भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तेलंगाना के औशापुर में तेलंगाना प्रदेश कार्यकारिणी को संबोधित किया

| Published on:

भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने आज मंगलवार को तेलंगाना के औशापुर में आयोजित तेलंगाना राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया तथा विकसित भारत और विकसित तेलंगाना के संकल्प को दोहराया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, कल्याणकारी योजनाओं और सुशासन का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, वादाखिलाफी और परिवारवाद के आरोप लगाए। श्री नवीन ने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार को जनविरोधी बताते हुए भाजपा को जनआकांक्षाओं का विकल्प बताया और कहा कि वर्ष 2028 में तेलंगाना में भी कमल की सरकार बनेगी। कार्यक्रम के दौरान मंच पर तेलंगाना भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री एन. रामचंद्र राव, केंद्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी और श्री बंडी संजय कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती डी.के. अरुणा, राष्ट्रीय महासचिव एवं तेलंगाना के प्रभारी श्री सुनील बंसल, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री के. लक्ष्मण सहित अन्य गणमान्य एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

श्री नवीन ने कहा कि पिछले दो दिनों के अपने तेलंगाना प्रवास के दौरान मैंने जो देखा, उससे मुझे यह विश्वास हुआ है कि तेलंगाना में भाजपा का भविष्य निश्चित रूप से सुनहरा है और आने वाला समय भाजपा का होगा। कार्यसमिति में उपस्थित सभी लोग संगठन के निर्माण के लिए, पार्टी के विचारों के वाहक के रूप में तथा तेलंगाना भाजपा के ऐसे सेनापति हैं, जिनके नेतृत्व में तेलंगाना गठन के समय प्रदेशवासियों ने जो सपना देखा था, उसे साकार किया जाएगा। इस कार्यसमिति से सभी मिलकर तेलंगाना के लोगों को उनके सपनों का तेलंगाना बनाने का संकल्प लेंगे। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की यात्रा विचारों की यात्रा है, त्याग की यात्रा है, तपस्या की यात्रा है और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की यात्रा है। इस यात्रा के सभी कार्यकर्ता सहभागी हैं। आज भाजपा का जो विशाल वटवृक्ष दिखाई देता है, वह पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम और मेहनत का प्रतिफल है। वर्ष 1980 में स्थापना के बाद पहले चुनाव में मात्र दो सांसदों वाली भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसका श्रेय भाजपा के उस बूथ कार्यकर्ता को जाता है, जो सबसे निचले स्तर पर कार्य करते हुए भाजपा का कमल खिलाने के संकल्प को पूरा करता है।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज मैं भारतीय जनता पार्टी के उस वटवृक्ष को स्मरण करता हूं, जिसे जनसंघ की स्थापना के समय से बड़ा करने और अपनी प्रेरणा से आगे बढ़ाने में श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हम उनके बलिदान को भी नमन करते हैं, क्योंकि ऐसे ही नेताओं के त्याग और बलिदान के कारण आज भारतीय जनता पार्टी इस स्वरूप में दिखाई दे रही है। आज हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानव दर्शन को भी स्मरण करना चाहते हैं, क्योंकि उनके विचारों को आत्मसात करते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएँ पहुँचाकर अंत्योदय के सपने को साकार करने में निरंतर लगे हुए हैं। आज हम श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी स्मरण करते हैं, जिन्होंने देश में ऐसी राजनीति की शुरुआत की, जिसमें संवाद, शालीनता और सुशासन की सरकार का मॉडल था। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के ‘अंत्योदय’ तथा श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के ‘सुशासन’ के विचारों को आत्मसात करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण में निरंतर लगे हुए हैं।

श्री नवीन ने कहा कि हम मानते हैं कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प को पूरा किया गया है। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की कल्पना को साकार करते हुए कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत का तिरंगा शान से लहराए और उसकी गरिमा के साथ कोई गुस्ताखी न कर सके, इस संकल्प को पूरा करने का कार्य आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। यदि आज सुशासन की सरकार की बात होती है, तो पिछले 12 वर्षों में जिस प्रामाणिकता और संकल्प के साथ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी कार्य कर रहे हैं, उसके कारण विपक्ष में भी इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वह केंद्र सरकार के किसी एक मंत्री पर भी दाग लगा सके। यही भारतीय जनता पार्टी के सुशासन वाली सरकार की पहचान है। श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रेरणा तथा यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार आगे बढ़ रही है, लेकिन आज भी अनेक चुनौतियाँ शेष हैं। सफलता को देखकर यह नहीं माना जा सकता कि मंजिल प्राप्त हो गई है। अभी और संघर्ष करना है तथा भारत को उस स्वरूप में स्थापित करना है, जिसकी कल्पना स्वामी विवेकानंद जी ने भारत को परम वैभव पर पहुँचाने के रूप में की थी।

आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हम यहाँ उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का आने वाले वर्षों के संघर्ष के लिए आह्वान करने आए हैं। यदि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है, तो उसे साकार करने के लिए इस कालखंड के प्रत्येक कार्यकर्ता को भी अपना पुरुषार्थ करना होगा तथा समर्पण और संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। जब भारतीय जनता पार्टी को केवल दो सीटें मिली थीं, तब भी पार्टी ने संघर्ष को अपना साथी चुना था तथा संगठन को अपना मार्ग और अपनी सबसे बड़ी ताकत मानकर आगे बढ़ी थी। पार्टी को विश्वास था कि यदि वह जनता का विश्वास जीतेगी, तो एक दिन भारत की सबसे बड़ी और विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। जब पार्टी केवल दो सीटों तक सीमित थी, तब भी वह विचलित नहीं हुई। पार्टी की नीतियों और विचारों में कोई भटकाव नहीं आया। उस समय भी पार्टी ने ‘जहाँ हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है’ का संकल्प लिया था और उस सपने को साकार करने का कार्य माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया। भारतीय जनता पार्टी ऐसे संगठन के रूप में आगे बढ़ती है, जो तप, त्याग और परिश्रम के बल पर परिणाम प्राप्त करने का संकल्प लेकर कार्य करता है।

श्री नवीन ने कहा कि आज पूरे देश में एक वातावरण बना है और लोग पूछते हैं कि क्या बदला है? वर्ष 2014 से पहले का भारत निराशा, भ्रष्टाचार और अनिश्चितता के माहौल से घिरा हुआ था। उस समय युवा पीढ़ी के मन में यह प्रश्न था कि उसका भविष्य और भारत का भविष्य क्या होगा। लेकिन आज का युवा और देश के लोग मानते हैं कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी जैसी शख्सियत कोरोना जैसी आपदा में भी देश को सभी चुनौतियों से बाहर निकालने में सक्षम है। यदि विदेशी ताकतें भी भारत के सामने खड़ी होती हैं, तो उन्हें ईंट का जवाब पत्थर से देने की क्षमता भी देश के पास है। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा अपनी ताकत को बढ़ाया है। वर्ष 2019 के परिणामों के बाद वर्ष 2024 के चुनाव में 35 प्रतिशत मत प्राप्त कर भाजपा ने तेलंगाना में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। यह सफर अभी और संघर्ष का है। लोग हमसे पूछते हैं कि पश्चिम बंगाल में किस प्रकार से जीत मिली? पश्चिम बंगाल की जीत के पीछे भाजपा का विचार, उसका नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का परिश्रम है। पश्चिम बंगाल में मिली जीत के माध्यम से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जन्मभूमि को विध्वंसकारी शासन से मुक्ति दिलाने का कार्य किया गया है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने पश्चिम बंगाल के लिए जो सपना देखा था, उसे आने वाले समय में भाजपा की सरकार पूरा करेगी।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2016 में पश्चिम बंगाल में भाजपा के पास मात्र तीन विधायक थे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा। वर्ष 2021 में भी पार्टी ने तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच चुनाव लड़ा। अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने के बावजूद कार्यकर्ताओं ने अनेक यातनाएँ और उत्पीड़न सहे, लेकिन उन्होंने अपना संघर्ष जारी रखा। हम पश्चिम बंगाल की जीत का संदेश लेकर आज कार्यकर्ताओं के बीच आए हैं। पश्चिम बंगाल में जितनी भी यातनाएँ हुईं, भाजपा का कार्यकर्ता कभी नहीं डिगा। उसने संकल्प और संघर्ष का मार्ग ही चुना। यही कारण है कि आज पश्चिम बंगाल में कमल का फूल खिला है और इसका पूरा श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को जाता है। कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, लाठियाँ खाईं, जेल गए, अनेक कार्यकर्ताओं ने अपना खून बहाया और मानसिक उत्पीड़न भी सहा। वहाँ की सरकार ने उनकी माताओं-बहनों को भी प्रताड़ित करने का काम किया, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों की ओर से कोई आवाज नहीं उठी। आज विपक्ष ऐसी सरकार की बात करता है, लेकिन जिस समय पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता पर अत्याचार हो रहे थे तथा माताओं-बहनों का अपमान किया जा रहा था, उस समय कांग्रेस का एक भी नेता बोलने के लिए सामने नहीं आया। विपक्ष के अन्य नेताओं की भी बोलती बंद थी। ये लोग देश की महिलाओं और नागरिकों का सम्मान कभी नहीं कर सकते, क्योंकि उनके लिए केवल सत्ता ही सर्वोपरि है और उनके इसी व्यवहार तथा आचरण के कारण सत्ता उनसे लगातार दूर होती जा रही है।

श्री नवीन ने कहा कि हम आज सभी कार्यकर्ताओं के बीच एक संदेश लेकर आए हैं कि अब सभी को सड़कों पर संघर्ष के लिए तैयार होना होगा। यदि तेलंगाना में परिवर्तन लाना है और प्रदेश की जनता की आवाज बनना है, तो कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं से जुड़ना होगा तथा उनकी आवाज को पूरी मजबूती के साथ सड़कों पर उठाना होगा। यदि भाजपा के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेंगे, तो वर्ष 2028 भाजपा का होगा। जब मैं छत्तीसगढ़ में पार्टी का प्रभारी था, तब वहाँ कांग्रेस की अराजक सरकार थी और लोग कहते थे कि वहाँ का मुख्यमंत्री बहुत मजबूत और ताकतवर है। लेकिन उस भ्रष्ट और अराजकतावादी कांग्रेस सरकार को यदि किसी ने सत्ता से उखाड़ फेंका, तो वह भाजपा के कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम था। कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से वहाँ पुनः भाजपा की सरकार बनी। तेलंगाना वह प्रदेश है, जहाँ शुरुआती दिनों में ही भाजपा ने अपने कमल का फूल खिलाया था।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज यदि देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकारें कार्य कर रही हैं, तो इसके पीछे आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नेतृत्व है, जिसके साथ देश की जनता चलने के लिए तैयार है। भाजपा केवल कांग्रेस की कमजोरियों को ही चुनाव का मुद्दा नहीं बनाएगी, बल्कि पिछले 12 वर्षों में देश ने जो बदलाव और परिवर्तन देखा है, उसे भी जनता के बीच लेकर जाएगी। भाजपा अपनी उपलब्धियों को भी चुनाव का प्रमुख मुद्दा बनाएगी। हमारी सरकार की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि वह जो कहती है, उसे करके भी दिखाती है। इसी कारण यह नारा बुलंद होता है कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की गारंटी, गारंटी पूरी होने की गारंटी है, जबकि कांग्रेस की गारंटी कभी पूरी नहीं होने की गारंटी है। जहाँ-जहाँ भाजपा की सरकारें रहीं, वहाँ सरकार ने अपने किए गए वादों को पूरा करने का कार्य किया। यदि भाजपा सरकार ने किसी परियोजना का शिलान्यास किया, तो उसका उद्घाटन भी उसी सरकार ने किया। इसके विपरीत, कांग्रेस केवल वादे करती है और उन्हें भूल जाने के लिए ही वादे करती है।

श्री नवीन ने कहा कि आज यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने तेलंगाना के किसानों की भी चिंता की है। आज 30 लाख से अधिक किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। करीब 33 लाख से अधिक किसान किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आसान ऋण की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। निजामाबाद का हल्दी बोर्ड निश्चित रूप से हल्दी उत्पादक किसानों के लिए नए बाजार की संभावनाएँ उपलब्ध करा रहा है। देश में 60 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनमें से 82 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड तेलंगाना के लोगों के लिए बनाए गए हैं। इसके साथ ही तेलंगाना में करीब 1.32 करोड़ गरीबों के बैंक खाते खोलने का कार्य भी सरकार ने किया है। तेलंगाना के युवाओं को अवसर प्रदान करने का कार्य भी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से 86,800 करोड़ रुपये का सहयोग उपलब्ध कराकर युवाओं को स्वरोजगार के अवसर दिए गए हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में आत्मनिर्भर युवा के रूप में आगे बढ़ सकें।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्षने कहा कि एक समय लोग कहते थे कि एक गरीब का बेटा, चाय बेचने वाले का बेटा इस देश का प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है? चाय बेचने वाले का बेटा ही रेहड़ी-पटरी वालों का दर्द समझ सकता है और उस दर्द को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देखा और समझा। आज पूरे देश में 75 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़ा गया है, जिनमें 7.5 लाख तेलंगाना के रेहड़ी-पटरी वाले भाई भी शामिल हैं। हम इन आँकड़ों का उल्लेख इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि ये आँकड़े तेलंगाना के विकास में भारतीय जनता पार्टी और आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के योगदान को दर्शाते हैं। तेलंगाना की जनता ने जब-जब भाजपा को जिस प्रकार का आशीर्वाद दिया है, पार्टी ने अपने संकल्पों को पूरा करने का कार्य किया है। भाजपा सत्ता के माध्यम से सेवा नहीं देखती, बल्कि सेवा के भाव से कार्य करने के लिए संकल्पित है, चाहे सत्ता मिले या न मिले। इसी संकल्प के तहत बीबीनगर में एम्स की स्थापना की गई तथा समक्का और सरक्का के नाम पर जनजातीय विश्वविद्यालय खोलने का कार्य भी सरकार ने किया है। आज प्रदेश में 23 से अधिक एकलव्य विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जो आदिवासी भाई-बहनों के शिक्षा स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं।

श्री नवीन ने कहा कि हम इन बातों की चर्चा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि एक ओर ऐसी सरकार है, जिसने पिछले तीन वर्षों में छह-छह गारंटी देने के बावजूद एक भी गारंटी पूरी नहीं की। ऐसी सोई हुई सरकार को निश्चित रूप से उखाड़ फेंकना होगा। यदि सरकार से पूछा जाए कि बेरोजगारी भत्ता मिला या नहीं, महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का जो वादा किया गया था, वह पूरा हुआ या नहीं, तो उसका कोई उत्तर नहीं मिलेगा। कांग्रेस के नेता केवल दरबार सजाने में लगे रहते हैं और तेलंगाना को एटीएम बनाकर दिल्ली का दरबार सजाते हैं। यदि उन्हें वास्तव में तेलंगाना की जनता की चिंता होती, तो इन योजनाओं का लाभ जनता तक पहुँच चुका होता। गारंटी के पोस्टर आज भी दिखाई देते हैं, लेकिन गारंटी जनता तक नहीं पहुँची है। वहीं दूसरी ओर,  केंद्र सरकार ने जीएसटी सुधारों के माध्यम से लोगों को एक सरल व्यवस्था देने का प्रयास किया है। साथ ही आयकर की सीमा 12 लाख रुपये तक पहुँचाकर सामान्य लोगों के जीवन में खुशहाली लाने का प्रयास भी किया गया है। हमें दुख है कि तेलंगाना में ऐसी सरकार है, जो आज भी आरआर टैक्स के माध्यम से दिल्ली के दरबार तक पैसा पहुँचाती है। तेलंगाना की जनता की मेहनत और परिश्रम का पैसा आरआर टैक्स में नहीं जाना चाहिए और इस प्रकार के टैक्स के माध्यम से लोगों का शोषण करने वाली सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा।

आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपनी लड़ाई तय कर ली है और हम सड़क से लेकर सदन तक इस सरकार को घेरेंगे। इस सरकार की उल्टी गिनती आज से ही शुरू हो गई है। सरकार जितने भी काम और कारनामे दिखा रही है, उनके एक-एक रुपये का हिसाब भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लेगा। इस प्रदेश ने बीआरएस की ऐसी सरकार देखी, जो भ्रष्टाचार और परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ सकी और जिसका पूरा कार्यकाल इन्हीं में बीत गया। कालेश्वरम घोटाला बीआरएस को उसके अंतिम पड़ाव तक पहुँचाने के लिए पर्याप्त साबित हुआ। उसके बाद बनी सरकार ने भी उसी परंपरा को जारी रखा, क्योंकि यह कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय हैं तथा आज राजनीति का अपराधीकरण भी कांग्रेस की बीती बन गई है। देश को तोड़ने वाले और देश के विरुद्ध नापाक इरादे रखने वाले समूहों को जिस प्रकार कांग्रेस का समर्थन मिलता है, उससे कांग्रेस भ्रष्टाचार और राजनीति के अपराधीकरण के लिए जानी जाएगी। हाल ही में मूसी रिवरफ्रंट योजना में भी कांग्रेस ने अपनी पुरानी परंपरा के अनुरूप लूट का बाजार लगा दिया है। यदि कांग्रेस सरकार तेलंगाना की जनता और उनके परिश्रम की कमाई का पैसा राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर खर्च करती है, तो उसके एक-एक रुपये का हिसाब भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता और तेलंगाना की जनता लेकर रहेगी।

श्री नवीन ने कहा कि तेलंगाना में जिस प्रकार मजलिस, कांग्रेस और बीआरएस की राजनीति चलती है, उसके बीच हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि जिन लोगों ने भी धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास किया है, भारतीय जनता पार्टी उसका पूरी तरह से विरोध करती है। जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी, तब धर्म के आधार पर दिए जाने वाले आरक्षण को समाप्त किया जाएगा और उसका लाभ एससी, बीसी तथा एसटी समाज के लोगों को दिया जाएगा, क्योंकि भाजपा समाज के उन वर्गों को आगे लाना चाहती है, जिन्हें आज भी विकास की मुख्यधारा में लाने का दायित्व शेष है। यदि आज देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने की बात कही जाती है, तो यह वही संकल्प है, जिसे पार्टी के प्रेरणापुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने सामने रखा था। केंद्र सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत को भी सशक्त करने का कार्य किया है। इतिहास की धरोहरों और सांस्कृतिक विरासतों को मजबूत करते हुए सनातन परंपराओं को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया गया है। तेलंगाना की सरकार ने लगातार देवी-देवताओं का अपमान किया है। अयप्पा स्वामी मंदिर पर हुए हमले के अपमान का जवाब आने वाले समय में भाजपा इस सरकार से अवश्य लेगी। जिस प्रकार जनता ने केसीआर को सबक सिखाया है, उसी प्रकार आने वाले समय में जनता की इस आवाज को भाजपा और अधिक बुलंद करेगी।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यदि परिवारवाद, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी की राजनीति करने वाले दलों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना है, तो भाजपा कार्यकर्ताओं को भी पूरी तरह संघर्ष के लिए तैयार होना होगा। इन दलों में यदि किसी एक विषय पर समानता है, तो वह भ्रष्टाचार, परिवारवाद और वादाखिलाफी है। जहाँ उनकी राजनीति तुष्टिकरण की है, वहीं भाजपा की राजनीति संतुष्टिकरण की है। भाजपा जनता का विश्वास जीतकर सेवा भाव से कार्य करती है। इसी सिद्धांत पर चलते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र दिया है। तेलंगाना जिस उद्देश्य और सपने के साथ बना था, वह सपना अभी अधूरा है। श्रद्धेय सुषमा स्वराज जी ने संसद के पटल पर जिस प्रकार तेलंगाना की आवाज बुलंद की थी तथा भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों ने जो कुर्बानियाँ दी थीं, उनके अनुरूप तेलंगाना का निर्माण अभी शेष है। उस सपने को पूरा करने का कार्य भाजपा की सरकार करेगी। इसके लिए हम सभी कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए आगे आने का आह्वान करते हैं।

श्री नवीन ने कहा कि आज तेलंगाना की सरकार केवल झूठ का बाजार खोलकर बैठी है। हर पंचायत और हर बूथ तक पहुँचकर इस झूठ के बाजार को उजागर करना होगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अलग-अलग नीतियों के साथ कार्य करने की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान सरकार केवल बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर ध्यान देती है, क्योंकि उसमें उसे अपनी कमाई दिखाई देती है। देशभर में 4 करोड़ गरीबों के लिए आवास बनाकर उन्हें छत उपलब्ध कराने का कार्य यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में किया गया है। यदि महिलाओं के सम्मान की बात की जाए, तो 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कर महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की चिंता भी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने की है। यदि आज माताओं और बहनों को आत्मनिर्भर बनाने की बात हो रही है, तो यह भी भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। देश की पहली महिला पायलट भारतीय जनता पार्टी की सदस्य बनी हैं, जो महिलाओं के साथ भाजपा के जुड़ाव को प्रदर्शित करता है। अभी महिलाओं को और अधिक सशक्त तथा मजबूत बनाने के लिए कार्य करना शेष है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। यदि भारत को आत्मनिर्भर बनाना है, तो आधी आबादी को भी उसी शक्ति और सामर्थ्य के साथ आत्मनिर्भर बनाना होगा।

आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के विधायक हों या उसके तथाकथित सांसद, उनके लिए सत्ता केवल सेवा नहीं, बल्कि मेवा का माध्यम है। भारतीय जनता पार्टी का केवल एक ही पक्ष है, राष्ट्र पक्ष। भाजपा का सिद्धांत पूरी तरह स्पष्ट है, ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट’। इसी विचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता कार्य करता है। विश्व में वही देश आगे बढ़ते हैं, जो एक साझा सपने के साथ आगे बढ़ते हैं। अमेरिका ने ‘ग्रेट अमेरिकन ड्रीम’ के साथ प्रगति की और चीन ने भी अपने देश को महान बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का प्रयास किया। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो सपना माननीय आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देखा है, उसने पूरे देश को एक संकल्प के साथ जोड़ दिया है और आज 140 करोड़ भारतवासी उस स्वप्न को साकार करने के लिए देश को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। आज पूरे विश्व में भारत के तिरंगे का सम्मान बढ़ा है। एक समय ऐसा था जब भारत की ही धरती पर पाकिस्तान के झंडे लहराए जाते थे और दिल्ली में बैठी कांग्रेस की सरकार मौन रहती थी। जब हम इस विषय का उल्लेख करते हैं, तो इससे कांग्रेस के लोगों को पीड़ा होती है। यदि उन्हें पीड़ा होती है, तो वह उन्हें मुबारक हो। हमें वर्ष 2011 का वह समय याद है, जब दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी और कश्मीर के लाल चौक पर पाकिस्तान का झंडा लहराया जाता था। वर्ष 2014 के बाद स्थिति बदल गई है। अब भारत की भूमि पर पाकिस्तान का झंडा नहीं, बल्कि कश्मीर के लाल चौक पर भारत का तिरंगा शान से लहराता है। यही नए भारत की तस्वीर है।

श्री नवीन ने कहा कि अभी देश के सामने अनेक कार्य शेष हैं। केंद्र सरकार ने आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया है, बाहरी सुरक्षा को भी सशक्त बनाया है और जो भी ताकतें नापाक इरादों से भारत की ओर देखती हैं, उन्हें ईंट का जवाब पत्थर से देने का काम किया है। चाहे ऑपरेशन सिंदूर हो या सर्जिकल स्ट्राइक, भारत ने पूरी दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। यदि भारत के एक भी नागरिक पर हमला होगा, तो भारत उसका ईंट का जवाब पत्थर से देना जानता है। कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण की राजनीति हमेशा सर्वोपरि रही है और उसने इस देश की मिट्टी तथा इस देश की भूमि से कभी सच्चा प्रेम नहीं किया। कांग्रेस स्वयं को देश को आजादी दिलाने वाली पार्टी कहती है, लेकिन उनके अनुसार वह पार्टी वर्ष 1947 में ही समाप्त हो गई थी। सत्ता प्राप्त करने के लिए कांग्रेस ने ऐसे समझौते किए, जो देशहित के अनुरूप नहीं थे। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने सत्ता प्राप्त करने के बाद देशहित से जुड़े अनेक समझौते किए। इसी कारण कांग्रेस समझौतावादी राजनीति के लिए जानी जाती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद की राजनीति के लिए जानी जाती है।

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार अंग, बंग और कलिंग की धरती पर कमल आगे बढ़ा है, उसी प्रकार अब त्रिलिंग की धरती पर भी कमल का पूर्ण वैभव देखने को मिलेगा। सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान है कि तेलंगाना में कमल खिलाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें। परिवर्तन दिल्ली से नहीं आएगा, बल्कि तेलंगाना की जनता के साथ संघर्ष करके ही आएगा। दिल्ली को शक्ति प्रदेश नेतृत्व से मिलती है, प्रदेश नेतृत्व को शक्ति जिला नेतृत्व से, जिला नेतृत्व को मंडल नेतृत्व से और मंडल नेतृत्व को शक्ति बूथ नेतृत्व से प्राप्त होती है। पूरे राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना को अपना मिशन बना लिया है और इस मिशन को पूरा करने का कार्य यहाँ के कार्यकर्ता ही करेंगे। तेलंगाना की जीत का अध्याय कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ से ही लिखा जाएगा। तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनाना केवल राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है, बल्कि वर्षों से निःस्वार्थ भाव, समर्पण और संघर्ष के साथ कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के बलिदान को एक मंजिल तक पहुँचाना है। तेलंगाना के लोगों ने जिस सपनों के तेलंगाना की कल्पना की है, उसे साकार करना भाजपा का संकल्प है। हम सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान करने आए हैं कि वे घर-घर जाएँ, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा देश और तेलंगाना की जनता के लिए चलाई गई योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुँचाएँ। भाजपा का एक लक्ष्य विकसित भारत, विकसित तेलंगाना। इसी विश्वास और संकल्प के साथ भाजपा तेलंगाना में अपनी सरकार बनाने के लिए तैयार है।