प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 20 जनवरी, 2026 को नई दिल्ली स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के सम्मान में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी। श्री मोदी ने श्री नितिन नवीन को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी श्री के. लक्ष्मण ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में श्री नितिन नवीन के निर्वाचित होने की घोषणा की। मंच पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय
हमारे लिए खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश। ये भाजपा के हर कार्यकर्ता का संस्कार है, भाजपा के हर कार्यकर्ता का जीवनमंत्र है
मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी एवं पार्टी के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी श्री के. लक्ष्मण उपस्थित थे। इस अभिनंदन कार्यक्रम में पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, भाजपा के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
श्री मोदी ने कहा कि मैं सर्वप्रथम माननीय नितिन नवीनजी को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। बीते कई महीनों से संगठन पर्व, यानी पार्टी की छोटी-सी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की एक व्यापक प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की स्पिरिट को और उसमें बताई गई हर बात को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी, आज उसका विधिपूर्वक समापन हुआ है। संगठन पर्व का यह विशाल आयोजन, भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है। मैं देशभर के कार्यकर्ताओं का इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।
उन्होंने कहा कि बीते एक डेढ़ साल में श्यामा प्रसाद मुकर्जीजी की 125वीं जयंती, अटलजी की 100वीं जयंती, संघ की 100वीं जयंती हम मनाते रहे हैं। ये वो प्रेरणाएं हैं जो देश के लिए जीने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती हैं। हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और राष्ट्र सेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है। लोगों को लगता होगा कि नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल से ये लगातार Head of the Government रहे हैं। ये सब अपनी जगह है, लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे जीवन में है, मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है। जब बात पार्टी के विषयों पर आती है, तब मैं एक कार्यकर्ता हूं और माननीय नितिन नवीन जी मेरे बॉस हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक संस्कार है, एक परिवार है। हमारे यहां ‘मेंबरशिप’ से भी ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ होती है। भाजपा एक ऐसी परंपरा है, जो पद से नहीं, प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा नहीं बदलती। हमारे लिए खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश। ये भाजपा के हर कार्यकर्ता का संस्कार है, भाजपा के हर कार्यकर्ता का जीवनमंत्र है। इसी भाव के साथ बीते 11 वर्षों में हमने अनेक चुनौतियों पर विजय पाई है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की दीवार गिराना हो या तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाना हो, इनको कभी असंभव माना जाता था, आज ये हकीकत बन चुके हैं।
श्री मोदी ने कहा कि नितिन नवीनजी, हम सभी के अध्यक्ष हैं। उनका दायित्व भाजपा को संभालना ही नहीं है, एनडीए के साथ भी तालमेल का दायित्व देखना होता है। नितिनजी के संपर्क में जो भी आया है, वो उनकी सरलता सहजता की चर्चा जरूर करता है। भाजपा युवा मोर्चा का दायित्व हो, राज्य प्रभारी की जिम्मेदारी हो, नितिन जी ने जो-जो दायित्व उठाया, उसे पूरा किया।
उन्होंने कहा कि ये 21वीं सदी है, देखते ही देखते पहले 25 साल तो पूरे भी हो चुके हैं। आने वाले 25 साल बहुत महत्वपूर्ण हैं। ये वो कालखंड है जब विकसित भारत का निर्माण होना है और तय है। इस कालखंड की शुरुआत में नितिनजी भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आजकल के युवाओं की भाषा में कहूं कि नितिन जी मिलेनियल हैं। वो उस जनरेशन से हैं, जिसने बचपन में रेडियो से सूचना पाई और आज एआई से भी काम कर रहे हैं। ये हमारे दल के हर कार्यकर्ता के लिए बहुत उपयोगी होगा। इस साल जनसंघ की स्थापना को 75 साल हो रहे हैं। अनेक परिवारों ने पीढ़ियों ने जो त्याग तपस्या बलिदान दिया है, मैं उन्हें आदर देता हूं।
उन्होंने कहा कि देश के राजनीतिक समीक्षकों को दुनिया को यह बात बतानी चाहिए कि भारत ऐसा देश है जिसकी रगों में मजबूती से लोकतंत्र चल रहा है। जहां दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी है। भाजपा का स्वरूप नेशनल है, स्पिरिट नेशनल है क्योंकि हमारा जुड़ाव लोकल है। हमारी जड़ें जमीन के नीचे गहरी हैं।
श्री मोदी ने कहा कि आज देश को याद भी नहीं होगा कि 1984 में कांग्रेस को 400 से अधिक सीटें मिली थीं और देश ने कांग्रेस को करीब-करीब 50% वोट दिया था, लेकिन आज कांग्रेस 100 सीटों के लिए तरस गई है। कांग्रेस अपने इस घनघोर पतन की कभी समीक्षा नहीं करती, क्योंकि अगर समीक्षा करेंगे और पतन के कारणों पर जाएंगे तो उसी परिवार पर सवाल उठेंगे, जिस परिवार ने कांग्रेस पर कब्जा कर रखा है और इसलिए बहाने ढूंढते रहते हैं। पतन का सही कारण ढूंढने की हिम्मत तक खो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि बीते डेढ़-दो वर्षों में भाजपा पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। विधानसभा हो या स्थानीय निकाय, भाजपा की स्ट्राइक रेट अभूतपूर्व रही है। इस दौरान देश में 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं, इनमें से 4 चुनाव भाजपा-एनडीए ने जीते हैं। भाजपा सिर्फ संसद और विधानसभा की ही नहीं, बल्कि नगरपालिकाओं और नगर निगमों में भी पहली पसंद है। इसका ताजा उदाहरण महाराष्ट्र है। भाजपा, महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों में नंबर वन पार्टी बनी है। कुल 29 में से 25 बड़े शहरों की जनता ने भाजपा-एनडीए को चुना है। कुल जितने पार्षद जीते हैं, उनमें से 50% भाजपा के हैं। ऐसे ही केरल में भाजपा के करीब 100 पार्षद हैं। ऐसे ही तिरुवनंतपुरम की जनता ने मेयर चुनाव में 45 साल बाद लेफ्ट से सत्ता छीनी और भाजपा पर भरोसा किया।

उन्होंने कहा कि आज देश के सामने बहुत बड़ी चुनौती घुसपैठियों की है। दुनिया के समर्थ देश भी अपने देश में घुसपैठियों की जांच पड़ताल कर रहे हैं और उनको पकड़-पकड़ कर निकाल रहे हैं। दुनिया में कोई अपने देश में घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करता, भारत भी घुसपैठियों को अपने गरीबों, युवाओं के हक लूटने नहीं दे सकता। घुसपैठिए देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा है, उनकी पहचान करके उन्हें वापस उनके देश भेजना बहुत जरूरी है। इसके अलावा ऐसे राजनीतिक दल जो वोट बैंक की राजनीति में घुसपैठियों को बचा रहे हैं, उन्हें हमें पूरी शक्ति से जनता के सामने बेनकाब करना होगा। एक और बड़ी चुनौती अर्बन नक्सल की भी है। अर्बन नक्सल का दायरा इंटरनेशनल हो रहा है। हमें इन्हें भी हटाना होगा।
श्री मोदी ने कहा कि देश के लिए परिवारवाद बहुत बड़ा अभिशाप है। जब मैं यह कहता हूं तो अर्बन नक्सल परिवारवाद के समर्थन में मैदान में आ जाते हैं। हम किसी की प्रतिभा के विरोधी नहीं हैं, हम तो मेधा और प्रतिभा का सम्मान करने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन दुर्भाग्य ये है कि कांग्रेस में एक के बाद एक उनके परिवार के लोग ही अध्यक्ष ही बनते हैं। पार्टी के कार्यकर्ता से उनको कोई लेना-देना नहीं। ये लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। परिवारवाद की राजनीति ने देश के युवाओं के लिए राजनीति में आने के रास्ते बंद कर दिए हैं। इसलिए मैं एक लाख ऐसे युवाओं को राजीनिति में लाना चाहता हूं जिनके परिवार से वे पहली बार राजनीति में आएंगे। आज हम सबके लिए बहुत विशेष पल है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी हम सबका मार्गदर्शन करने वाले हैं, उनका एक-एक शब्द हमारी आगे की दिशा होगी। उनका मार्गदर्शन हमारी पूंजी होगी।

