बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, अहमदाबाद (गुजरात)
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने 21 फरवरी को गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री बी.एल. संतोष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री जगदीश विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री रत्नाकर, कर्णावती महानगर के अध्यक्ष श्री प्रेरक शाह सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
श्री नवीन ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से जिस नेतृत्व ने राजनीति को सेवा का माध्यम माना है, उस सोच को आगे बढ़ाते हुए हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने यह स्पष्ट किया है कि सत्ता सेवा का माध्यम होनी चाहिए। मैं पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल के कार्यों को नजदीक से देख रहा था और जिस प्रकार गुजरात के विकास की चर्चा सुनता था, आज उसे विकास के हर पैमाने पर वास्तविक रूप में देखा है। मैं अभी गिफ्ट सिटी का अवलोकन कर लौटा हूं, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्रीजी जो सपना देखते हैं, उसे साकार करने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि गुजरात के युवाओं ने स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गुजरात ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बड़े निवेश आकर्षित कर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की है, जिससे आने वाले समय में गुजरात का युवा केवल जॉब सीकर ही नहीं है, जॉब गिवर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश में कुछ ऐसे तत्व भी सक्रिय हैं जो लगातार देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। जिस संगठन की न कोई नीति हो और न नेतृत्व हो, वह संगठन खोखला और वह अराजकतावादी हो जाता है। उसी अराजकता का परिचय कल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिया है। राहुल गांधी देश के युवाओं को ऐसी दिशा देना चाह रहे हैं जो कहीं न कहीं एक नकारात्मकता के साथ-साथ इस देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है। राहुल गांधी हमेशा राजनीति को पार्ट टाइम पॉलिटिक्स मानते हैं, राजनीति उनके लिए केवल एक इवेंट होता है। राजनीति केवल उनके लिए एक स्टंट होता है, आज उनको यह समझना होगा कि जब देश गौरव का क्षण महसूस करता है, तो उस समय राहुल गांधी देश के गौरव के क्षण को कुठाराघात करते हैं। जब भारत का तिरंगा सम्मान प्राप्त कर रहा होता है, तब राहुल गांधी और उनके लोग उसके सम्मान पर प्रश्न उठाने का प्रयास करते हैं, देश की सेना के साहस और उपलब्धियों पर भी सवाल खड़े करते हैं। जब भारत में सैनिकों के सर काट दिए जाते थे, तो उस समय की सरकार मौन बैठी रहती थी। अब जब ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमारी सेनाएं विजयी होकर आती हैं तो राहुल गांधी उन पर सवाल उठाते हैं।
उन्होंने कहा कि हमें याद रखना चाहिए कि ये जो इटालियन कांग्रेस के लोग हैं, इन्होंने हमेशा इस देश को धोखा दिया है। वह समय भी हमने देखा है जब देश का युवा निराशा के वातावरण में जी रहा था, क्योंकि हर स्तर पर भ्रष्टाचार की चर्चा हो रही थी। चाहे राज्य सरकार हो या केंद्र सरकार हो, भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता गर्व से यह कह सकता है कि हमारे मंत्री, विधायक और सरकार हमेशा जनता की सेवा के लिए समर्पित रहे हैं और हम पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगाया जा सकता। आज देश में घुसपैठ की समस्या पर भी चर्चा हो रही है और जब हमारी सरकार इस मुद्दे पर सख्त कदम उठाती है, तो कुछ राजनीतिक दलों को बहुत बहुत पीड़ा होती है, क्योंकि उनका वोट बैंक प्रभावित होता है।
लेकिन भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि देश के नागरिकों के अधिकारों की रक्षा की जाएगी और घुसपैठियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं दिया जाएगा। चाहे वह काशी विश्वनाथ कॉरिडोर हो या उज्जैन का महाकाल कॉरिडोर हो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासतों को पुनर्जीवित करने का कार्य हुआ है।
श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास अभियान को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें। प्रत्येक बूथ पर भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक वोट सुनिश्चित करने का प्रयास करना होना चाहिए, क्योंकि पार्टी केवल वोट की राजनीति नहीं करती बल्कि जनता के साथ सेवा और विश्वास के संबंध पर चुनाव लड़ती है। पार्टी का लक्ष्य केवल वर्तमान समर्थन से संतुष्ट होकर बैठना नहीं बल्कि जनसंपर्क बढ़ाकर भाजपा के जनाधार को और मजबूत करना है।

