भाजपा कार्यकर्ता ‘सेवा ही धर्म’ के मंत्र पर कार्य करें : नितिन नवीन

| Published on:

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का गुजरात प्रवास

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने पार्टी की संगठनात्मक सक्रियता को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से 20 फरवरी से 22 फरवरी, 2026 तक गुजरात का तीन दिवसीय प्रवास किया। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद प्रदेश की यह उनकी पहली यात्रा थी, जिसने नेतृत्व, जनप्रतिनिधियों और पार्टी की रीढ़— जमीनी स्तर के समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही, उन्होंने युवाओं, उद्यमियों, व्यापारियों और प्रोफेशनल्स से भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे देश के चहुंमुखी विकास पर चर्चा की

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन 20 फरवरी, 2026 को तीन दिवसीय गुजरात प्रवास के दौरान अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के धूमधाम से उनका भव्य स्वागत किया। इस अभूतपूर्व स्वागत के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गुजरात भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक धन्यवाद दिया। पूरा इलाका भाजपा के झंडों, ‘भारतमाता की जय’ के नारों और ‘नितिन नवीन जिंदाबाद’ के उद्घोष से आच्छादित हो गया था।

श्री नवीन ने अपने सम्मान में आयोजित ‘अभिनंदन समारोह’ में राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व को 21वीं सदी के भारत के विकास का आधार बताया। श्री नवीन ने गुजरात के कार्यकर्ताओं के परिश्रम को ‘विकसित गुजरात’ की सफलता का श्रेय दिया तथा 2027 और 2029 के चुनावों के लिए पूरी तैयारी का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से ‘सेवा ही धर्म’ के मंत्र पर कार्य करने की अपील की। अभिनंदन समारोह के पश्चात् श्री नवीन ने गुजरात के भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की और उन्हें जनता के प्रति सेवा और समर्पण का मंत्र दिया। अभिनंदन समारोह के कार्यक्रम में मंच पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल, गुजरात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री जगदीश विश्वकर्मा, उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष सांघवी और जिलाध्यक्ष श्री प्रेरक शाह सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

श्री नवीन ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में गुजरात में यह मेरा पहला प्रवास है, लेकिन जिस भावना और अपनत्व के साथ गुजरात पूरे देश को नेतृत्व दे रहा है और गुजरात की धरती के लाल आज पूरे देश तथा विश्व का नेतृत्व कर रहे हैं, इसलिए मैं इस पवित्र धरती को नमन करता हूं। गुजरात की यह भूमि महात्मा गांधी की भूमि है, जिसने इस देश को अहिंसा जैसे विचार दिए, जिनके बल पर भारत ने पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई। इसी धरती ने उस व्यक्तित्व को भी जन्म दिया, जिन्होंने भारत को एक करने का बीड़ा उठाया। लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने गृहमंत्री के रूप में जिस प्रकार भारत को एक करने का कार्य किया, वह आज देश के प्रत्येक नागरिक को गौरवान्वित करता है कि गुजरात के लाल ने पूरे भारत को एक सूत्र में बांधा।

उन्होंने कहा कि गुजरात ने अनेक ऐसे महापुरुषों को जन्म दिया, जिन्होंने इस देश की संस्कृति और विरासत को समृद्ध किया। 21वीं सदी का भारत यदि आज विरासत के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तो इसका श्रेय गुजरात के लाल और भारत के प्रधानसेवक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। मैं आज गुजरात की धरती से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन करता हूं। मैं इसी गुजरात के लाल, भारत के वर्तमान गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पार्टी को सबसे बड़ा विस्तार देने वाले श्री अमित शाह का भी अभिनंदन करता हूं। साथ ही, गुजरात के सभी कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन करता हूं। इन्हीं कार्यकर्ताओं के परिश्रम, संघर्ष और पुरुषार्थ के बल पर आज गुजरात ‘विकसित गुजरात’ के रूप में आगे बढ़ रहा है, उसका श्रेय यहां नेतृत्व को जाता है और उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को भी जाता है।

श्री नवीन ने कहा कि गुजरात ने लंबे समय तक भाजपा की सरकार में विकास को देखा है। हमारी सरकार ने गुजरात के एक-एक गांव और एक-एक कस्बे को विकास की योजनाओं से जोड़ा है। आज गुजरात केवल देश को ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को भी दिशा दे रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व भारत को पूरे विश्व में एक नई पहचान के साथ उभरता हुआ देश बना रहा है। उन्होंने गुजरात के सभी लोगों और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके आशीर्वाद और परिश्रम के बल पर ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश को निरंतर आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। गुजरात के भाई-बहनों ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता सिद्ध की है। आने वाले समय में वर्ष 2027 और 2029 में होने वाले चुनावों के लिए हमें पूरी ताकत के साथ तैयार रहना है।