शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले 19 फरवरी, 2025 को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से श्रीमती रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल की नेता के रूप में चुना गया।
भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में उनके चुनाव के बाद श्रीमती रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल श्री वी.के. सक्सेना से भेंट की और दिल्ली में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।
बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षकों— श्री रविशंकर प्रसाद एवं श्री ओमप्रकाश धनखड़ की उपस्थिति में सभी 48 नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों ने भाग लिया।
श्रीमती गुप्ता 1990 के दशक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् में शामिल हुईं। इसके बाद उन्होंने भाजपा में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। तीन बार पार्षद और एसडीएमसी की पूर्व मेयर के रूप में उनका कार्यकाल यशस्वी रहा है।
2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराना उनकी राजनीतिक यात्रा में उल्लेखनीय है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली भाजपा की पूर्व महामंत्री के रूप में उनकी दिल्ली की राजनीति में एक विशिष्ट पहचान बनी हुई है। वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री और श्रीमती सुषमा स्वराज के बाद दूसरी महिला भाजपा मुख्यमंत्री बनीं।
घोषणा के बाद श्रीमती रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय एवं दिल्ली भाजपा नेतृत्व और सभी भाजपा विधायकों को उनके भरोसे के लिए धन्यवाद दिया।
श्रीमती रेखा ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, “मुझ पर भरोसा करके मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।”

