19 जनवरी, 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन को पार्टी का निर्विरोध नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वह इस पद को सुशोभित करने वाले सबसे कम उम्र के नेता हैं। उन्होंने 20 जनवरी, 2026 को निवर्तमान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा से पदभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि पार्टी के 36 संगठनात्मक राज्यों में से 30 राज्यों में अध्यक्षों के चुनाव पूर्ण होने के बाद चुनाव प्रक्रिया के तहत ‘संगठन पर्व’ की शुरुआत की गई थी। बिहार से पांच बार के विधायक श्री नवीन इस पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी थे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनकी नामांकन प्रक्रिया को पूर्ण कराया। बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास और आवास मंत्री रह चुके श्री नवीन को 14 दिसंबर, 2025 को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था
नवनिर्वाचित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने 20 जनवरी, 2026 को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में औपचारिक रूप से पदभार संभाला। इससे पहले, भाजपा के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के. लक्ष्मण ने श्री नितिन नवीन के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की।
इस अवसर पर उनके सम्मान में केन्द्रीय कार्यालय में एक समारोह आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सुबह पार्टी मुख्यालय पहुंचे और नवनिर्वाचित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन का माला पहनाकर अभिनन्दन किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अलावा निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृह तथा सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने नवनिर्वाचित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, भाजपा के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विभिन्न केंद्रीय मंत्री और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इस अवसर पर उपस्थित रहे।

भाजपा मुख्यालय (नई दिल्ली) में 19 जनवरी, 2026 को भाजपा संगठन पर्व के दौरान
पार्टी के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण को श्री नितिन नवीन के
समर्थन में नामांकन पत्र जमा करते वरिष्ठ भाजपा नेतागण

नामांकन एवं चुनाव प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता 19 जनवरी, 2026 को नई दिल्ली में पं. दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित मुख्यालय पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के पक्ष में कुल 37 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह, श्री अमित शाह, श्री नितिन गडकरी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने श्री नितिन नवीन के नाम का प्रस्ताव रखा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद केवल श्री नितिन नवीन ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी थे। नाम वापस लेने और सत्यापन की अवधि के बाद भाजपा संगठन पर्व के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के. लक्ष्मण ने घोषणा की कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए केवल श्री नितिन नवीन का नाम प्रस्तावित किया गया है। उसी दिन, दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई।
श्री नितिन नवीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा 20 जनवरी, 2026 को की गई। संगठन पर्व के प्रभारी डॉ. के. लक्ष्मण ने चुनाव की आधिकारिक घोषणा की। नतीजे की घोषणा के बाद निवर्तमान पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में श्री नितिन नवीन को पदभार सौंपा।
जीवन परिचय

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन का जन्म 23 मई, 1980 को रांची, झारखंड में हुआ था।
• वह भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के सुपुत्र हैं।
• भारतीय जनता पार्टी के युवा और प्रमुख चेहरों में से एक श्री नवीन ने श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार कैबिनेट में शहरी विकास, आवास और कानून सहित प्रमुख मंत्री पद संभाले।
• बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए श्री नवीन पांच बार बिहार विधानसभा के लिए चुने गए हैं।
• उन्होंने महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी संभाली हैं, उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री के साथ-साथ बिहार भाजयुमो अध्यक्ष के रूप में भी काम किया है।
• शासन और संगठन दोनों में व्यापक अनुभव के साथ श्री नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुनाव भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व में युवा प्रतिनिधित्व को और मजबूत करता है।
• अपने मंत्री और संगठनात्मक भूमिकाओं के अलावा श्री नवीन ने 2019 के विधानसभा चुनावों के दौरान सिक्किम प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी के रूप में काम किया है।
• वह छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रभारी रहे, जहां 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस पर शानदार जीत हासिल की।
• उन्होंने दिल्ली में पार्टी के अभियान में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
नितिन नवीन का ऊर्जावान नेतृत्व पार्टी को
और मजबूती प्रदान करेगा: नरेन्द्र मोदी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभालने पर नितिन नवीन जी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। वे इस अहम पद पर पहुंचने वाले पार्टी के सबसे युवा नेता हैं। अपने अथक परिश्रम और समर्पण भाव से संगठन के दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए उन्होंने यहां तक का सफर तय किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि उनका ऊर्जावान नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगा। उनके नेतृत्व में भाजपा के सभी कार्यकर्ता नए जोश और उत्साह से राष्ट्रसेवा और जनसेवा के अपने संकल्प को पूरा करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।
आपके कार्यकाल में भाजपा उत्कृष्ट
प्रदर्शन करेगी: जगत प्रकाश नड्डा

श्री नितिन नवीन जी को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। भाजपा राष्ट्रोत्थान और जनकल्याण के ध्येय के साथ हर वर्ग के विकास के लिए कृत-संकल्पित है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में आपके कार्यकाल में भारतीय जनता पार्टी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए और अधिक सशक्त एवं व्यापक होगी।
नितिन नवीन पार्टी के लिए
बड़ी शक्ति सिद्ध होंगे: राजनाथ सिंह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने पर श्री नितिन नवीन जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। एक समर्पित, कर्मठ और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में उनकी संगठनात्मक दक्षता, प्रशासनिक अनुभव और ऊर्जावान नेतृत्व पार्टी के लिए बड़ी शक्ति सिद्ध होगा।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में वे भाजपा को जनकल्याण और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ नए आयामों तक पहुंचाने में सफल होंगे।
पार्टी को आपके कार्यकाल में
नई ऊर्जा व गति मिलेगी: अमित शाह

श्री नितिन नवीन जी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करने पर हार्दिक शुभकामनाएं। बीते साढ़े चार दशकों में भाजपा राष्ट्रहित, जनकल्याण और भारतीय मूल्यों को सर्वोच्च रख, देश को हर क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाने की दिशा में जिस समर्पण भाव से कार्य कर रही है, मुझे विश्वास है कि मोदी जी के मार्गदर्शन में आपके कार्यकाल में उसे नई ऊर्जा व गति मिलेगी।

