‘एक सुरक्षित और समृद्ध भारत की कल्पना साकार होती दिखाई दे रही है’

| Published on:

      बुद्धिजीवी बैठक, वेल्लनिक्करा (त्रिशूर)

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने 7 फरवरी, 2026 को केरल में त्रिशूर के वेल्लनिक्करा में आयोजित बुद्धिजीवी बैठक को संबोधित किया। श्री नवीन ने एलडीएफ-यूडीएफ सरकारों को भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और पर्यटन गिरावट के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए 2026 में भाजपा सरकार बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर केरल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री राजीव चंद्रशेखर, केरल के प्रभारी व भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री विनोद तावड़े, चुनाव प्रभारी श्री प्रकाश जावडेकर, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री सुरेश गोपी, श्री वी. मुरलीधरन सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
श्री नितिन नवीन ने कहा कि आज जब देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विज़न 2047 के साथ आगे बढ़ रहा है, तो जिस तेज़ गति से भारत प्रगति कर रहा है, उससे 2047 में एक सुरक्षित और समृद्ध भारत की कल्पना साकार होती दिखाई दे रही है। जहां पूरा विश्व आर्थिक परेशानियों से गुजर रहा है और अधिकांश देशों में आर्थिक संकट बढ़ रहे हैं तथा ग्रोथ रेट लगातार गिर रहे हैं, वहीं भारत इन विषम परिस्थितियों के बावजूद लगभग 7 प्रतिशत की विकास दर और सबसे कम महंगाई दर के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आज जब भारत ने यूरोपियन यूनियन के साथ ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ साइन की है, तो पूरी दुनिया को यह संदेश गया है कि भारत एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति बन चुका है, जहां यूरोपियन यूनियन पहली प्राथमिकता भारत को दे रहा और मदर ऑफ ऑल डील्स के साथ भारत से जुड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्टार्टअप, ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ की बात की थी, तब लोगों को यह समझ में नहीं आया था, लेकिन आज स्टार्टअप इंडिया के 10 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि किस प्रकार भारत के युवा और भारत के लोग स्टार्टअप इंडिया के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं।

श्री नवीन ने कहा कि जब देश में जनधन खाते की बात सामने आई, तब उस समय लोगों की सोच यह थी कि बैंक में पैसा नहीं है तो गरीब खाता क्यों खोलेगा? यह बात इसलिए उल्लेखनीय है क्योंकि इसी पहल से एक बड़ी क्रांति हुई। जनधन खाते के माध्यम से करीब 54 करोड़ गरीबों के बैंक खाते खुले।

उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट और रोड डिपार्टमेंट के लिए करीब 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट दिया गया है। बजट में जहां इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया गया है, वहीं मैन्युफैक्चरिंग सेगमेंट में इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट के लिए लगभग 40,000 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है और बायोफार्मा इंडस्ट्री के लिए 10,000 करोड़ रुपये का एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम खड़ा किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विकास के पैमाने पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सोच को हमेशा केंद्र में रखकर कार्य किया है, जिसमें अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने का संकल्प निहित है।

श्री नवीन ने कहा कि एक सामान्य परिवार में जब कोई बीमार पड़ जाता है, तो इलाज का बोझ किस प्रकार एक बड़ी आपदा बन जाता है, यह सभी जानते हैं। आयुष्मान भारत योजना ने पूरे देश में स्वास्थ्य के प्रति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से सामने रखा है।