पांच कैबिनेट मंत्रियों ने भी ली शपथ
एक ऐतिहासिक और भव्य समारोह में, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, भाजपा एवं एनडीए के वरिष्ठ नेता तथा लाखों पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए, श्री शुभेंदु अधिकारी ने 09 मई, 2026 को कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। श्री अधिकारी ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीत दर्ज की; नंदीग्राम में उन्होंने ममता बनर्जी को हराया। श्री अधिकारी राज्य के नौवें मुख्यमंत्री हैं। इस जीत ने बंगाल में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत की है और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के कुशासन का अंत किया है।
श्री अधिकारी के साथ भाजपा के पांच विधायकों ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ लेने वाले मंत्रियों में श्री दिलीप घोष, श्रीमती अग्निमित्रा पॉल, श्री निशीथ प्रमाणिक, श्री अशोक कीर्तनिया और श्री क्षुदीराम टुडू शामिल थे। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल श्री आर. एन. रवि ने सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
यह भव्य शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर लगभग 1 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ‘भारत माता की जय’, ‘जय मां काली’, ‘जय बंगाल’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री जी के अतिरिक्त शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी, कई अन्य केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, देश भर से भाजपा एवं एनडीए के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्य के सभी प्रभारी और सह-प्रभारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट जन उपस्थित रहे। समारोह के उपरांत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में श्री शुभेंदु अधिकारी और उनकी टीम को बधाई दी। श्री मोदी ने कहा कि श्री अधिकारी ने स्वयं को बंगाल की जनता के बीच स्थापित किया है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनका कार्यकाल राज्य में विकास और जन कल्याण के एक नए युग की शुरुआत करेगा। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री शुभेंदु अधिकारी जी को बधाई। उन्होंने एक ऐसे नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है जो लोगों से बहुत करीब से जुड़े हुए हैं। उन्होंने लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को बहुत करीब से समझा है। मैं उन्हें भविष्य में एक सफल कार्यकाल के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
यह बात ध्यान देने योग्य है कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को एक ऐतिहासिक और शानदार जनादेश मिला है। पार्टी ने 293 में से 207 सीटें जीतीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को राज्य के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक बदलावों में से एक के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार बंगाल ने भाजपा सरकार को चुना है।
भले ही पश्चिम बंगाल को लंबे समय से भाजपा के लिए एक राजनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र माना जाता रहा हो, लेकिन एक छोटी सी शक्ति से सरकार बनने तक का पार्टी की यह यात्रा दशकों की वैचारिक प्रतिबद्धता, सांगठनिक विस्तार और जमीनी स्तर पर लगातार किए गए संघर्ष को दर्शाता है। राजनीतिक जानकारों ने इस जीत को केवल एक चुनावी उपलब्धि नहीं, बल्कि भाजपा की एक लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा की पूर्ति और पूर्वी भारत के राजनीतिक परिदृश्य के लिए एक निर्णायक क्षण बताया है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन व्यापक रूप से लंबे समय से परिकल्पित ‘सोनार बांग्ला’ युग

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की
जनता का शीश नवाकर आभार व्यक्त किया
की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। अब जब भाजपा केंद्र और पश्चिम बंगाल, दोनों जगहों पर शासन में है, तो यह ‘डबल-इंजन सरकार’ राज्य में त्वरित विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे, पारदर्शी शासन, महिलाओं की बेहतर सुरक्षा, औद्योगिक पुनरुद्धार और मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया दौर लिखने के लिए तैयार है।
इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह ने न केवल शासन में बदलाव किया, बल्कि पूर्वी भारत में एक बड़े राजनीतिक बदलाव का भी प्रतीक बना। इसने पूरे क्षेत्र में भाजपा के बढ़ते प्रभाव की पुष्टि की और पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय खोला।
सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं: नरेन्द्र मोदी

“पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री शुभेंदु अधिकारी जी को बधाई। उन्होंने एक ऐसे नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है जो लोगों से बहुत करीब से जुड़े हुए हैं। उन्होंने लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को बहुत करीब से समझा है। मैं उन्हें भविष्य में एक सफल कार्यकाल के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।” “पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री दिलीप घोष जी, अग्निमित्रा पॉल जी, अशोक कीर्तनिया जी, क्षुदीराम टुडू जी और निशीथ प्रमाणिक जी को बधाई। इन नेताओं ने जमीनी स्तर पर अथक परिश्रम किया है और लोगों की सेवा की है। मुझे विश्वास है कि मंत्री के रूप में वे पश्चिम बंगाल की विकास यात्रा को और अधिक मजबूत करेंगे। मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
पश्चिम बंगाल में एक नए अध्याय की शुरुआत: नितिन नवीन

दिलीप घोष जी, अग्निमित्रा पॉल जी, अशोक कीर्तनिया जी, क्षुदीराम टुडू जी और निसीथ प्रमाणिक जी को पश्चिम बंगाल के नवगठित मंत्रिमंडल में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। दशकों की प्रतीक्षा के बाद आज राज्य में सुशासन, विकास और जनविश्वास के एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी जी के नेतृत्व में नई सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन के संकल्पों को पूरी निष्ठा से साकार करेगी। ‘डबल इंजन सरकार’ की शक्ति के साथ पश्चिम बंगाल अब विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए दौर की ओर अग्रसर है तथा ‘सोनार बांग्ला’ के साझा संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
पश्चिम बंगाल को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएंगे: राजनाथ सिंह\

श्री शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। आज शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को भी बहुत-बहुत बधाई। पवित्र ‘पचीशे बोइशाख’ के अवसर पर हुई यह नई शुरुआत, पश्चिम बंगाल और यहां के लोगों की समृद्धि, विकास और जन-कल्याण के लिए एक शुभ संकेत है। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी मार्गदर्शन में श्री शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएंगे— जो सुशासन, पारदर्शिता, विकास और समावेशी विकास पर आधारित होगा और ‘सोनार बांग्ला’ के स्वप्न को साकार करेंगे। नई सरकार को एक सफल, स्थिर और परिवर्तनकारी कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं। एक ऐसा कार्यकाल जो पश्चिम बंगाल की जनता की सेवा और उनकी आकांक्षाओं को समर्पित हो।
एक विकसित, समृद्ध और निडर पश्चिम बंगाल का निर्माण करें: अमित शाह

आज का दिन बंगाल के लिए ऐतिहासिक है, जब बंगाल की जन-आकांक्षाओं को समर्पित और जन-जन द्वारा चुनी गई भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में श्री शुभेंदु अधिकारी जी ने शपथ ग्रहण किया है। श्री शुभेंदु अधिकारी जी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने और सभी अन्य साथियों को मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आज से बंगाल में सुशासन, विकास और जनकल्याण का एक नया अध्याय प्रारंभ होगा तथा पश्चिम बंगाल प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ेगा।
हमारा पश्चिम बंगाल विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा: समिक भट्टाचार्य

शपथ ग्रहण समारोह के बाद पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष श्री समिक भट्टाचार्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “करोड़ों लोगों के प्यार, विश्वास, संघर्षों और आशीर्वाद को अपने हृदय में संजोते हुए श्री शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
आज का यह क्षण केवल शपथ लेने तक सीमित नहीं है; यह पश्चिम बंगाल के लोगों की आशाओं, आत्मविश्वास और नए सपनों की शुरुआत है।
बंगाल के लोग एक बार फिर गर्व से अपना मस्तक ऊंचा कर सकेंगे और उन्हें गरिमा के साथ जीने का अवसर प्राप्त होगा।
हमारा पश्चिम बंगाल विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।”
हमारी सरकार ‘सोनार बांग्ला’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है: शुभेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद श्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “नमस्कार, पश्चिम बंगाल! आज, विश्व कवि रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर मैं उन्हें कृतज्ञ हृदय से याद करता हूं और उनके चरणों में अपना विनम्र नमन अर्पित करता हूं। उनके विचार और आदर्श सदैव हमारे मार्गदर्शक रहेंगे। आज, मैंने पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और पश्चिम बंगाल की गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में मैंने पश्चिम बंगाल में सुशासन, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास स्थापित करने का संकल्प लिया है। यह सरकार ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, सांस्कृतिक गरिमा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा हमारे प्राथमिक लक्ष्य होंगे। मैं पश्चिम बंगाल की जनता के प्रति अपनी कृतज्ञता और विनम्र नमन व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझे आपके सेवक के रूप में सेवा करने का अवसर प्रदान किया।”
•श्री शुभेंदु अधिकारी : जीवन परिचय

• श्री शुभेंदु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर, 1970 को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कारकुली में श्री शिशिर अधिकारी और श्रीमती गायत्री अधिकारी के यहां हुआ था।
• श्री अधिकारी ने 2011 में रवींद्र भारती विश्वविद्यालय से पर्यावरण अध्ययन में मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री प्राप्त की।
• वे 2016, 2021 और 2026 में नंदीग्राम से विधान सभा सदस्य (विधायक) चुने गए और 2026 में भवानीपुर से भी चुने गए।
• इससे पहले वे 2005 में कांथी दक्षिण से चुने गए थे और 2009 तथा 2014 में तमलुक से संसद सदस्य के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन किया।
• 2021 के पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनावों में श्री अधिकारी ने नंदीग्राम विधान सभा क्षेत्र से तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया।
• वह 2021 से 2026 तक पश्चिम बंगाल विधान सभा में विपक्ष के नेता रहे।
• 2021 के विधान सभा चुनावों के बाद पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर राजनीतिक हिंसा की खबरें आईं, इस दौरान कई भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को निशाना बनाया गया। श्री अधिकारी ने चुनाव के बाद हुई हिंसा की घटनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज किया।
• श्री अधिकारी ने संदेशखाली में अशांति और अत्याचारों के विरोध में जन-संघर्ष में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
• 8 मई, 2026 को उन्हें पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया।
• श्री अधिकारी ने 9 मई, 2026 को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और इस तरह वे राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री तथा प्रदेश के नौवें मुख्यमंत्री बने।

