गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की शानदार जीत

| Published on:

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 18 फरवरी को गुजरात स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की शानदार जीत की सराहना करते हुए इसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की विकासात्मक पहलों में लोगों के अटूट विश्वास का प्रमाण बताया।

श्री नड्डा ने गुजरात के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री सी.आर. पाटिल एवं प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

गुजरात में 1 नगर निगम, 68 नगरपालिकाओं और 3 तालुका पंचायतों के लिए 16 फरवरी को चुनाव हुए थे। घोषित परिणामों में, भाजपा ने जूनागढ़ नगर निगम में विजय प्राप्त की, जबकि 60 नगरपालिकाओं एवं सभी तीन तालुका पंचायतों में भी ऐतिहासिक जीत हासिल की।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में श्री नड्डा ने लिखा, “गुजरात नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय पर मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री सी.आर. पाटिल जी और भाजपा गुजरात प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं। यह ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में क्रियान्वित हो रही समावेशी, विकासोन्मुखी एवं कल्याणकारी नीतियों पर जनता जनार्दन के अटूट विश्वास का प्रतीक है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि गुजरात स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, गुजरात के लोगों ने एक बार फिर मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की नीतियों और पहलों के प्रति समर्थन व्यक्त किया है। गुजरात की जनता ने कांग्रेस को नकार कर नगरीय निकाय चुनाव में भी भाजपा के पक्ष में समर्थन दिया।