केरल में जमीनी स्तर पर आउटरीच को मजबूती प्रदान करें: नरेन्द्र मोदी

| Published on:

केरल भाजपा के नवनिर्वाचित स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों का दिल्ली प्रवास

     केरल के नवनिर्वाचित भाजपा पंचायत सदस्यों, नगर पार्षदों और निगम प्रतिनिधियों ने 11 से 13 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली का प्रवास किया। इस दौरान वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मिले।

यह प्रतिनिधिमंडल 11 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली नगर निगम के मेयर श्री राजा इकबाल सिंह ने उनका स्वागत किया। पहले दिन प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन से पार्टी केंद्रीय कार्यालय में भेंट की और संगठनात्मक कार्यक्रमों का हिस्सा बने। वे इंडिया गेट स्थित वॉर मेमोरियल भी गए।

12 फरवरी को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने भाजपा केंद्रीय कार्यालय में शहरी विकास पर एक विशेष सत्र को संबोधित किया। प्रतिनिधिमंडल ने अपने इंस्टीट्यूशनल एक्सपोज़र प्रोग्राम के तहत संसद भवन का भी दौरा किया।

इस दौरे की सबसे खास बात 13 फरवरी को हुई, जब केरल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से लोक कल्याण मार्ग पर उनके घर पर मुलाकात की। बैठक के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन और भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे। नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उन्हें पारंपरिक शॉल दिए।

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के समर्पण के लिए उनकी सराहना की और केरल में पार्टी की सक्रियता को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करने का भरोसा दिया। प्रधानमंत्री ने उनका संगठनात्मक प्राथमिकताओं और भविष्य की चुनौतियों को लेकर मार्गदर्शन किया, उनसे ज़मीनी स्तर पर जुड़ाव बढ़ाने, पारदर्शी शासन को बढ़ावा देने और नागरिकों के लिए ‘ईज़ ऑफ़ लिविंग’ को बेहतर बनाने की दिशा में काम करने की अपील की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों को रेखांकित किया और प्रदेश में पार्टी के विस्तार पर बात की।

तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर श्री वीवी राजेश ने कहा कि केरल में चुनावी सफलता दशकों की सोच एवं लगन का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि स्थानीय निकायों में जीत आने वाले विधानसभा चुनावों में सकारात्मक असर डालेगी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केरल में पहली बार भाजपा के मेयर का चुनाव प्रदेश के लोगों की बदलती आकांक्षाओं को दिखाता है।

प्रवास के तीसरे दिन भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री बी.एल. संतोष और दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने भाजपा केंद्रीय कार्यालय में केरल प्रतिनिधिमंडल को संबोधित किया। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन जाकर अपना प्रवास समाप्त किया।