भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 9 नवंबर, 2024 को झारखंड के विश्रामपुर एवं रामगढ़ में जनसभाओं को संबोधित करते हुए मोदी सरकार द्वारा झारखंड और आदिवासियों के लिए किए गए विकास और कल्याण कार्यों को रेखांकित किया और हेमंत सोरेन की भ्रष्ट सरकार पर जमकर निशाना साधा।
श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। इस बार उनकी 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव वर्ष मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के गांव जाकर उस माटी को नमन किया और जनजाति समाज को देश की मुख्यधारा से जोड़ा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर देश को आदिवासी समुदाय से पहला राष्ट्रपति दिया। मोदी सरकार ने जनजातीय लोगों के विकास के बजट को 3 गुना बढ़ाया। एकलव्य मॉडल स्कूल के बजट को 21 गुना बढ़ाया गया। पहले केवल 10 वन उत्पादों पर एमएसपी प्रदान की जाती थी, आज 90 वन उत्पादों पर एमएसपी मिल रही है। केंद्र सरकार ने देश में 11 करोड़ से अधिक इज्जतघरों का निर्माण किया, जिनमें से 1.5 करोड़ आदिवासी समाज के लोगों के लिए बनाए गए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 24 हजार करोड़ रुपये के बजट के साथ पीएम जनमन योजना की शुरुआत की है, जो आदिवासी समाज की तस्वीर और तकदीर को बदलकर रख देगा।
श्री नड्डा ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार घोटालेबाजों की सरकार है जिसने जनता के साथ सिर्फ छल किया। इन्होंने बेकारी भत्ता, महिलाओं को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी देने का वादा किया, मगर एक भी पूरा नहीं किया। कांग्रेस, आरजेडी और जेएमएम छलावे और धोखा देने के साथ चोरों का साथ देने वाली सरकार है। इनके अफसरों और सीए के घरों से 25 से 30 करोड़ रुपये नकदी बरामद किए गए। हेमंत सोरेन के साथ साथ उनके अफसरों को भी जेल जाना पड़ा और हेमंत सोरेन अब भी बेल पर बाहर हैं, दोषमुक्त नहीं हुए हैं। झारखंड में कांग्रेस के सांसद के घर से 322 करोड़ रुपए मिले, जिसे गिनने में हफ्ते भर का समय लगा। हेमंत सोरेन सरकार के मंत्री के पीए के घर से 22 करोड़ रुपए बरामद हुए। यह सभी पैसे झारखंड की जनता के हैं। इन चोर और बेईमानों की बारात को घर बैठाने की आवश्यकता है। भाजपा सरकार के समय प्रदेश में नक्सलियों पर नकेल कसने का काम किया गया था, मगर हेमंत सोरेन की सरकार में नक्सलियों के हौंसले बढ़ गए। झारखंड के विकास, अस्मिता के बचाव और उज्ज्वल भविष्य का रास्ता केवल कमल की सरकार है। श्री नड्डा ने भाजपा और एनडीए को भारी मतों से जिताकर, झारखंड में ‘डबल इंजन’ सरकार बनाने की अपील की।
मुख्य बातें
•झारखंड की रोटी, बेटी और माटी की पुकार, इस बार भाजपा-एनडीए की सरकार
• हेमंत सोरेन ने जनता से जितने भी वादे किए, वो सब झूठे निकले और भ्रष्टाचार के मामले में उनके साथ-साथ उनके अफसरों को भी जेल की हवा खानी पड़ी
• भाजपा की सरकार बनने के बाद सभी घुसपैठियों को बाहर निकाल जाएगा। ये घुसपैठिए झारखंड की बेटियों के साथ विवाह कर उनकी जमीने हड़पते हैं, भाजपा सरकार एक ऐसी व्यवस्था बनाएगी, जिससे इनकी संतानों को कोई भी आदिवासी अधिकार प्राप्त नहीं हो सकेंगे
• भाजपा सरकार के समय प्रदेश में नक्सलियों पर नकेल कसा था, मगर हेमंत सोरेन की सरकार में नक्सलियों के हौंसले बढ़ गए
• मोदी सरकार ने जनजातीय विकास बजट को 3 गुना और एकलव्य मॉडल स्कूल का बजट 21 गुना बढ़ाया। पहले केवल 10 वन उत्पादों पर एमएसपी प्रदान की जाती थी, आज 90 वन उत्पादों पर एमएसपी मिल रही है
• झारखंड में भाजपा सरकार बनने के बाद गोगो दीदी योजना के माध्यम से हर महीने की 11 तारीख को 2100 रुपए माताओं-बहनों के खातों में भेज जाएंगे

