सकते हैं। यह अभियान न केवल भाजपा के सदस्यता अभियान को और अधिक गति प्रदान करेगा, बल्कि इसके माध्यम से राष्ट्रप्रथम को जीवन का ध्येय बनाने वाले सक्रिय सदस्य भी आगे आएंगे। यह अभियान भाजपा के कर्मठ, सुयोग्य व समर्पित कार्यकर्ताओं को उभारकर भाजपा को दुनिया की सबसे मजबूत पार्टी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी 22 अक्टूबर, 2024 को भाजपा के सक्रिय सदस्य बने।