केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 9 नवंबर, 2024 को झारखंड के खूंटी और चतरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए एनडीए गठबंधन द्वारा आदिवासी कल्याण के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया और झारखंड में भ्रष्टाचार को लेकर झामुमो व कांग्रेस की आलोचना की। इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद श्री करिया मुंडा, नागालैंड से राज्यसभा सांसद श्रीमती एस फांगनोन कोन्याक सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता दावा कर रहे हैं कि जब हमारी सरकार बन जायेगी, तो हम जातिगत जनगणना करायेंगे और भारत में कुल कितनी जातियां है हम इसका पता लगायेंगे। मैं कांग्रेस के लोगों को याद दिलाना चाहता हूं कि साल 2011 में एक सामाजिक-आर्थिक जातीय जनगणना हुई थी और जिस पर करीब 46 लाख जातियां-उपजातियां और गोत्र निकल कर आये थे। यह संख्या इतनी बड़ी थी कि उस समय जिन लोगों ने यह रिपोर्ट तैयार की थी, उन लोगों ने इस रिपोर्ट को भी सार्वजनिक नहीं किया था। समाज कल्याण मंत्रालय के अनुसार अनुसूचित जातियां लगभग 1200 से अधिक थीं और अनुसूचित जनजातियां लगभग 750 से अधिक थीं और ओबीसी जातियां लगभग ढाई हजार के आस-पास थी। यह जात का पिटारा खोल कर कांग्रेस किसका भला करना चाहती है। कांग्रेस ने 50 वर्षों तक इस देश में हुकूमत की है तो पहले क्यों नहीं चिंता की कि जातिगत जनगणना करानी चाहिये और जाति के आधार पर लोगों को आरक्षण की सुविधा देनी चाहिये।
केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यदि कांग्रेस को लगता है कि भाजपा ने अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है, तो वे साहस के साथ आगे आएं और जनता की अदालत में अपना पक्ष रखें। भाजपा उनके हर आरोप का जवाब देगी। हम पूरी निष्ठा से यह कह सकते हैं कि कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राजद ने भारत की जनता से जो भी वादे किए, उन्हें कभी पूरा नहीं किया। उन्होंने केवल जनता को झूठे आश्वासन देकर गुमराह किया। भारतीय जनता पार्टी की ईमानदारी पर कोई प्रश्न नहीं उठा सकता। भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है।
श्री सिंह ने कहा कि झारखंड में 5 वर्षों से झामुमो-कांग्रेस और राजद की सरकार है, 5 वर्षों में इन्होंने झारखंड में लूट का माहौल बना दिया है। भ्रष्टाचार के मामले में स्वयं झारखंड के मुख्यमंत्री जेल जा चुके हैं। लंबे समय से देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकार है, लेकिन किसी भी मुख्यमंत्री पर आज तक एक भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।

