यह अकल्पनीय है कि विजयभाई हमारे बीच नहीं हैं: प्रधानमंत्री

| Published on:

     गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विजय रूपाणी का 12 जून, 2025 को 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया। श्री रूपाणी एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 में सवार थे, जो अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। 2 अगस्त, 1956 को उनका जन्म रंगून (अब यांगून), बर्मा में हुआ था, लेकिन वहां राजनीतिक अशांति होने के कारण श्री रूपाणी और उनका परिवार राजकोट, गुजरात आ गए थे। उन्होंने सौराष्ट्र विश्वविद्यालय से बीए और एलएलबी की डिग्री हासिल की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और उन्हें आपातकाल के दौरान जेल भी जाना पड़ा।

श्री रूपाणी लगातार आगे बढ़ते रहे: वह राजकोट के पार्षद् (1987) बने., महापौर (1996-97) बने, राज्यसभा सांसद (2006-12) रहे और गुजरात के कैबिनेट मंत्री (2014) के रूप में परिवहन, जल आपूर्ति, श्रम और रोजगार जैसे विभागों को संभाला। वे अगस्त, 2016 से सितंबर, 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। अपने शांत स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और ईमानदारी के लिए जाने जाने वाले श्री रूपाणी ने गुजरात के शासन पर एक अमिट छाप छोड़ी है— कोविड-19 महामारी की चुनौतियों के दौरान प्रदेश का नेतृत्व किया। उनके परिवार में उनकी पत्नी अंजलि, बेटा रुषभ और बेटी राधिका हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें ‘विनम्र और मेहनती’ कार्यकर्ता के रूप में याद किया तथा गुजरात के प्रति उनके समर्पण और सेवा की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने श्री विजयभाई रूपाणी के परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, “यह अकल्पनीय है कि विजयभाई हमारे बीच नहीं हैं। मैं उन्हें दशकों से जानता हूं। हमने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया, जिसमें सबसे चुनौतीपूर्ण समय भी शामिल है। विजयभाई विनम्र और मेहनती थे तथा पार्टी की विचारधारा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध थे। उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पूरी लगन से काम किया।”

प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का भी दौरा किया। उन्होंने ‘एक्स’ के जरिए बताया, “विनाश का दृश्य दु:खद है। अधिकारियों और टीमों ने घटना के बाद अथक परिश्रम किया। हमारी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस अकल्पनीय त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया है।”

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा, “अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय रुपाणी जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। वे भाजपा संगठन के सच्चे सिपाही और कर्तव्यनिष्ठ जनसेवक थे। रूपाणी जी का निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। गुजरात के विकास और जनसेवा के क्षेत्र में उनके विचार और कार्य सदैव याद किये जाएंगे। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।“

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजयभाई रूपाणी जी के साथ संगठन में लम्बे समय तक कार्य किया। चाहे प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन को सशक्त करना हो या मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात की विकास यात्रा को गतिशील रखना हो, विजयभाई ने हर दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया। यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा है कि अब वे हम सबके बीच नहीं रहे। स्वभाव से शांत व विचारशील रूपाणी जी की संगठन के प्रति निष्ठा और अनुशासनप्रियता अद्भुत थी। कुछ दिनों पूर्व ही उनसे भेंट हुई और पंजाब में संगठन संबंधी जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अंजलि रूपाणी जी से बात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। दुःख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने दिवंगत नेता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उन्हें मूल्यों, दूरदर्शिता और सेवाभाव वाले व्यक्ति के रूप में याद किया।