भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड प्रवास
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान देहरादून में कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया तथा भाजपा नेताओं के साथ संवाद स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर गहन चर्चा की। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री बी. एल. संतोष, उत्तराखंड के प्रभारी श्री दुष्यंत गौतम और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट सहित अन्य नेतागण भी उपस्थित रहे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन 29 मई, 2026 को देहरादून के राजपुर रोड स्थित होटल वेलकम मधुबन में भाजपा सांसदों एवं विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों एवं महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की अध्यक्षता भी की। इसके पश्चात् श्री नवीन ने महापौरों, नगर परिषद् एवं पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों तथा ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक की और देहरादून में मीडिया को संबोधित किया।
श्री नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंतर संगठन विस्तार, कार्यकर्ता सशक्तीकरण और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र की प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। भाजपा का संगठनात्मक ढांचा ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम से पार्टी नए आयाम स्थापित कर रही है। आगामी समय में उत्तराखंड में संगठन और अधिक सशक्त होकर जनता के विश्वास को और मजबूत करेगा।
स्व. भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने 29 मई, 2026 को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री नवीन ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत नेता के योगदान और सार्वजनिक जीवन में उनके लंबे राजनीतिक सफर को स्मरण किया।
युवा संवाद कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने 30 मई, 2026 को देहरादून में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। श्री नितिन नवीन ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताते हुए खेल, स्वच्छता, नशामुक्ति, राजनीति, स्टार्टअप और राष्ट्रीय विकास जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा मिला है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन, 12 करोड़ शौचालय निर्माण, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं में आत्मविश्वास जगाया है। श्री नवीन ने नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता, महिलाओं की सुरक्षा, राजनीति में धैर्यपूर्ण सहभागिता तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान करते हुए युवाओं से भारत के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट सहित अन्य नेतागण भी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने खेलो इंडिया को धरातल तक उतारा, जिससे लोगों और युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ी। यही कारण है कि पिछले वर्षों में जो अंतरराष्ट्रीय आयोजन हुए, चाहे वह ओलंपिक हो, कॉमनवेल्थ गेम्स हो, एशियन गेम्स हो, क्रिकेट हो या बैडमिंटन से लेकर लॉन टेनिस तक अन्य खेल हों, अब हमारे खिलाड़ी हर क्षेत्र में आगे आ रहे हैं। श्री नवीन ने कहा कि यदि देश में 2 लाख स्टार्टअप हैं, तो वे भारत के युवाओं के ही प्रयासों का परिणाम हैं और भारत का युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
बूथ समिति बैठक
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने 30 मई, 2026 को अपने उत्तराखंड प्रवास के आखिरी दिन देहरादून में स्थित गढ़ी कैंट में आयोजित बूथ समिति बैठक को संबोधित किया। श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं से बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने हेतु निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट और उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी सहित अन्य नेतागण भी उपस्थित रहे।

