प्रदेश के 10 में से 9 नगर निगमों पर फहराया जीत का परचम
हरियाणा विधानसभा चुनाव में तीसरी बार जीत हासिल करने के पांच महीने बाद भाजपा ने 12 मार्च, 2025 को जारी परिणामों के अनुसार प्रदेश के 10 नगर निगमों में से नौ नगर निगमों पर विजय प्राप्त की। वहीं, केवल मानेसर में एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।
विधानसभा चुनावों के अपने निराशाजनक प्रदर्शन को जारी रखते हुए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को एक बार पुन: विफलता ही हाथ लगी।
गुड़गांव, फरीदाबाद, अंबाला, हिसार, करनाल, रोहतक, पानीपत, सोनीपत एवं यमुनानगर में भाजपा उम्मीदवारों ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों को हराकर भव्य जीत दर्ज की। नौ नगर निगमों के लिए मतदान 02 मार्च, 2025 को हुआ था, जबकि पानीपत के लिए मतदान 9 मार्च, 2025 को हुआ था।
हम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे: नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा भाजपा को शानदार जीत के लिए बधाई देते हुए कहा, “हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक विजय के लिए हरियाणा के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार। यह जीत राज्य में नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में चल रही सरकार के विकास कार्यों के प्रति जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। मैं प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ने वाले हैं। इस महाविजय में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम की बड़ी भूमिका रही है, जिसके लिए मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं।”
हरियाणा में अब ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है: जगत प्रकाश नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने हरियाणा नगर निगम चुनाव में भाजपा को मिली शानदार विजय को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के विकास और जनकल्याण कार्यों पर हरियाणा की जनता की मुहर बताया। श्री नड्डा ने इस ऐतिहासिक विजय के लिए हरियाणा की जनता का धन्यवाद देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री मोहनलाल बडौली सहित प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी।
श्री नड्डा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर विश्वास जताया है। हरियाणा में अब ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है, जो रफ्तार के साथ नॉन -स्टॉप हरियाणा के कार्य को पूर्ण करेगी। हरियाणा में कांग्रेस की खस्ता हालत से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी पर अब जनता को बिल्कुल विश्वास नहीं है। यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में क्रियान्वित हो रही समावेशी, विकासोन्मुखी एवं कल्याणकारी नीतियों पर जनता जनार्दन के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
श्री नड्डा ने आगे कहा कि यह जीत हरियाणा की जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति का संकल्प है और यह दर्शाती है कि प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं, जैसे गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और युवाओं के लिए रोजगार अवसर, को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और विकास के नए आयाम गढ़ेगा।

