श्री आर. मोहन राव अंडमान एवं निकोबार के एक छोटे व्यवसायी थे, इसी दौरान वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संपर्क में आए। वह नियमित रूप से संघ की शाखाओं में जाया करते थे एवं भाजपा की विचारधारा से प्रेरित होकर अंडमान एवं निकोबार में इसके सदस्य बन गए।
श्री मोहन ने पार्टी में विभिन्न पदों पर अपने दायित्वों का निर्वहन किया और भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने। कांग्रेस पार्टी की गलत नीतियों एवं निर्णयों के खिलाफ वह विभिन्न आंदोलनों का हिस्सा बने और कई युवाओं को पार्टी से जोड़ा।
कैम्पबेल बे जैसे एक एकांत द्वीप में भाजपा की स्थापना के लिए श्री मोहन ने संस्थापक सदस्य एवं तीन बार के सांसद श्री बिष्णु पद रे जी के साथ विभिन्न यात्राओं में भाग लिया। उन्होंने अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मंदिरों में बैठकें कीं और वहीं विश्राम भी किया। धीरे-धीरे लोग पार्टी से जुड़ने लगे और अपने घरों में ही उनके खाने-पीने एवं विश्राम का प्रबंध करने लगे। इस तरह कार्यकर्ता जुड़ते गए और कारवां बनता गया। श्री मोहन ने सरदार पटेल की प्रतिमा के निर्माण के लिए लोहा इकट्ठा करने में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी उपस्थिति हमेशा युवाओं एवं पूरे द्वीप में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा और प्रोत्साहन का स्रोत रही।

श्री आर. मोहन राव
जन्म: 10 नवंबर, 1968
सक्रिय वर्ष: 2010-2012
जिला: पोर्ट ब्लेयर,
अंडमान निकोबार द्वीपसमूह

