भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पंजाब के लुधियाना में आयोजित शक्ति केंद्र प्रभारियों की बैठक को संबोधित किया

| Published on:

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने आज रविवार को पंजाब के लुधियाना में आयोजित शक्ति केंद्र प्रभारियों की बैठक को संबोधित किया। श्री नवीन ने पंजाब को गुरुओं, संतों, शहीदों और भारतीय संस्कृति की पावन भूमि बताते हुए कहा कि भाजपा पंजाब के विकास, सुरक्षा और गौरव की पुनर्स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, योग, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की। श्री नितिन नवीन ने पंजाब की वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार, कर्ज, कानून-व्यवस्था की विफलता, उद्योगों के पतन और नशे के प्रसार का आरोप लगाया। श्री नवीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनता से संवाद करने, भाजपा की नीतियों को पहुंचाने तथा 2027 में परिवर्तन लाकर विकसित, समृद्ध और नशामुक्त पंजाब बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पंजाब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री सौदान सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुघ सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

श्री नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब भारत का ऐसा प्रांत है, जो भारत को केवल सुरक्षा ही नहीं देता, बल्कि भारतीय संस्कृति के कवच के रूप में भी कार्य करता है। पंजाब के लोगों ने भारत को सुरक्षा प्रदान की है और भारतीय संस्कृति का वह कवच दिया है, जिसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, भारतीय पहचान और भारतीय संस्कारों को पूरे विश्व में एक अलग स्थान प्राप्त हुआ है। आज का दिन भी हम सभी के लिए विशेष है। गुरुओं की इस भूमि पर आने का अवसर मिला है और मैं आज के दिन की विशेषता के लिए सभी को बधाई देना चाहता हूँ। आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कहीं न कहीं नए भारत की पहचान को पूरे विश्व पटल पर स्थापित करता है। एक समय था, जब हमारे गुरुओं की परंपराएं और उनके संस्कार पूरे विश्व में भारत का स्थान अलग बनाते थे। परंतु बीच के कालखंडों में कहीं न कहीं हमारी पहचान, हमारी पद्धति और हमारे गुरुओं की परंपराएं कुछ खो गई थीं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी मिले, जिन्होंने भारतीय परंपराओं और भारतीय संस्कृति को पूरे विश्व पटल पर पहचान दिलाई। आज हम कह सकते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कहीं न कहीं भारत के बढ़ते हुए प्रभाव और भारतीय संस्कृति का विश्व में एक स्थान बना चुका है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह वह प्रांत है जहाँ गुरुओं की वाणी रही है। यह वह स्थान है जहाँ संतों की तपस्या रही है। यह वह प्रांत है जहाँ शहीदों ने अपने रक्त से इस देश और इस राज्य की सुरक्षा की है। सेवा, समर्पण और बलिदान इस राज्य के लोगों की पहचान है। इस राज्य के लोगों को सर्वांगीण रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प लेकर सभी लोग यहाँ एकत्रित हुए हैं। हमारे सभी शक्ति केंद्रों के साथी यहाँ उपस्थित हैं। भारतीय जनता पार्टी को पंजाब में बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। हमारे कई मीडिया बंधु और कई साथी पूछ रहे थे कि भारतीय जनता पार्टी का रोडमैप क्या है? इस पर मैंने अपने कार्यकर्ताओं और उन नेतृत्वकर्ताओं, जिनकी ताकत के बल पर भारतीय जनता पार्टी खड़ी है, उन्हें साक्षी मानकर संकल्प के साथ कहा कि पंजाब का विकास भारतीय जनता पार्टी के ही हाथों होना है और इसी विश्वास के साथ सभी को आगे बढ़ना है। पंजाब को कई फर्जीवाड़े लोगों ने ठगा है। कुछ लोगों ने पंजाब को अपने लिए एटीएम के रूप में उपयोग किया। पंजाब के लोगों को उनकी मेहनत और परिश्रम का जो फल मिलना चाहिए था, उसका उपयोग उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई के लिए किया। पंजाब के लोगों को जो सुरक्षा मिलनी चाहिए थी, वह भी नहीं मिली। लोग कहते हैं कि यहाँ की सरकार ने बहुत कुछ दिया है, लेकिन, जितना दिया नहीं, उससे कहीं अधिक आपकी जान की कीमत बहुत कम रुपयों में लगा दी गई है।

श्री नवीन ने कहा कि मैं भी उस प्रांत से आता हूं, जहाँ एक समय जंगलराज चलता था। लोगों की जान की कोई कीमत नहीं होती थी और चंद रुपयों की खातिर लोगों की हत्याएं कर दी जाती थीं। आज पंजाब के साथ भी कुछ लोगों ने सत्ता में आकर वैसा ही व्यवहार किया है। उन लोगों ने पंजाब के जीवन, पंजाब की जवानी, पंजाब के उत्साह और पंजाब की संस्कृति की हत्या करने का काम किया है।इसलिए सभी को उस पंजाब को बचाने का संकल्प लेना है। हमारे सभी कार्यकर्ता आज यहाँ बैठे हैं और वह उनके सामने यह आह्वान करने आए हैं कि भारतीय जनता पार्टी एक-एक क्षेत्र और एक-एक पंचायत में जाएगी। हम जनता के बीच में अपने नेतृत्वकर्ता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की विकास योजनाओं और उनके प्रति आम जनमानस के विश्वास को लेकर जाएंगे। जिन-जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी ने सरकारें चलाई हैं, उन राज्यों को विकास की पटरी पर आगे बढ़ाया है। आज यदि भारत विश्व स्तर पर अग्रणी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तो हमारे नेतृत्वकर्ता यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दिल में पंजाब का एक अलग ही स्थान है। जिस प्रकार वह पंजाब को सम्मान देते हैं और पंजाब के गौरव को भारत के गौरव के रूप में देखते हैं, उसी प्रकार पंजाब के दिल में माननीय प्रधानमंत्री भी नरेन्द्र मोदी बसते हैं और पंजाब आने वाले चुनाव में इस बात को करके दिखाएगा। जिस गुरुओं की भूमि को और जिन गुरुओं को सम्मान देने का कार्य किसी एक व्यक्ति ने सबसे अधिक किया है, वह हमारे नेता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि हमारे शक्ति केंद्र के सभी साथी यह सोच रहे होंगे कि पार्टी को किस प्रकार आगे बढ़ाया जाए। जिस दिन वे संकल्प कर लेंगे और जिस दिन वे अपने भीतर विश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे, उस दिन कोई भी ताकत भारतीय जनता पार्टी को रोक नहीं सकती। आज आवश्यकता इस बात की है कि सभी यह संकल्प लें कि वे एक-एक घर तक पहुंचेंगे। पंजाब के हर क्षेत्र और हर इलाके में जाएंगे, हर चौपाल और हर पिंड तक पहुंचेंगे तथा वहां जाकर जनता के साथ सीधा संवाद करेंगे। पंजाब को जिन मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता थी, जैसे सड़कें, पानी और बिजली की सुविधा, आज उन्हीं मूलभूत सुविधाओं से भी पंजाब को पिछले कुछ समय में वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। बिहार की भूमि से लोग परिश्रम करने और मजदूरी करने के लिए पंजाब आते थे। वे पंजाब के खेत-खलिहानों को रोशन करने और उन्हें लहलहाने के लिए अपना परिश्रम लगाते थे। लोग पंजाब के उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए भी परिश्रम करते थे। मैं स्वयं 2012 में चुनाव के दौरान लुधियाना आया था। जब मैं वर्ष 2012 में लुधियाना आया था, तब मैंने देखा था कि किस प्रकार छोटे-छोटे उद्योग कार्य कर रहे थे। मुझे लगता था कि पंजाब के उद्योग निश्चित रूप से देश में और बड़ा स्थान बनाएंगे। लेकिन वर्ष 2012 में जो छोटी-सी तस्वीर हमने देखी थी, आज वह कहीं न कहीं अंधकार के साए में चली गई है।

श्री नितिन नवीन ने कहा कि मैं इसलिए यह बात कह रहा हूं क्योंकि जब वर्ष 2021-22 में कोरोना का कालखंड आया, तब पंजाब की फैक्ट्रियां और पंजाब के उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुए। लेकिन उसी समय और उसी कालखंड में कई राज्यों ने अपनी ताकत के बल पर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए स्वयं को संबल प्रदान किया। परंतु उस दौर में पंजाब विकास की पटरी से लगातार पीछे चलता चला गया। आज पंजाब, जो पूरे देश में एमएसएमई के माध्यम से एक बड़े उद्योग केंद्र और मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित हो सकता था, उसे आज ड्रग्स का केंद्र बना दिया गया है। पंजाब के युवाओं ने आखिर क्या गुनाह किया था? क्या उन्होंने परिश्रम करने में कोई कमी की थी? क्या उन्होंने इस सरकार को समर्थन देने में कोई कमी की थी? युवाओं ने यह नहीं सोचा था कि उनके भविष्य के साथ ही यह सरकार खेलती रहेगी। क्या पंजाब के लोगों को नहीं लगता कि इस सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए? क्या यह नहीं लगता कि इस सरकार को पूरी तरह सत्ता से बाहर करना चाहिए? श्री नवीन ने अपने युवा साथियों और पंजाब के लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि यह सरकार पंजाब के लिए अभिशाप बनकर आई है और इस अभिशाप तथा इस कलंक को मिटाने का समय आ गया है। इसकी जिम्मेदारी पंजाब के लोगों पर है। पंजाब के लोगों ने कुर्बानी देकर, परिश्रम और संघर्ष करके पूरे देश को सम्मान दिलाया है। अब यह लड़ाई पंजाब के लोगों को अपने पंजाब के लिए लड़नी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिस पंजाब को विकसित पंजाब बनाना है, जिस पंजाब को समृद्धशाली पंजाब बनाना है और जिस पंजाब को शक्तिशाली पंजाब बनाना है, उस पंजाब की शक्ति, सामर्थ्य और शौर्य को देश ने देखा है। कहीं न कहीं उस शौर्य को पुनः स्थापित करने का समय आ गया है। हम सभी को पंजाब की इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उसकी एक-एक नाकामी को जनता के बीच लेकर जाना होगा। जनता को यह बताना होगा कि किस प्रकार यहाँ हत्याओं का दौर चल रहा है, किस प्रकार यहाँ ड्रग्स का उद्योग चल रहा है और किस प्रकार यहाँ कालाबाजारी का उद्योग चल रहा है। मैं स्वयं देख रहा था कि कल जब मैं जालंधर आया, तो वहाँ भी हत्याओं की घटनाएँ हो रही थीं, जबकि यह क्षेत्र कभी अपनी अलग पहचान के लिए जाना जाता था। मैं अमृतसर भी गया और गुरुओं की उस पावन धरती को नमन करने के लिए हरिमंदिर साहिब पहुँचा। लोग पूछते हैं कि भारतीय जनता पार्टी ने 12 वर्षों में क्या किया है? हम उन लोगों को स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि भाजपा सरकार ने भारत की संस्कृति और भारत की विरासत को भी विकसित किया है तथा भारत के विकास को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। आज भारत विश्व पटल पर चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है, तो इसका कारण हमारे नेतृत्वकर्ता माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं। आज भारत अपने लोगों को विकास के पैमाने पर आगे लेकर चल रहा है। यदि आज 25 करोड़ परिवार गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, तो उसमें निश्चित रूप से आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नेतृत्व और भाजपा सरकार का प्रयास है।

श्री नवीन ने कहा कि मैं आज अपने साथियों के बीच इस बात को दोहराने आया हूं कि भारतीय जनता पार्टी ने इस राज्य की बहुत चिंता की है और इसके विकास के लिए बहुत कुछ देने का प्रयास किया है, लेकिन यहाँ की सरकार ने केवल लोगों को ठगने का प्रयास किया है। यदि पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल को देखा जाए, तो पंजाब के विकास के लिए पिछले 10-12 वर्षों में उनकी सरकार ने 1 लाख 87 हजार करोड़ रुपये दिए हैं। लेकिन हम जानते हैं कि इन पैसों का बंदरबांट यदि किसी ने किया है, तो यहाँ बैठी हुई सरकार ने किया है। एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा। यह पंजाब की मेहनत और परिश्रम का पैसा था। यह पैसा किसी की अय्याशी के लिए नहीं था और न ही किसी के एटीएम बनने के लिए था, जो दिल्ली के दरबारों को सजाने का प्रयास करते हैं। यदि यह पैसा पंजाब के परिश्रम और पुरुषार्थ का पैसा है, तो उसका हिसाब पंजाब का एक-एक नागरिक लेकर रहेगा और इसका हिसाब वर्ष 2027 के चुनाव में किया जाएगा। हम आज इन बातों को इसलिए रख रहे हैं क्योंकि जब हम प्रधानमंत्री आवास योजना की बात करते हैं, तो देशभर में 4 करोड़ गरीब परिवारों को उसका लाभ मिला है। जब हम महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करते हैं, तो देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने की दिशा में कार्य किया गया है तथा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए गए हैं। भारत विश्व का ऐसा देश है, जिसने स्वास्थ्य के क्षेत्र में इतनी बड़ी योजनाएँ चलाई हैं। आज आयुष्मान भारत के माध्यम से 60 करोड़ से अधिक भारतवासियों को स्वास्थ्य का कवच मिला है और यह कवच देने वाले व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्वकर्ता यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि लोग पूछते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की विश्वसनीयता क्या है? भारतीय जनता पार्टी की विश्वसनीयता यही है कि वह जो कहती है, उसे करके दिखाती है और जो संकल्प लेती है, उसे सिद्ध करके दिखाती है। भारतीय जनता पार्टी ने कहा था कि वह इस देश से धारा 370 को समाप्त करेगी और उसने जम्मू-कश्मीर को धारा 370 से मुक्त कर दिया। हम आज इसलिए यह बात कह रहे हैं क्योंकि एक समय ऐसा था जब कश्मीर के लाल चौक पर पाकिस्तान के झंडे लहराते थे और दिल्ली में बैठी सरकार मौन रहती थी। लेकिन आज बदलाव सबके सामने है। वर्ष 2014 में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बनी सरकार को जनता ने जो आशीर्वाद दिया, उसका परिणाम यह हुआ कि कश्मीर का लाल चौक आज तिरंगे से लहराता है और पाकिस्तान के झंडे कहीं दिखाई नहीं देते। लोग पूछते हैं कि भारत का गौरव कैसे बढ़ा? एक समय था जब कश्मीर की वादियों में युवाओं को स्टोन पेल्टर के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज कश्मीर का युवा रणजी विजेता के रूप में दिखाई देता है। हम चाहते हैं कि पंजाब भी अपना वही गौरव और वही शौर्य फिर से प्राप्त करे। पंजाब के खेल, पंजाब के खेत-खलिहान और पंजाब के वे खिलाड़ी, जिन्होंने पूरे विश्व में अपना नाम बनाया था, आज कहाँ खो गए हैं, इस पर विचार करने की आवश्यकता है। पंजाब के उद्योग कहाँ खो गए हैं, इसके लिए भी चिंता करने का समय आ गया है। इन सभी विषयों को लेकर जनता के बीच जाना है और इस संकल्प को दोहराना है कि यदि भाजपा की सरकार आती है, तो किसानों के खेत-खलिहानों में भी नया उत्साह लेकर आएगी। किसानों के खेत-खलिहानों को उन्नति प्रदान की जाएगी और पंजाब के उद्योगों को भी निश्चित रूप से उनके पुराने गौरव के साथ पुनः स्थापित किया जाएगा। 

श्री नितिन नवीन ने कहा कि हम आज यहाँ युवा साथियों से विशेष रूप से बात करना चाहते हैं। जिस प्रकार यहाँ की सरकार द्वारा इस राज्य को ड्रग्स के अभिशाप में जकड़ने का प्रयास किया जा रहा है, उससे युवाओं को सावधान रहने की आवश्यकता है। जीवन केवल एक बार मिलता है, इसलिए अपने जीवन को इस अभिशाप की भेंट न चढ़ने दें। इस अभिशाप को समाप्त करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हम सभी संकल्प लें कि पूरे पंजाब की एक-एक पंचायत, एक-एक गाँव और एक-एक कस्बे से ड्रग्स को समाप्त करेंगे, ताकि पंजाब का युवा अपनी वास्तविक उड़ान भर सके और अपनी सही पहचान के साथ आगे बढ़ सके। मैं आज सभी के बीच इस विश्वास के साथ आया हूं कि जिस पंजाब के गौरव और सम्मान का अब तक केवल राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग किया गया है, उसे भारतीय जनता पार्टी नई दिशा देगी। जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी 22 राज्यों में सरकार चलाते हुए विकास के नए मानक स्थापित कर रही है, उसी प्रकार हम पूरा विश्वास दिलाते हैं कि वर्ष 2047 तक पंजाब को विकसित पंजाब बनाकर दिखाया जाएगा, जहाँ हर घर में रोशनी होगी और हर घर में उज्ज्वला का प्रकाश होगा। पंजाब अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है और उन चुनौतियों के बीच संघर्ष कर रहा है। लेकिन हमें विश्वास है कि पंजाब के लोगों को संघर्ष और परिश्रम करने की आदत है। मुझे कुछ साथी बता रहे थे कि यहाँ की सरकार ने पंजाब को भारी कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। अभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी बता रहे थे कि 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लेकर पंजाब के लोगों को कर्ज के बोझ तले दबाने का प्रयास किया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी को विश्वास दिलाते हैं कि 4 लाख करोड़ रुपये का जो कर्ज लिया गया है, उसका एक-एक हिसाब भी लिया जाएगा। जब भाजपा की सरकार बनेगी, तब अपने राजस्व मॉडल और विकास मॉडल के माध्यम से पंजाब को इस कर्ज के बोझ से भी बाहर निकाला जाएगा तथा विकसित पंजाब बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। हम जानते हैं कि देश के कई राज्य भी कर्ज लेते हैं और कर्ज लेकर उसे चुकाने की एक प्रक्रिया होती है। उसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और राजस्व आधारित मॉडल होते हैं। लेकिन यहाँ की सरकार के पास ऐसा कोई इंफ्रास्ट्रक्चर या राजस्व मॉडल नहीं है। यह सरकार केवल एटीएम बनकर दिल्ली तक पैसा पहुँचाने का काम कर रही है। उसे इस बात की कोई चिंता नहीं है कि यहाँ का इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हो रहा है या नहीं, यहाँ नई-नई इंडस्ट्रियाँ आ रही हैं या नहीं, और यहाँ नए निवेश हो रहे हैं या नहीं। राज्य के मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर हम कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन हमें यह देखकर दुख होता है कि एक मुख्यमंत्री, जो राज्य का नेतृत्वकर्ता होता है, वह इस प्रकार से गुरुओं का अपमान करे। पंजाब की जनता इसे शायद बर्दाश्त नहीं करेगी और निश्चित रूप से अब इसका जवाब देने का समय आ गया है।

श्री नवीन ने कहा कि हम आज यह बात इसलिए कह रहे हैं क्योंकि पंजाब के लोगों ने हमेशा गुरुओं की परंपराओं और गुरुओं के सम्मान को सर्वोच्च स्थान दिया है। पंजाब के लोगों और इस प्रांत के नागरिकों ने हमेशा यह माना है कि उनके लिए अपने गुरुओं का सम्मान सबसे ऊपर है और उसके बाद राजनीति का स्थान है। धर्म की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ही राजनीति को आगे रखा जाता है। यदि आज इस प्रांत में इस प्रकार का व्यवहार हो रहा है, तो निश्चित रूप से पंजाब के लोगों के लिए खड़े होने और संघर्ष करने का समय आ गया है। सभी लोग मिलकर अपने पंजाब को उस कलंकित सरकार और उस अभिशाप वाली सरकार से मुक्त करें तथा विकसित पंजाब बनाने की दिशा में आगे बढ़ें। हमें ऐसा पंजाब चाहिए, जहाँ गुरु नानक की वाणी गूँजे, जहाँ गुरु गोबिंद सिंह जी का साहस दिखाई दे, जहाँ गुरु रविदास जी का समरस समाज दिखाई दे, जहाँ भगवान वाल्मीकि जी की मर्यादाएँ जीवित रहें और जहाँ बाबा जीवन सिंह जी का त्याग युवाओं के लिए प्रेरणा बने। ऐसा पंजाब बनाना है, जो अपने इतिहास पर गर्व करे और अपने पुरुषार्थ पर गर्व करे।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि हम आज अपने सभी कार्यकर्ताओं से यह आग्रह करने आए हैं कि राजनीति में किसी शॉर्टकट के लिए स्थान नहीं होता। राजनीति हमेशा दीर्घकालिक प्रयासों का क्षेत्र है। सभी को अपने समय और पुरुषार्थ का पूरा योगदान देना होगा। हर बूथ पर जाना होगा, हर घर पर दस्तक देनी होगी। पिछले 12 वर्षों में यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने जिस प्रकार सेवा भाव से कार्य किया है और पंजाब के लिए जो विकास योजनाएँ भेजी हैं, उन योजनाओं के प्रत्येक विषय को लेकर घर-घर जाना होगा। सरकार की कमियों को भी पंचायत स्तर से लेकर पूरे प्रांत के जिला मुख्यालयों तक उठाना होगा। प्रत्येक घर तक यह संदेश पहुँचाना होगा कि भारतीय जनता पार्टी को एक बार अवसर दिया जाए। जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी पूरे देश को विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है, उसी प्रकार पंजाब को भी विकसित प्रांत बनाकर दिखाया जाएगा। पाँच वर्ष का अवसर भारतीय जनता पार्टी को भी दिया जाना चाहिए। लोगों ने कई दलों को आजमाया है और कई लोगों को देखा है, अब एक बार भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास करना चाहिए।

श्री नितिन नवीन ने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा, तो वह विकास का कमल होगा और विश्वास का कमल होगा, जिसके माध्यम से हर घर में खुशहाली आएगी और हर घर में नया सवेरा आएगा। जिस प्रकार लोगों ने पंजाब को देखा है और जिस प्रकार पंजाब का गौरवशाली इतिहास रहा है, उसे पुनः स्थापित करने का समय आ गया है। जब वर्ष 2047 के विकसित भारत की बात पूरे देश में की जाती है, तब देश के अनेक राज्यों को डबल इंजन सरकार का लाभ मिल रहा है। लेकिन कहीं न कहीं पंजाब को जो लाभ दिए जा रहे हैं, वे जनता तक पूरी तरह नहीं पहुँच पा रहे हैं और इसका उन्हें मलाल है। हम चाहते हैं कि जनता को सभी योजनाओं का पूरा लाभ मिले और डबल इंजन सरकार के फायदे को पूरी तरह अनुभव कराया जा सके। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार पंजाब नया सवेरा लेकर आएगा और कमल पर विश्वास करके आगे बढ़ेगा। वर्ष 1980 में जब भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी, तब वर्ष 1984 में भाजपा के केवल दो सांसद थे। दो सांसदों से शुरू हुई यात्रा के बाद आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आज हमारे पास पंजाब में दो विधायक हैं और हम पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि यही दो विधायक आगे चलकर पंजाब में सरकार बनाने की दिशा में आधार बनेंगे। पूरी पार्टी एकजुट होकर एक दिशा में पंजाब के विकास और पंजाब के लोगों के नए सवेरे के लिए कार्य करेगी। लोग कहते हैं कि यहाँ बैठा हुआ नेतृत्व सक्षम है। हम मानते हैं कि हमारे सामने बैठे कार्यकर्ता उससे भी अधिक सक्षम हैं। यदि कार्यकर्ता अपनी पूरी ताकत लगा देंगे, तो पार्टी का पूरा नेतृत्व उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार है। श्री नवीन ने आह्वान किया कि सभी मिलकर संकल्प लें कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पंजाब को उसके वैभवशाली इतिहास की ओर पुनः ले जाने के लिए कार्य करेगा।