भाजपा-सेना की शानदार जीत

| Published on:

   16 जनवरी, 2026 को घोषित बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के नतीजे महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन के लिए ऐतिहासिक रहे। इन परिणामों के बाद तीन दशकों से चले आ रहे यूबीटी के नेतृत्व वाले गठबंधन के जोर का अंत हुआ। भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने चुनावों में शानदार जीत हासिल की। गठबंधन ने 118 सीटें जीतीं और भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। दूसरी ओर शिवसेना (शिंदे) ने 29 सीटें जीतीं। यूबीटी को 65 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 24 सीटें जीतीं। एआईएमआईएम जैसी छोटी पार्टियों ने आठ सीटें जीतीं, जबकि एमएनएस ने छह, एनसीपी ने तीन, समाजवादी पार्टी ने तीन और एनसीपी-एसपी ने एक सीट जीती।

कुल मिलाकर महायुति गठबंधन ने 118 सीटें जीतीं, जो 227 सदस्यीय बृहन्मुंबई नगर निगम में बहुमत के आंकड़े से चार अधिक थीं, जिससे उसके लिए नगर निकाय का नेतृत्व करने का रास्ता साफ हो गया।
29 नगर निगमों के लिए चुनाव कई वर्षों के अंतराल के बाद 15 जनवरी को आयोजित किए गए थे और परिणाम 16 जनवरी, 2026 को जारी किए गए। नगर निगम चुनाव मुंबई, छत्रपति संभाजीनगर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, कोल्हापुर, नागपुर, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवड़, पुणे, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणी, मीरा, भयंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी में हुए थे।

29 नगर निगमों की 2,868 सीटों में से 2,833 सीटों के नतीजे घोषित किए गए। राज्य भर में भाजपा ने 1,400 सीटें जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना ने 397 सीटें हासिल कीं। शिवसेना (यूबीटी) ने 153 सीटें और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने 13 सीटें जीतीं। कांग्रेस को 324 सीटें प्राप्त हुईं।

एनडीए का महाराष्ट्र की जनता के साथ रिश्ता और गहरा हुआ है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “धन्यवाद, महाराष्ट्र! प्रदेश के मेहनती लोगों ने एनडीए के जन-समर्थक, सुशासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया है! विभिन्न नगर निगम चुनावों के नतीजे बताते हैं कि एनडीए का महाराष्ट्र की जनता के साथ रिश्ता और गहरा हुआ है। हमारा ट्रैक रिकॉर्ड और विकास का दृष्टिकोण लोगों को पसंद आया है। पूरे महाराष्ट्र के लोगों का आभार। यह वोट प्रगति को गति देने और प्रदेश की शानदार संस्कृति का जश्न मनाने के लिए है। मुझे हर उस एनडीए कार्यकर्ता पर बहुत गर्व है, जिसने पूरे महाराष्ट्र में लोगों के बीच अथक परिश्रम किया। उन्होंने हमारे गठबंधन के ट्रैक रिकॉर्ड के बारे में बात की, आने वाले समय के लिए हमारे दृष्टिकोण को सामने रखा और विपक्ष के झूठ का भी प्रभावी ढंग से मुकाबला किया। उन्हें मेरी शुभकामनाएं।”

विकास और सुशासन की राजनीति में लोगों के अटूट विश्वास का प्रतिबिंब: नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा, “महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को मिला भारी जनसमर्थन, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की राजनीति में लोगों के अटूट विश्वास का स्पष्ट प्रतिबिंब है। इस जनादेश के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेन्द्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री रविंद्र चव्हाण जी, मुंबई भाजपा अध्यक्ष श्री अमित साटम और भाजपा एवं शिवसेना के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”

भाजपा ने पुन: इतिहास रचा: देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “भाजपा ने नगर निगम चुनाव 2025-26 में पुन: इतिहास रचा है! माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं माननीय केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा जी, माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमितभाई शाह, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन जी के मार्गदर्शन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से भाजपा ने प्रदेश में एक बार फिर शानदार जीत हासिल की है! यह जीत भाजपा के विकास और प्रगति सुनिश्चित करने वाले दृष्टिकोण में लोगों के भरोसे का प्रतीक है।”