‘भाजपा को जानें’ पहल
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 16 दिसंबर, 2024 को नई दिल्ली में ‘भाजपा को जानें’ पहल के तहत श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री अनुरा कुमारा दिसानायके से भेंट की।
श्री नड्डा ने भारत की पहली राजकीय यात्रा पर आए श्रीलंका के राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने पिछले दशक में भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भविष्य के सहयोग, विशेष रूप से स्वास्थ्य एवं फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र में नये अवसरों की खोज पर जोर देने पर सहमति बनी।
श्री नड्डा ने भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और गतिविधियों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी और नेशनल पीपुल्स पावर के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और पार्टी-टू-पार्टी संबंधों को बढ़ाने पर सहमति जताई, जिसका उद्देश्य आपसी समझ को और अधिक गहरा करना है।
महामहिम श्री अनुरा कुमार दिसानायके श्रीलंका के राष्ट्रपति के रूप में भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं। श्रीलंका में हाल ही में संपन्न राष्ट्रपति और संसदीय चुनावों के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

