एन. रंगासामी ने पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

| Published on:

शपथ ग्रहण समारोह पुडुचेरी

      पुडुचेरी विधानसभा चुनाव-2026 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की निर्णायक जीत के बाद एनडीए नेता श्री एन. रंगासामी ने 13 मई, 2026 को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में रिकॉर्ड पांचवीं बार शपथ ली। यह समारोह पुडुचेरी के लोक निवास में हुआ, जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की वापसी का प्रतीक था।

उपराज्यपाल श्री के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री के साथ-साथ, ए. नमस्सिवयम (भाजपा विधायक दल के नेता) और मल्लादी कृष्ण राव (एआईएनआरसी विधायक) ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे,, जिनमें भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री बी. एल. संतोष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री वी. पी. रामलिंगम शामिल थे।

गौरतलब है कि एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 30 सदस्यीय सदन में पुन: सत्ता में वापसी की। चुनावों में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने 12 सीटें प्राप्त कीं और भारतीय जनता पार्टी ने 4 सीटें जीतीं। एआईएडीएमके और लछिया जननायगा कत्ची के एक-एक सीट के समर्थन से गठबंधन ने सरकार बनाने के लिए 18 सीटों का स्थिर बहुमत हासिल कर लिया।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश के माध्यम से श्री ए. नमस्सिवयम और उनकी टीम को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पुडुचेरी में नई एनडीए सरकार लोगों की भलाई के लिए पूरी लगन से काम करेगी और केंद्रशासित प्रदेश में विकास की गति को तेज करेगी। उन्होंने कहा, “पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर थिरु एन. रंगासामी जी को बधाई। उन्होंने एक अनुभवी और कुशल प्रशासक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है, जिन्होंने पुडुचेरी के विकास के सफर को मजबूत किया है। लोगों की भलाई के लिए उनके साथ काम करने की प्रतीक्षा है। उनके आगे के कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

पुडुचेरी में एनडीए की जीत दक्षिण भारत में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम है, जो गठबंधन के शासन मॉडल और विकास एजेंडे के लिए बढ़ते जनसमर्थन को दिखाता है एवं स्थिरता, पारदर्शिता और जन-केंद्रित शासन का स्पष्ट समर्थन है। इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह ने न केवलन पुडुचेरी में एक नई सरकार के गठन की शुरुआत की, बल्कि दक्षिण भारत में एनडीए के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का भी प्रतीक बना, जिससे केंद्रशासित प्रदेश की राजनीतिक यात्रा में एक नया अध्याय शुरू हुआ।

एन. रंगासामी पुडुचेरी एनडीए िवधायक दल के नेता चुने गए

हाल ही में संपन्न हुए पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में एनडीए की भारी जीत के बाद निवर्तमान मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस के संस्थापक श्री एन. रंगासामी को 08 मई, 2026 को पुडुचेरी में एनडीए विधायक दल के नेता के रूप में फिर से चुन लिया गया।

इसी बैठक में प्रदेश के गृह मंत्री श्री ए. नमस्सिवयम को एनडीए विधायक दल का उप-नेता चुना गया।
इससे एक दिन पहले श्री एन. रंगासामी ने केंद्र शासित प्रदेश में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए लोक भवन में उपराज्यपाल श्री के. कैलाशनाथन को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

श्री एन. रंगासामी जीवन परिचय

•श्री एन. रंगासामी एक अनुभवी राजनेता हैं। उनका जन्म 4 अगस्त, 1950 को पुडुचेरी में श्री नटेसन कृष्णसामी और श्रीमती पांचाली के यहां हुआ था।
•उन्होंने टैगोर आर्ट्स कॉलेज से बैचलर ऑफ कॉमर्स (बी.कॉम.) की पढ़ाई पूरी की और बाद में 1977 में डॉ. अंबेडकर गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, पुडुचेरी से बैचलर ऑफ लॉ (एलएल.बी.) की डिग्री हासिल की।
•वह अविवाहित हैं और अपनी बेहद सादगीपूर्ण, जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। अक्सर उन्हें चुनाव प्रचार के दौरान भी एक साधारण दोपहिया वाहन पर चलते हुए देखा जाता है।
•1991 से 2001 तक उन्होंने तीन अलग-अलग मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में कृषि, लोक निर्माण, शिक्षा और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विभागों को संभालते हुए कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया।
•उन्होंने पहली बार 27 अक्टूबर, 2001 को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया।
•वह दोबारा चुने गए और अगस्त, 2008 तक लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
•2011 से 2016 तक उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश सरकार का नेतृत्व किया।
•इसके बाद उन्होंने 2016 से 2021 तक विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया।
•2021 से 2026 तक वह चौथी बार मुख्यमंत्री रहे।
•उन्होंने अप्रैल-मई 2026 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को लगातार दूसरी जीत दिलाई, जिसमें गठबंधन ने 30 में से 18 सीटें हासिल कीं; इसके बाद उन्होंने पांचवीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

इससे पुडुचेरी की प्रगति को गति मिलेगी: नरेन्द्र मोदी



“पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर थिरु एन. रंगासामी जी को बधाई। उन्होंने एक अनुभवी और कुशल प्रशासक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है, जिन्होंने पुडुचेरी के विकास के सफर को मजबूत किया है। लोगों की भलाई के लिए उनके साथ काम करने की प्रतीक्षा है। उनके आगे के कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

इससे तेज प्रगति और जन कल्याण सुनिश्चित होगा: नितिन नवीन



“आज पुडुचेरी के लोक निवास में नई चुनी गई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुआ। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री एन. रंगासामी जी के नेतृत्व में इस ‘डबल-इंजन’ सरकार के माध्यम से एनडीए के विकास एजेंडे पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और जन कल्याण के क्षेत्रों में तेज प्रगति सुनिश्चित होगी।”

पुडुचेरी की विकास यात्रा नई ऊंचाइयों को छुएगी: राजनाथ सिंह



पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित नेता श्री एन. रंगासामी जी को बधाई। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में पुडुचेरी का विकास और जन कल्याण अभूतपूर्व गति से नई ऊंचाइयों को छुएगा। उनके सफल और परिवर्तनकारी कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं। आज शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों को भी बहुत-बहुत बधाई।”

हम एक ‘विकसित पुडुचेरी’ बनाने के लिए कटिबद्ध हैं: अमित शाह



“पुडुचेरी के मुख्यमंत्री थिरु एन. रंगासामी जी और मंत्रियों को उनके शपथ ग्रहण समारोह पर बधाई। पुडुचेरी में एनडीए का दोबारा चुना जाना लोगों की आकांक्षाओं की जीत है। मोदी जी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने पिछले पांच वर्षों में अभूतपूर्व कल्याण और विकास पहलों के माध्यम से इस केंद्रशासित प्रदेश को फिर से प्रगति की राह पर ला खड़ा किया है। हम आने वाले समय में पुडुचेरी को व्यापार, पर्यटन और उत्पादन का केंद्र बनाकर एक विकसित पुडुचेरी बनाने के लिए कटिबद्ध हैं।”