भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लखनऊ में आयोजित ‘शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन’ को संबोधित किया

| Published on:

भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने आज रविवार को उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन लखनऊ में आयोजित ‘शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन’ को संबोधित उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने की अपील की। श्री नितिन नवीन ने विपक्ष पर तुष्टिकरण, परिवारवाद और समाज को बाँटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम से पूर्व, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लखनऊ के गोमती नगर स्थित होटल ताज में एनडीए गठबंधन के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक की। इसके पश्चात उन्होंने लखनऊ सदर के बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी दौरा किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री बी.एल. संतोष, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य तथा श्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महानमंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

श्री नवीन ने कहा कि जिस प्रकार की ऊर्जा मुझे चारों ओर दिखाई दे रही है, वह इस बात का परिचायक है कि वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता शक्ति केंद्रों की ताकत, उनके संयोजकों के परिश्रम और मेहनत के बल पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाने का संकल्प लेकर तैयार बैठा है। जब कार्यकर्ताओं का उत्साह और ऊर्जा साथ होती है, तब विपक्ष चाहे कितनी भी ताकत लगा ले, भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता उसे धूल चटाने का काम करेगा। उत्तर प्रदेश जैसा विशाल भौगोलिक राज्य, जहाँ भारत की आत्मा बसती है और जहाँ प्रभु श्रीराम का जन्म हुआ, वह सभी के लिए प्रेरणा का केंद्र है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम केवल आदर्श ही नहीं, बल्कि सभी को जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी देते हैं। जब व्यक्ति आस्था के साथ स्वयं को उनसे जोड़ता है तो उसे जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। यह भूमि ऋषियों, संतों और महापुरुषों की भूमि है, जिसने केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को संदेश देने वाले महान व्यक्तित्व दिए हैं। उत्तर प्रदेश की इस पवित्र भूमि और मिट्टी ने भारत की आत्मा और संस्कृति को नई दिशा दी है। हम आज श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी स्मरण करते हैं, यह उनकी कर्मभूमि रही है, जहाँ से कार्यकर्ताओं ने प्रेरणा लेकर देश को नेतृत्व देने का कार्य किया।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भ्रमण करते समय मुझे गर्व की अनुभूति हुई। उत्तर प्रदेश ने विकास और विरासत के क्षेत्र में अनेक कार्य किए हैं, लेकिन ‘राष्ट्र प्रथम’ के उद्घोष को साकार करने के लिए जिस प्रकार श्रद्धेय डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की आदमकद प्रतिमाओं के साथ इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया गया है, वह आने वाले वर्षों तक केवल भाजपा के कार्यकर्ताओं ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भी प्रेरणा देता रहेगा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व विकास और विरासत को साथ लेकर चलता है। इस प्रेरणा स्थल से शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। इस प्रेरणा स्थल का उद्घाटन आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। मुझे कॉफी टेबल बुक देखने का अवसर भी मिला और जिस सोच और विचार के साथ यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, उसी दिशा में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार विकास और विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। भीषण गर्मी के बावजूद भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में कमल खिलाने के लिए तैयार रहता है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद और क्षेत्रीय दबंगों का राज देखा था। उस समय प्रत्येक जिले में अलग-अलग दादा, गुंडे और माफिया का प्रभाव था, जबकि लखनऊ में बैठी सरकार अलग ढंग से चलती थी। आज जहाँ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ का विजन है, वहीं पहले प्रत्येक जिले में अलग-अलग दबंगों का मॉडल चलता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गुंडाराज और माफियाराज को केवल जिलों से ही नहीं, बल्कि गाँवों और कस्बों से भी समाप्त करने का कार्य किया है।

श्री नवीन ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के नए-नए आयाम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से प्रदेश की नई तस्वीर पूरे देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत हो रही है। विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का जो मॉडल अपनाया गया है, उसे राज्य का नेतृत्व प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है। एक समय इस देश में यह कहा जाता था कि दिल्ली से भेजा गया एक रुपया गरीब तक पहुँचते-पहुँचते केवल 15 पैसे रह जाता है। लेकिन आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जनधन खातों के माध्यम से ऐसी व्यवस्था बनाई है कि चाहे केंद्र सरकार हो या योगी आदित्यनाथ सरकार, गरीब के लिए भेजा गया एक-एक रुपया सीधे उसके खाते तक पहुँचता है। यह बहुत बड़ा परिवर्तन है। पहले बिचौलियों का राज था और दिल्ली तथा लखनऊ में बैठी सरकारें उसका लाभ उठाती थीं, लेकिन आज उत्तर प्रदेश को उस बदहाली, तुष्टिकरण और अराजक नीतियों से बाहर निकालने का कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। जिस उत्तर प्रदेश और बिहार को कभी बीमारू राज्य कहा जाता था, आज यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के कारण दोनों राज्य विकास के अनेक पैमानों पर अग्रणी बनकर उभरे हैं। जिन राज्यों में कभी अपराधियों और जंगलराज का बोलबाला था, वहाँ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपराधियों के शासन का अंत किया है। एक समय ऐसा था जब महिलाएँ शाम के बाद घर से निकलने में डरती थीं और परिवार के सदस्य के सुरक्षित लौटने को लेकर संशय में रहती थीं, लेकिन आज महिलाएँ गर्व से कहती हैं कि वे मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाले शासन में सुरक्षित हैं। आज देश के प्रधानमंत्री युवा, महिला, गरीब और किसान की बात करते हैं। देश की आधी आबादी को सम्मान दिलाने के लिए 12 करोड़ शौचालय बनाए गए और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने महिलाओं को सम्मान और स्वाभिमान दिया है तथा आगे भी उन्हें अधिक अधिकार देने की दिशा में कार्य कर रही है।

आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की विरासत को सहेजने का कार्य भी अभूतपूर्व ढंग से किया गया है। पहले काशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुँचने के लिए संकरी गलियों से गुजरना पड़ता था और उन्हें यह देखकर पीड़ा होती थी कि भोले बाबा का धाम सीमित हो गया है। आज काशी विश्वनाथ धाम का स्वरूप देखकर प्रत्येक भारतीय को गर्व होता है और गंगा तट पर स्थित इस भव्य धाम के दर्शन से श्रद्धा और गौरव की अनुभूति होती है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर को लेकर कुछ लोग आज भी प्रश्न उठाते हैं, जबकि यही वे लोग हैं जिन्होंने कभी प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाया था, सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर उन्हें काल्पनिक बताया था और रामसेतु के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए थे। यही वे लोग हैं जिन्होंने अयोध्या में कारसेवकों पर गोलियाँ चलवाई थीं। ऐसे लोग आज आस्था की बात करते हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पाँच सौ वर्षों के संघर्ष और लंबे समर्पण के बाद प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। कोई भी प्रभु श्री राम मंदिर की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता और आवश्यकता पड़ने पर भारतीय जनता पार्टी हर स्तर पर कार्रवाई भी करेगी तथा आवश्यक सुधार भी सुनिश्चित करेगी।

श्री नवीन ने कहा कि हिंदू विरोधी ताकतों ने हमेशा हिंदू धर्म, हिंदू देवी-देवताओं और देश की आस्था का अपमान किया है। यदि राहुल गांधी, अखिलेश यादव या अरविंद केजरीवाल जैसे नेता आज राजनीति के लिए हिंदू आस्था का सहारा लेना चाहते हैं, तो वे यह न समझें कि हिंदू समाज उनके झाँसे में आ जाएगा। जब-जब हिंदू देवी-देवताओं का अपमान हुआ, तब ये लोग मौन रहे। तमिलनाडु में हिंदू पूजा पद्धति पर सवाल उठे, बिहार में रामचरितमानस का अपमान हुआ और हिंदू आस्था को ठेस पहुँचाई गई, तब भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने चुप्पी साधे रखी। कारसेवा आंदोलन के दौरान मेरे पिता भी पटना से कारसेवक के रूप में अयोध्या गए थे और उन्हें दो महीने तक जेल में रहना पड़ा था। उस समय मैं स्वयं छोटा था और परिवार को यह चिंता रहती थी कि मेरे पिताजी कब लौटेंगे। भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं ने अपनी आस्था के लिए संघर्ष और बलिदान दिया है। विपक्ष की विरासत हिंदुओं पर गोलियाँ चलाने की रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की विरासत अपनी आस्था और देवी-देवताओं के लिए बलिदान देने की रही है। भारतीय जनता पार्टी ने विरासत को संजोया है, उसे आगे भी सुरक्षित रखेगी और प्रत्येक हिंदू को उस पर गर्व करने के लिए प्रेरित करेगी।

श्री नवीन ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए आया हूं और लखनऊ के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर मुझे विश्वास हुआ है कि प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता विपक्ष को करारा जवाब देगा तथा जनता के बीच प्रत्येक विषय पर प्रभावी ढंग से अपनी बात रखेगा। वैश्विक अस्थिरता के दौर में भी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व ने देशवासियों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी। भारत ने अपनी कूटनीतिक और राजनीतिक नीति के माध्यम से सभी देशों के साथ संतुलित संबंध बनाए रखे और इसी कारण वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रही। राष्ट्र प्रेरणा स्थल मुझे भी प्रेरित करता है। यहां बैंठे शक्ति केंद्र के सभी संयोजक उस दल के कार्यकर्ता हैं, जिसके नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी रहे हैं। एक ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, दूसरे ने ‘अंत्योदय’ और तीसरे ने ‘सुशासन’ का मंत्र दिया। आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी इन तीनों विचारों को एक साथ लेकर जनता की सेवा कर रहे हैं। कल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 125वीं जयंती है और मुझे उस स्थान पर जाने का अवसर मिलेगा जहाँ उन्होंने अनुच्छेद 370 को समाप्त कराने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष ने राष्ट्रहित के लिए अपने प्राण न्योछावर किए और भारतीय जनता पार्टी की परंपरा राष्ट्र तथा आस्था के विषयों पर हर प्रकार का बलिदान देने की रही है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अनुच्छेद 370 समाप्त कर जम्मू-कश्मीर को नई दिशा देने का कार्य किया।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2011 की राष्ट्रीय एकता यात्रा के समय मैं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री था। उस समय जब हम श्रीनगर के लाल चौक पर 26 जनवरी को तिरंगा फहराने की अनुमति लेने गए, तब प्रशासन ने कहा था कि तिरंगा फहराने से घाटी में अशांति फैल जाएगी। यह उस समय का भारत था, जब राष्ट्रध्वज के सम्मान को लेकर भी संकोच का वातावरण था। उस समय राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव जैसे नेता मौन थे। लाल चौक पर पाकिस्तान का झंडा लहराता था और केंद्र तथा जम्मू-कश्मीर की सरकारें चुप रहती थीं। बाद में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में परिस्थितियाँ पूरी तरह बदल गईं। आज लाल चौक पर गर्व के साथ तिरंगा लहराता है और प्रत्येक भारतीय को यह देखकर गर्व होता है कि नया भारत अपने राष्ट्रध्वज के सम्मान के लिए दृढ़ता से खड़ा है। वर्ष 2012 में जब हम तवांग यात्रा पर गए, तो उस समय चीन की सीमा तक उत्कृष्ट सड़कें थीं, जबकि भारत की ओर सड़कें कच्ची थीं। सैनिकों और स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि 1962 के बाद तत्कालीन सरकारों की सोच यह थी कि यदि सीमा तक सड़कें बना दी गईं तो विदेशी ताकतों को लाभ मिलेगा। आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सीमा तक चार लेन सड़कें बन रही हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि नया भारत राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

श्री नवीन ने कहा कि आज भारत के सैनिक गर्व के साथ अपना दायित्व निभा रहे हैं, क्योंकि सीमाओं पर सड़कें भी बन रही हैं और आधुनिक एयरबेस भी तैयार किए जा रहे हैं। यह स्पष्ट करता है कि देश को ऐसा निर्णायक नेतृत्व मिला है जिसकी नीयत स्पष्ट है, नीतियाँ स्पष्ट हैं और जिसमें निर्णय लेने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि ऐसा नेतृत्व यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का है। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश से जो जनादेश निकलेगा, वह केवल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की हैट्रिक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वर्ष 2029 में दिल्ली में भी भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त करेगा। पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ बूथ जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है। हमें विश्वास है कि यदि शक्ति केंद्र का प्रत्येक कार्यकर्ता संकल्प लेकर अपने बूथ को मजबूत करने में जुट जाएगा, तो वह बूथ, जिला, प्रदेश और राष्ट्र, सभी को शक्ति प्रदान करेगा। विपक्ष चाहे कितना भी एकजुट हो जाए, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को उससे डरने की आवश्यकता नहीं है। इतिहास में भी अधर्म की शक्तियाँ हमेशा संख्या में अधिक रही हैं, लेकिन विजय धर्म की ही हुई है। भारतीय जनता पार्टी ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’ के सिद्धांत पर कार्य करती है। देश की मिट्टी के लिए प्राण न्योछावर किए जा सकते हैं, लेकिन देश की मिट्टी के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने लाल किले की प्राचीर से देश के युवाओं का आह्वान किया था कि एक लाख से अधिक युवा राजनीति में आएँ और देश का नेतृत्व करें। भारतीय जनता पार्टी ऐसा संगठन है जहाँ बूथ और शक्ति केंद्र पर कार्य करने वाला कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक का अवसर प्राप्त कर सकता है। यही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता है। विपक्षी दलों में केवल परिवार विशेष में जन्म लेने वाला व्यक्ति ही शीर्ष पद तक पहुँच सकता है। जब-जब देशहित का विषय आया, तब राहुल गांधी ने विदेशी ताकतों से समझौते किए और देश के सम्मान का उपहास उड़ाया। उन्हें भारत के इतिहास, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर नहीं, बल्कि केवल अपने परिवार पर गर्व है। कांग्रेस आज समाप्तप्राय स्थिति में पहुँच चुकी है। इस बार भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी की राजनीति को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लेकर मैदान में उतरेगा। इस बार साइकिल पंचर नहीं, खराब ही हो जाएगी। भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर कार्य करती है, जिसे आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश को दिया है। भारतीय जनता पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और उसके विकास तथा सुरक्षा के लिए कार्य करने में विश्वास रखती है। पार्टी किसी व्यक्ति की जाति या समाज नहीं देखती, बल्कि यह देखती है कि वह भारत माता का पुत्र है और उसके विकास तथा सम्मान के लिए कार्य किया जाना चाहिए।

श्री नवीन ने कहा कि आने वाले समय में विपक्षी दल समाज को बाँटने का प्रयास करेंगे। जिस प्रकार अंग्रेजों ने ‘डिवाइड एंड रूल’ की नीति अपनाई थी, उसी प्रकार कांग्रेस और अखिलेश यादव की राजनीति भी समाज को विभाजित करने का प्रयास करती है। अब समय बदल चुका है। यह यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का समय है और अब देश तथा समाज को कोई बाँट नहीं सकता। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प शक्ति केंद्र का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरा करेगा। यदि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना साकार करना है, तो भारतीय जनता पार्टी को लगातार प्रचंड बहुमत से विजयी बनाना होगा। पूर्वजों और वरिष्ठ नेताओं ने संघर्ष और समर्पण से संगठन को इस ऊँचाई तक पहुँचाया है, अब वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि वह उसी समर्पण के साथ नए भारत की नई इबारत लिखे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि भीषण गर्मी में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिनंदन के पात्र हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं की ऊर्जा ही नेतृत्व की सबसे बड़ी शक्ति होती है। यदि कार्यकर्ता इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तो भारतीय जनता पार्टी ऐसी ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी जिसकी विपक्ष ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी को परम वैभव तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा।