आम आदमी पार्टी की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है : अमित शाह

| Published on:

बदलाव रैली, मोगा (पंजाब)

     केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने 14 मार्च, 2026 को पंजाब के मोगा में आयोजित ऐतिहासिक ‘बदलाव रैली’ को संबोधित किया और पंजाब में नशे, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और धर्म परिवर्तन की समस्या के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कार्यक्रम में मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुघ, पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री सुनील जाखड़, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री अश्विनी शर्मा, केंद्रीय मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

श्री शाह ने कहा कि यदि पंजाब को नशे से कोई मुक्त कर सकता है, तो केवल और केवल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी ही यह कार्य कर सकती है। भारतीय जनता पार्टी ने करके दिखाया है। कश्मीर से धारा 370 समाप्त की गई और आज नक्सलवाद भी समाप्त होने के कगार पर है। यदि पंजाब को नशे से मुक्त कराना है, तो इसके लिए पंजाब में ‘डबल इंजन’ वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार आवश्यक है। आज पंजाब पूरी तरह कर्ज, ड्रग्स, धर्म परिवर्तन, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरों के आतंक से तबाह हो चुका है। उद्योग पंजाब छोड़कर जा रहा है और किसानों का कोई परवाह करने वाला नहीं रह गया है। यदि पंजाब के युवाओं की बेरोजगारी दूर करनी है, तो अब बदलाव जरूरी है। पंजाब की जनता ने बहुत मौके दिए हैं। कांग्रेस को भी दिए, अकाली दल को भी दिए और आम आदमी पार्टी को भी दिए। अब एक मौका भारतीय जनता पार्टी को देकर देखिए, भारतीय जनता पार्टी पंजाब में परिवर्तन लाएगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी परिवर्तन का वादा करके सत्ता में आई थी। आम आदमी पार्टी के नेता जवाब दें कि उनके मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं? पूरे देश में जहां-जहां अरविंद केजरीवाल को जाना होता है, वहां पंजाब सरकार के खर्चे से विमान लेकर उनके पायलट बनकर जाने के अलावा मुख्यमंत्री ने कुछ नहीं किया है। आम आदमी पार्टी ने 25 लाख नौकरियों का वादा किया था, लेकिन क्या लोगों को नौकरी मिली? चार महीने में पंजाब को नशा मुक्त करने का वादा किया गया था, क्या वह पूरा हुआ?

                                                                प्रमुख बिंदु

-आम आदमी पार्टी की सरकार में धर्म परिवर्तन चरम पर है, पंजाब में भाजपा सरकार सबसे पहला बिल धर्म परिवर्तन पर प्रतिबंध लाएगी
-कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पंजाब को कर्ज, ड्रग्स और भ्रष्टाचार में डुबो दिया, नशामुक्त, विकासयुक्त पंजाब मोदीजी और भाजपा ही बना सकते हैं
-कांग्रेस ने अकाल तख्त पर टैंक चढ़ाए और सिख-हिंदू एकता को नुकसान पहुंचाया, पंजाब का विकास दोनों की एकता से ही संभव है
-कांग्रेस की गुरुओं पर श्रद्धा होती, तो करतारपुर साहिब पाकिस्तान में न होता, मोदी सरकार ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर शुरू कर दर्शन का रास्ता खोला।
-मोदी सरकार ने सीएए के माध्यम से अफगानिस्तान और पाकिस्तान से आए सिखों को नागरिकता दी और गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप भारत लाने की व्यवस्था की।
-कांग्रेस ने 2013 में डब्ल्यूटीओ में किसानों की सब्सिडी बंद करने का समझौता किया, जिसे 2014 में मोदी सरकार ने रद्द कर किसानों के हित सुरक्षित किए
-आम आदमी पार्टी की सरकार वादाखिलाफी की सरकार है, 25 लाख नौकरियों, 16 हजार दवाखानों और सभी फसलों पर एमएसपी के वादे पूरे नहीं किए
-घोटाले पर घोटाले करने वाली पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने विज्ञापनों पर 800 करोड़ रुपए खर्च किए

16,000 सरकारी दवाखाने बनाने का वादा किया गया था, क्या वे बने? विधवा पेंशन और बुजुर्ग पेंशन को 2500 रुपये करने का वादा किया गया था, क्या वह लागू हुआ? 16 मेडिकल कॉलेज बनाने की बात कही गई थी, क्या वे बने? खनन से 20,000 करोड़ रुपये की आय बढ़ाने का वादा किया गया था, क्या वह बढ़ी? सभी फसलों पर एमएसपी देने का वादा किया गया था, क्या वह पूरा हुआ? सिख विरोधी दंगों में 5 लाख रुपये का मुआवजा देने का वादा भी पूरा नहीं किया गया। आम आदमी पार्टी की सरकार वादाखिलाफी की सरकार है और वह पंजाब का भला नहीं कर सकती। यह भ्रष्टाचारी सरकार है, जो आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। यहां के मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए, क्योंकि दिल्ली से चार सूबेदार आकर बैठे हैं और पंजाब का धन लूटकर दिल्ली भेज रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री उफ़ भी नहीं कर सकते हैं।

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मान्यता देकर पूरे देश में साहिबजादों के सम्मान का कार्य किया। वर्ष 1984 के सिख दंगों में सिखों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ साढ़े तीन सौ से अधिक मामलों को दर्ज किया गया। कांग्रेस सरकार ने अपने एक भी नेता को जेल में नहीं डाला था, जबकि कई नेताओं को जेल भेजने का काम किया गया।